
मंडला(शोर सन्देश)। मोतीनाला थाना क्षेत्र अंतर्गत नक्सली पुलिस के बीच आमना-सामना हो गया। मिली जानकारी अनुसार मोतीनाला थाना क्षेत्र के जंगलों में नक्सली आहट की जानकारी मिलने पर शनिवार 6 जून को खुदराही नेवसा के जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच आमना-सामना हो गया। पुलिस ने फायरिंग की, लेकिन नक्सली घने जंगलो की ओर भाग निकले पुलिस ने कुछ समान बरामद किया है जिसमें नक्सलियों की संख्या तीन बताई गई। तो वहीं रविवार 7 जून को ग्राम टटमा के जंगलों में फिर एक बार पुलिस और नक्सलियों की मुड-भेड़ हुई जिसमें नक्सलियों की संख्या 2 से 11 बताई जा रही है। नक्सली घने जंगलों की ओर भाग निकले पुलिस लगातार जंगल में सर्चिंग कर रही है। मवई, मोतीनाला थाना क्षेत्र को हाई अलर्ट किया गया है। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने दोनो दिनों की घटना की पुष्टि करते हुए शीघ्र सम्पूर्ण जानकारी देने की बात कहीं है। पुलिस अधीक्षक ने खुद मोर्चा संभालते हुए मण्डला और बालाघाट जिले की पुलिस फोर्स और एंटी नक्सल हॉक फोर्स से चर्चा करते हुए एक्सन प्लान तैयार किया है। पुलिस अधीक्षक लगातार दिशा-निर्देश जारी कर रहे हैं।

दिल्ली (शोर सन्देश)। दुनिया में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 70 लाख को पार कर गया है और अब तक 4 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार सुबह तक दुनियाभर में कुल कोरोना मरीजों का आंकड़ा 70 लाख 6 हजार 436 रहा, जिसमें से 4 लाख 2 हजार 699 लोगों की मौत हो चुकी है।
दुनिया भर में कोरोना से अब तक 31 लाख 40 हजार 718 लोग ठीक हो चुके हैं। कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित अमेरिका है. यहां अब तक 19 लाख 42 हजार 363 केस सामने आ चुके हैं, जिसमें 1 लाख 10 हजार 513 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 5 लाख 6 हजार 367 लोग ठीक हो चुके हैं। अमेरिका में कुछ दिनों से नए मरीजों के आने का सिलसिला थमा है।

दिल्ली (शोर सन्देश)। देश के कई हिस्सों में धार्मिक स्थल, मॉल और रेस्त्रां आज से खोले जा रहे हैं। लेकिन हर राज्य ने अपनी-अपनी गाइडलाइन जारी की है. महाराष्ट्र और झारखंड में धार्मिक स्थल और मॉल फिलहाल बंद रहेंगे। जम्मू-कश्मीर में भी धार्मिल स्थल नहीं खोले जा रहे हैं। हरियाणा के गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी मॉल बंद रहेंगे।
आज से देश के कई हिस्सों में होटलों, रेस्त्राओं, और शॉपिंग मॉल को खोलने की अनुमति दे दी गई है। वहीं 60 से ज्यादा दिनों के बाद श्रद्धालु एक बार फिर धार्मिक स्थल में दर्शन कर सकेंगे. तमाम धार्मिक स्थलों को आज से खोलने की इजाजत दी गई है, लेकिन ये छूट सख्त नियमों के तहत है. सरकार ने स्पष्ट गाइलाइन जारी कर दी है।उत्तर प्रदेश में कंटेनमेंट जोन को छोड़कर धर्मस्थल खोले जाएंगे, हालांकि प्रतिमा या धार्मिक ग्रन्थों को स्पर्श नहीं करना होगा. उज्जैन का महाकाल मंदिर खोल दिया गया है. हरिद्वार में श्रद्धालु हर की पैड़ी में स्नान कर सकेंगे. राजधानी दिल्ली में ज्यादातर धार्मिक स्थल खुल गए हैं।
अहमदाबाद में मंदिर खोले गए हैं। वहीं सोमनाथ मंदिर में आज सिर्फ स्थानीय लोग ही दर्शन कर सकेंगे. बनासकांठा का अंबाजी मंदिर 12 जून से खोला जाएगा, यहां शिफ्ट में श्रद्धालु दर्शन कर सकते हैं, लेकिन ये छूट अभी देश में हर जगह नहीं है. कुछ जगह धीरे-धीरे रियायत देने का फैसला लिया गया

