
रायपुर (शोर संदेश)। राजधानी रायपुर से बड़ी खबर आ रही है। यहां सीआरपीएफ की सस्पेशल ट्रेन में धमाका हो गया, जिसमे 4 जवान घायल हो गए हैं। यह धमाका तब हुआ जब इग्नाइटर से भरा बक्सा एक बोगी की फर्श पर गिर गया। घटना के बारे में जानकारी देते हुए रायपुर एसपी प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि शनिवार की सुबह 6:30 बजे झारसुगुड़ा से जम्मू तवी जा रही सीआरपीएफ की स्पेशल ट्रेन प्लेटफार्म नंबर दो पर खड़ी थी। जिसमें तीन कंपनी की शिफ़्टिंग हो रही थी। सामान लोडिंग के दौरान इगनाइटर सेट और एसडी कार्ट्रिज जो की ट्यूब लॉन्चिंग में यूज होता है, का एक बॉक्स लोडिंग के दौरान ट्रेन की बोगी नम्बर 9 के गेट के पास हाथ से छूट गया। इससे छोटा ब्लास्ट हुआ। ब्लास्ट की चपेट में 4 जवान आए, जिनमे से एक हेड कांस्टेबल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शेष घायल जवानों को फर्स्ट एड देकर ट्रेन के साथ रवाना किया गया।

जशपुर (शोर संदेश)। पत्थलगांव में दुर्गा विसर्जन की झांकी देख रहे लोगों को तेज रफ़्तार कार ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक की मौत हो गई है, जबकि सोलह की स्थिति गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद भड़की भीड़ ने मौक़े पर वीडियो बना रहे सिपाही की पिटाई कर दी। हादसे का कारण बनी कार को जला दिया गया है जबकि कार सवारों को भी भीड़ ने पीटा है। हादसा पत्थलगांव रायगढ़ रोड पर हुआ जबकि दुर्गा विसर्जन के लिए झांकियाँ जा रही थीं। रायगढ़ दिशा से आ रही तेज रफ़्तार कार ने नियंत्रण खो दिया और झांकी देख रहे और झांकी में शामिल लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।एक की मौत हुई है,जबकि सोलह की स्थिति गंभीर है जिन्हें पत्थलगांव अस्पताल में लाया गया है। बेक़ाबू भीड़ के आक्रोश को देखते हुए पत्थलगांव में अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया जा रहा है। वहीं कप्तान विजय अग्रवाल और कलेक्टर रितेश अग्रवाल मौक़े पर पहुँच गए हैं।

रायगढ़ (शोर संदेश)। समीपस्थ जिले जशपुर के पत्थलगांव में दुर्गा विसर्जन के लिए जा रही भीड़ के बीचों बीच एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन घुस गया और कई लोगो को रौंदते हुए आगे बढ़ गया। इस दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 10 से 15 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में 3 की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। जिन्हे रायगढ़ रिफर किया जा गया है। दुर्घटना पथलगांव के बाजार पारा में घटित हुई। दुर्घटना के बाद पूरे शहर में अफरा-तफरी का माहौल है। पत्थलगाँव एसडीओपी ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाली चारपहिया का पीछा पुलिस टीम कर रही है। ह्रदय विदारक दुर्घटना में लेकिन कितने लोगों की मौत हुई अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।