दिल्ली (शोर सन्देश)। कोरोना के प्रसार में कमी लाने के लिए देश में लॉकडाउन की घोषणा की गई थी. जून महीने से लॉकडाउन को खोलने की योजना पर काम चल रहा है। लेकिन हाल के दिनों में कोरोना के मामले और भी तेजी से बढ़ रहे हैं. रविवार के आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 2,46,628 हो गई है। हालांकि 1,19,293 मरीज उपचार के बाद ठीक होकर घर लौट चुके हैं। भारत में रविवार सुबह तक कोरोना वायरस के कारण 6,929 मरीजों ने दम तोड़ दिया है. भारत इटली को पीछे छोड़कर कोरोना वायरस वैश्विक महामारी से सबसे बुरी तरह से प्रभावित दुनिया का छठा देश बन गया है। अमेरिका की जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालयों के आंकड़ों के मुताबिक, अमेरिका, ब्राजील, रूस, स्पेन और ब्रिटेन के बाद कोरोना वायरस से सर्वाधिक प्रभावित देशों की सूची में भारत अब छठे स्थान पर आ गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में 1,20,406 संक्रमित मरीजों का उपचार चल रहा है जबकि 1,19,293 लोग स्वस्थ हो चुके हैं और एक मरीज देश से बाहर जा चुका है।

मुंबई (शोर सन्देश)। बॉलीवुड फिल्मकार अनिल सूरी उम्र 77 वर्ष का कोरोना वायरस संक्रमण से निधन हो गया।
अनिल सूरी के निधन की पुष्टि उनके भाई राजीव सूरी ने की। अनिल सूरी ने अपने फिल्मी करियर मे कर्मयोगी और राज तिलक जैसी सुपर हिट और यादगार फिल्मों का निर्देशन किया। फिल्म कर्मयोगी में राज कुमार, जीतेंद्र, रेखा, माला सिन्हा और रीना राय ने काम किया था। राजकुमार ने फिल्म में दोहरी भूमिका निभायी थी। वहीं मल्टीस्टारर राज तिलक में सुनील दत्त, राज कुमार, हेमा मालिनी, धर्मेद्र, रीना रॉय, सारिका, कमल हासन, प्राण और अजित जैसे कई सितारों ने काम किया था।
राजीव सूरी ने बताया कि उनके भाई अनिल सूरी की तबीयत ज्यादा बिगडऩे पर उन्हें पहले लीलावती, फिर हिंदुजा अस्पताल ले जाया गया। लेकिन दोनों चिकित्सा संस्थानों में उन्हें बेड देने से मना किया गया। इसके बाद अनिल को आखिर में एडवांस मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल ले गया, जहां उनका निधन हो गया।

नई दिल्ली (शोर सन्देश)। दुनिया के मोस्ट वॉन्टेड अंडरवल्र्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की कोरोना की वजह से मौत की अटकलें तेज हो गई हैं। अभी तक इस बात की पुष्टि तो नहीं हो सकी है, लेकिन सोशल मीडिया पर अंडरवल्र्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की मौत की खबरें तेजी से वायरल हो रही हैं। शुक्रवार को दाऊद इब्राहित और उसकी पत्नी महजबीन में कोरोना की पुष्टि हुई थी। कोरोना की पुष्टि होने के बाद दोनों को कराची के एक मिलिट्री हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।
पाकिस्तान में कोरोना वायरस के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इसी बीच खबर आई थी कराची में छुपकर रह रहे अंडरवल्र्ड डॉन दाऊद इब्राहिम और उसकी पत्नी महजबीन को कोरोना हो गया है और दोनों को कराची के मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि दाऊद के भाई अनीस इब्राहिम ने इन खबरों को खारिज कर दिया था। असीन ने दावा किया है कि उनका भाई और परिवार के सभी सदस्य पूरी तरह से स्वस्थ्य है। अनीस इब्राहिम ही दाऊद की डी कंपनी को अब चला रहा है।
हालांकि सोशल मीडिया पर अब दाऊद की कोरोना से मौत की खबर भी आने लगी है। अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबरों में कितनी सच्चाई है।
कौन है दाऊद इब्राहिम....
दाऊद भारत का सबसे बड़ा दुश्मन है। दाऊद 1993 में हुए मुंबई बम धमाके का मास्टरमाइंड है और अंडरवल्र्ड डॉन है। अंडरवल्र्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के बारे में सारी दुनिया जानती है। लेकिन उनके परिवार के बारे में बहुत कम लोगों को मालूम है। क्योंकि उसने परिवार को हमेशा लोगों की नजरों से दूर रखा। दाऊद की पत्नी का नाम महजबीन उर्फ जुबीना जरीन है। दाऊद और जुबीना के चार बच्चे हैं। तीन बेटियां माहरुख, माहरीन और मारिया, वहीं एक बेटा है जिसका नाम मोइन है।

दिल्ली/ रायपुर (शोर सन्देश)। देश में कोरोना के मामलों में जबरदस्त उछाल आया है. पिछले 24 घंटे में करीब 10 हजार नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी अपडेट के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 9 हजार 851 नए मामलों की पुष्टि हुई है और 273 लोगों की मौत हुई है. पिछले 24 घंटे में ही 5 हजार 355 लोग ठीक भी हुए हैं।
अब देश में कुल मरीजों की संख्या 2 लाख 26 हजार 770 है, जिसमें 6 हजार 348 लोगों की मौत हो चुकी है. राहत की बात है कि कोरोना से ठीक होने वालों का आंकड़ा बढ़ रहा है. अब तक करीब 50 फीसदी यानी 1 लाख 9 हजार 462 लोग ठीक हो चुके हैं। अभी देश में 1 लाख 10 हजार 960 एक्टिव केस हैं।
वहीं, महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे के अंदर 123 लोगों की मौत हुई है, जो अब तक का सबसे बड़ा उछाल है. वहीं एक दिन पहले 122 लोगों ने कोरोना से अपनी जान गंवाई थी। राज्य में अबतक 2710 लोगों की मौत कोरोना की वजह से हो चुकी हैं. वहीं 24 घंटे के अंदर करीब 3 हजार नए केस सामने आए हैं और मरीजों का आंकड़ा 77793 तक पहुंच गया है।
छत्तीसगढ़ में दिनभर में कुल 53 कोरोना पॉजिटिव मामले मिले हैं। इसी तरह यह आकड़ा 93 के करीब पहुँच गया। इस तरह राज्य में अभी एक्टिव मरीजों की संख्या 565 हो गई है। इसके साथ ही आज अस्पतालों से 17 कोरोना मरीजों को छुट्टी भी मिली है। आज दो छोटे जिलों से बड़ी संख्या में मरीज मिले। महासमुंद और जशपुर से 19-19, बिलासपुर से 17, जांजगीर-चांपा से 9, रायपुर व नांदगांव से 6-6, रायगढ़ से 5, कबीरधाम से 4, बलौदाबाजार व गरियाबंद से 3-3, सूरजपुर से दो। स्वास्थ्य विभाग से मिली इस जानकारी के मुताबिक राज्य में अभी 50 हजार से अधिक व्यक्ति होम क्वॉरंटीन हैं, और करीब सवा दो लाख लोग सरकारी क्वॉरंटीन व्यवस्था में रखे गए हैं। आज बिलासपुर में मिले 17 पॉजिटिव मरीजों में सिम्स को दो जूनियर डॉक्टर भी शामिल हैं।