मुंबई (शोर संदेश)। मुंबई से गोवा जाने वाले क्रूज शिप में चलने वाली ड्रग पार्टी का हिस्सा होने के कारण एनसीबी ने आर्यन खान को हिरासत में लिया था। इस केस में शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान पिछले 7 दिनों से एनसीबी की गिरफ्त में ही हैं। वहीं, अब आज उनकी जमानत के मामले में मुंबई कोर्ट में सुनवाई चल रही है। इधर एनसीबी ने आर्यन खान को हिरासत से ऑर्थर रोड जेल भेज दिया है। कोर्ट में आर्यन खान की जमानत के केस की सुनवाई चल रही है। आर्यन खान और बाकी 8 आरोपी अभी भी न्यायिक हिरासत में हैं, इसलिए उन्हें एनसीबी द्वारा जेल ले जाया गया है। आर्यन खान की जमानत याचिका पर कोर्ट में सुनवाई शुरू हो गई है। एनसीबी ने जमानत याचिका का जवाब दाखिल कर दी है। नूपुर की जमानत याचिका हुई दायर आरोपी नूपुर की जमानत की याचिका उसके वकील ने सेशन कोर्ट में दायर कर दी है. एनसीबी ने नूपुर को ड्रग केस में गिरफ्तार किया था।
वहीं, कोरियोग्राफर और डायरेक्टर फराह खान ने आर्यन खान की रिहाई के लिए दुआ की है। आज आर्यन की मां गौरी खान का जन्मदिन है। ऐसे में फराह ने उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए दुआ की है कि आर्यन जल्द रिहा होकर घर आएं और गौरी को उनका बेस्ट बर्थडे गिफ्ट मिले।

कवर्धा (शोर संदेश)। छत्तीसगढ़ के कवर्धा विवाद मामले में सियासी बवाल के बाद कवर्धा पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर राजनांदगांव सांसद और पूर्व सांसद समेत 14 लोगों के नाम एफआईआर में जोड़े है। वहीं भाजपा आज राजधानी रायपुर में इस मामले को लेकर राजभवन कूच की तैयारी कर चूका है। जानकारी के मुताबिक कवर्धा पुलिस ने कुछ वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय और पूर्व सांसद अभिषेक सिंह के साथ 14 नए नाम जोड़ एफआईआर में जोड़ दिया है।
जोड़े गए नामों में राजनांदगांव लोकसभा के सांसद संतोष पांडेय, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व विधायक मोतीराम चंद्रवंशी, भाजपा प्रदेश मंत्री विजय शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष पीयूष ठाकुर, विहिप जिला प्रमुख नंदलाल चंद्राकर, अशोक साहू, कैलाश चंद्रवंशी, राजेन्द्र चंद्रवंशी, पन्ना चंद्रवंशी, उमंग पांडेय, राहुल चौरसिया, भुनेश्वर चंद्राकर के नाम शामिल है। ये तमाम नाम जिले में भाजपा के प्रथम पंक्ति के नेताओं में शुमार हैं। गौरतलब है कि इससे पहले तक मामले में 59 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। इन पर धारा 109, 147, 148, 149, 153 क, 188, 295, 332, 353 भादवि के अलावा लोक संपत्ति की क्षति की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दिल्ली की 3 लड़कियों समेत 13 हिरासत में
मुंबई (शोर संदेश)। मुंबई से गोवा जा रहे जहाज में चल रही रेव पार्टी में बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बेटे का नाम भी सामने आया है। खबर है कि एनसीबी की छापेमारी के दौरान बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान का बेटा आर्यन भी हिरासत में लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अधिकारी आर्यन से भी पूछताछ कर रहे हैं। इसमें 13 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिसमें दिल्ली की तीन महिलाएं भी शामिल हैं। एनसीबी की छापेमारी के दौरान जहाज से कोकीन के अलावा अन्य तीन तरह के ड्रग्स भी बरामद हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान शाहरुख खान के बेटे आर्यन का कहना है कि उसने पार्टी में शामिल होने के लिए किसी भी तरह का भुगतान नहीं किया था, गेस्ट के तौर पर उसे पार्टी में बुलाया गया था।