दिल्ली (शोर सन्देश )। भारत और चीन के बीच पिछले एक महीने से लद्दाख इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। इस मसले को निपटाने के लिए दोनों देशों के बीच बातचीत चल रही है। लेकिन, भारत किसी भी तरह की कोई ढील नहीं छोड़ना चाहता है इसलिए हर तरह की स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। लद्दाख के पास लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (LAC) के पास भारत ने हवाई पट्टी का निर्माण तेज़ किया है, इसके अलावा बोफोर्स आर्टिलरी की तैनाती भी की जा रही है।
यहां अनंतनाग के पास NH-44 पर इमरजेंसी हवाई पट्टी का निर्माण किया जा रहा है. ताकि किसी भी इमरजेंसी की स्थिति में लड़ाकू विमानों या अन्य विमानों को उतारा जा सके।
गौरतलब है कि LAC के पास चीन ने भी कई तरह का निर्माण कर लिया है और कई तरह के हथियारों की सप्लाई बढ़ा दी है। दूसरी ओर भारत की ओर से करीब 60 बोफोर्स आर्टिलरी गन को लद्दाख के पास फॉरवर्ड पॉजिशन पर भेजा जा रहा है. भारतीय सेना की ओर से कहा गया है कि वह चीन के साथ ताजा विवाद को सुलझाना चाहते हैं, लेकिन किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए भी तैयार हैं।
.jpg)
दिल्ली (शोर सन्देश)। इतिहास में हर दिन किसी न किसी अहम घटना से जुड़ा होता है. चार जून एक ऐसी तारीख है, जिस दिन कई बड़ी घटनाओं ने देश और दुनिया पर अपनी छाप छोड़ी. ऐसी ही एक घटना चार जून 1989 को चीन की राजधानी बीजिंग में घटी, जहां चीन की सेना ने शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे निहत्थे नागरिकों पर बंदूकों और टैंकों से कार्रवाई की, जिसमें बड़ी संख्या में लोग मारे गए. इसे `थ्येनआनमन स्क्वायर नरसंहार` के तौर पर जाना जाता है.
इसके अलावा चार जून 2001 की एक और बड़ी घटना वह हुई जब ज्ञानेंद्र वीर बिक्रम शाह ने नेपाल की राज सत्ता संभाली. महाराजा ज्ञानेंद्र अब तक के इतिहास में दुनिया के अंतिम हिन्दू सम्राट के तौर पर दर्ज है.
हालांकि वह कुछ साल ही नेपाल के सम्राट के पद पर रह पाए क्योंकि एक बड़े आंदोलन के बाद उन्हें सत्ता से बेदखल कर दिया गया. देश दुनिया के इतिहास में चार जून की तारीख पर दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है.
1896 में हेनरी फोर्ड ने अमेरिका के डेट्रॉइट शहर में आज ही अपना पहला मॉडल परीक्षण के लिए उतारा था.
1919 में अमेरिकी नौसेना ने कोस्टारिका पर हमला किया था.
1928 में आज के ही दिन चीन के राष्ट्रपति हांग जोलिन की जापानी एजेंट ने हत्या कर दी थी.
1929 में जॉर्ज ईस्टमेन ने पहली रंगीन फिल्म का नमूना पेश किया था.
1936 में हिंदी सिनेमा की जानी मानी अभिनेत्री नूतन का जन्म भी आज के ही दिन हुआ था. उन्हें बंदिनी, सुजाता, अनाड़ी सहित अनेक फिल्मों में उनकी सदाबहार अदाकारी के लिए जाना जाता है.