आर्यन का मोबाइल खंगाल रही एनसीबी
सूत्रों के मुताबिक, आर्यन ने दावा किया है कि पार्टी में उनके नाम पर कई लोगों को बुलाया गया था। पार्टी में क्या होने वाला था इसकी जानकारी उसे नहीं थी। हालांकि, एनसीबी के अधिकारियों ने शाहरुख के बेट आर्यन का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उनके चैट्स खंगाले जा रहे हैं, जिससे रेव पार्टी में आर्यन की भूमिका साफ हो सके।
600 हाई प्रोफाइल लोग कर रहे थे पार्टी
बताया जा रहा है कि एनसीबी ने जब जहाज पर छापेमारी की तब उस पर करीब 600 हाईप्रोफाइल लोग सवार थे। सभी लोग पार्टी में शामिल होने के लिए जहाज में सवार हुए थे। पार्टी में शामिल होने के लिए टिकट की कीमत 80 हजार से लेकर दो लाख रुपये तक थी।
दिल्ली की रहने वाली हैं तीनों महिलाएं
एनसीबी की छापेमारी में रेव पार्टी से हिरासत में ली गई तीनों महिलाएं दिल्ली की रहने वाली हैं। सूत्रों के मुताबिक तीनों महिलाओं को रविवार को मुंबई स्थित एनसीबी ऑफिस लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
एनसीबी ने पार्टी के आयोजक को भेजा समन
एनसीबी की ओर से पार्टी के आयोजक को समन भेजा गया है। उन्हें रविवार को ही मुंबई स्थित एनसीबी कार्यालय में तलब किया गया है। माना जा रहा है कि आयोजक से एनसीबी की पूछताछ में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। खबर के मुताबिक, सात घंटे तक चली छापेमारी में एनसीबी को चार तरह के ड्रग्स कोकीन, हशीश, एमडीएमए व मेफेड्रीन बरामद हुए हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।
गुप्त सूचना के बाद ऐसे बनाया छापेमारी का प्लान
जोनल अधिकारी समीर वानखेड़े ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। वह टीम के साथ क्रूज पर सवार हो गए थे। बीच समुद्र में जब क्रूज पहुंचा तो पार्टी शुरू हो गई और इसी के साथ एनसीबी भी सक्रिय हो गई।
बताया जा रहा है कि पार्टी शुरू होते ही एनसीबी टीम ने ऑपरेशन शुरू कर दिया। टीम ने आरोपियों को रंगे हाथों ही पकड़ लिया। एनसीबी ने पहली बार किसी क्रूज पर छापेमारी कर ऐसी कार्रवाई की है। कहा ये भी जा रहा है कि क्रूज की ओपनिंग हाल ही में हुई थी और कुछ सितारों ने भी इस पार्टी में परफॉर्म किया।
72 घंटे में ये सब होना था पार्टी में
एनसीबी की ओर से जिस शिप में छापेमारी की गई, उसमें बॉलीवुड, फैशन व बिजनेस इंडस्ट्री से जुड़े लोग शामिल थे। सूत्रों के मुताबिक शनिवार को यह जहाज रवाना होना था। फैशन टीवी की ओर से यह पूल पार्टी आयोजित की गई थी। पहले दिन क्रूज पर मियामी स्थित डीजे स्टेन कोलेव के साथ डीजे बुल्जआई, ब्राउनकोट व दीपेश शर्मा की परफॉर्मेंस होनी थी। आइवरी कोस्ट के डीजे राउल के डीजी कोहरा और मोरक्कन कलाकार कायजा के साथ भी एक परफॉर्मेंस होनी थी। इसके बाद शैंपेन ऑल ब्लैक पार्टी भी होनी थी। यह जहाज चार अक्तूबर को सुबह दस बजे मुंबई लौटना था।