1940 में द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जर्मनी की सेना ने फ्रांस की राजधानी पेरिस में प्रवेश किया.
1944 में अमेरिकी सेना ने द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान रोम में प्रवेश किया.
1958 में तीन सदस्यीय पर्वतारोही दल ने गढ़वाल पर्वत श्रृंखला में स्थित 7011 मीटर ऊंचे त्रिशूल पर्वत शिखर को फतह किया.
1959 में सी राजगोपालाचारी ने स्वतंत्र पार्टी बनाने की घोषणा 4 जून को ही की थी.
1964 में मालदीव ने संविधान का निर्माण किया था.
1970 में ब्रिटेन से अलग होकर टोंगा एक स्वतंत्र देश बना था.
1975 में अमेरिकी अभिनेत्री एंजेलिना जोली का जन्म हुआ था.
1982 में इस्राइल ने दक्षिण लेबनान पर हमला किया था.
1989 में चीन की राजधानी बीजिंग में थ्येनआनमन चौक पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे नागरिकों पर सैन्य कार्रवाई.
1991 में द्वितीय विश्व युद्ध के बाद पहली गैर साम्यवादी सरकार यूरोपीय देश अल्बानिया में बनी.
1997 में दूरसंचार उपग्रह 2डी अंतरिक्ष की कक्षा में पहुंचा.
2001 में नेपाल नरेश दीपेन्द्र का अस्पताल में निधन हो गया. वीर बिक्रम शाह ने नेपाल के सम्राट का पद संभाला।
2003 में डोमिनिक गणराज्य की 18 वर्षीय सुंदरी एमीलिया वेगा मिस यूनिवर्स-2003 बनीं.
2006 में यूगोस्लाविया के पूर्व गणराज्य मोंटेनेग्रो ने स्वतंत्रता की घोषणा की.
2015 में घाना में एक पेट्रोल पंप पर लगी आग में 200 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी.

चक्रवाती तूफान निसर्ग ने रफ्तार पकड़ ली है। दोपहर में यह माहाराष्ट्र के पालघर और मुंबई में समुद्र तट से टकरा सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवाती तूफान के हवा की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच चुकी है। समुद्र तट से टकराने के दौरान हवा की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। मौसम विभाग ने मुंबई में हाई टाइड के आने की संभावना जताई है। निसर्ग तूफान के दौरान 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की तूफानी हवाएं और समंदर में उठने वाली 6 फीट ऊंची लहरें मुंबई को फिर से पानी-पानी कर सकती हैं. इधर, तूफान से पहले गुजरात और महाराष्ट्र के कई जिलों में बारिश शुरू हो गई है।
चक्रवात से निपटने के लिए एनडीआरएफ की 20 टीमें तैनात की गई हैं। इसमें मुंबई में 8 टीमें, रायगढ़ में 5 टीमें, पालघर में 2 टीमें, थाने में 2 टीमें, रत्नागिरी में 2 टीमें और सिंधूदुर्ग में 1 टीम की तैनाती है. दो हफ्ते में देश को दूसरे समुद्री तूफान का सामना करना पड़ रहा है. पहले अम्फान ने पश्चिम बंगाल और ओडिशा में तबाही मचाई थी. इसके दोपहर तक अलीबाग में तट से टकराने की उम्मीद है।
गुजरात में चक्रवाती तूफान निसर्ग से निपटने की तैयारियों के बीच, वलसाड और नवसारी जिला प्रशासनों ने राज्य के तटीय क्षेत्रों में स्थित 47 गांवों से करीब 20 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने मंगलवार को संकेत दिया कि हो सकता है कि चक्रवाती तूफान गुजरात तट पर न पहुंचे. हालांकि इसका प्रभाव तटीय क्षेत्रों में तेज हवाओं और भारी बारिश के रूप में सामने आ सकता है