मोतिहारी (शोर संदेश)। बिहार के मोतिहारी से बड़ी खबर आ रही है। यहां नाव पलटने से करीब 22 लोग डूब गए हैं। अब तक 6 लोगों के शव बरामद हुए है, बाकियों की तलाश जारी है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यहां सिकरहना नदी में चिरैया प्रखंड क्षेत्र में नाव पलटने से 22 लोग डूब गए हैं। यह घटना चिरैया प्रखंड क्षेत्र के शिकारगंज थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौजूद है और गोताखोरों की मदद से नदी में डूबे लोगों की तलाश की जा रही है। हालांकि इस पर अभी तक प्रशासन की ओर से कोई बयान नहीं आया है। वहीं घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है। कहा जा रहा है कि सभी लोग नाव में बैठकर मवेशियों के लिए चारा काटने जा रहे थे। सरेह जाते वक्त यह बड़ा हादसा हुआ।

रायपुर (शोर संदेश) छत्तीसगढ़ से विदा होने से पहले मानसून मेहरबान हो रहा है। सूबे के कई इलाकों में अच्छी बारिश हो रही है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक, बस्तर संभाग में 26 से 28 सितंबर तक भारी बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में चक्रीय चक्रवाती घेरे का असर रहेगा। इस वजह से कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, विदर्भ, मराठवाड़ा, दक्षिण पूर्व राजस्थान, उत्तरी कोंकण और गोवा, गुजरात के कुछ हिस्सों, पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। बिहार, छत्तीसगढ़ , उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान के बाकि हिस्सों, सौराष्ट्र और कच्छ, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

छत्तीसगढ़ में सिर्फ चार जिलों में सामान्य से कम बारिश
मौसम विज्ञान से मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश में केवल 4 जिले ऐसे हैं, जहां सामान्य से कम बारिश हुई है। इनमें जशपुर, कांकेर, रायगढ़ और सरगुजा है शामिल है। सरगुजा में 24, जशपुर और कांकेर में 22-22 व रायगढ़ में 21 फीसदी कम बारिश हुई है। रायपुर में औसत 1011.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। कुछ जिलों में औसत से आठ फीसदी तक ज्यादा बारिश हुई है। बिलासपुर, पेंड्रारोड, राजनांदगांव में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री तक ज्यादा है। वहीं रात का तापमान भी विभिन्न जिलों में औसत से 1 डिग्री कम और दो डिग्री तक ज्यादा रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में जैजैपुर में 4, मैनपाट, पामगढ़, मालखरौदा और मनोरा में 3-3 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। घरघोड़ा, सरायपाली, शिवरीनारायण, जांजगीर, डभरा 2, पलारी, सारंगढ़, सक्ती, छिंदगढ़, राजिम, कोरबा, मस्तूरी, पिथौरा, धरमजयगढ़, बसना, आरंग और कसडोल में 1-1 सेमी बारिश रिकार्ड की गई है।

रायपुर (शोर संदेश)। निरीक्षक से डीएसपी के पदों पर प्रमोट हुए 4 रक्षित निरीक्षकों को पुलिस महानिदेशक डीएम अवस्थी ने अब नई जिम्मेदारी दी है। डीएसपी पदों पर प्रमोट हुए अफसरों को जिम्मेदारी देने के साथ रिक्त स्थानों पर नए निरीक्षकों को पदस्थ किया है। सोमवार को डीजीपी अवस्थी ने चार रक्षित निरीक्षकों को नई जिम्मेदारी दी है। रायपुर पुलिस लाइन की जिम्मेदारी डीजीपी अवस्थी ने वैभव मिश्रा को दी है। रायपुर के अलावा दुर्ग, कोरबा व जांजगीर में नए रक्षित निरीक्षक को नियुक्ति किया गया है। दुर्ग की जिम्मेदारी रमेश चंद्रा को, कोरबा की जिम्मेदारी अनथ राम पैकरा को और जांजगीर की जिम्मेदारी प्रदीप जोशी को दी है।

लखनऊ (शोर संदेश)। माल एवं सेवा कर (जीएसटी) परिषद ने शुक्रवार को कोविड-19 के इलाज में काम आने वाली दवाओं पर रियायती कर की दरें दिसंबर तक जारी रखने और कैंसर दवाओं पर कर में कमी करने का निर्णय किया। लेकिन पेट्रोल और डीजल को फिलहाल जीएसटी कर व्यवस्था के दायरे से बाहर ही रखने का फैसला किया।
परिषद ने इसके साथ ही मांसपेशियों के उत्तकों के क्षरण (मस्कुलर एट्रोफी) में उपयोगी आयातित महंगी दवाओं पर जीएसटी से छूट दी है।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता वाली जीएसटी परिषद में सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि शामिल हैं। परिषद ने फोन और ऑनलाइन माध्यम से आर्डर लेने वाले मंचों के जरिये आर्डर लेकर खाना पहुंचाने वाले रसोई (क्लाउड किचन) और स्विगी तथा जोमैटो जैसी खाना डिलिवरी से जुड़े ई-वाणिज्य मंचों की सेवाओं पर 5 प्रतिशत जीएसटी लगाने का निर्णय किया है। इसके तहत, एक जनवरी 2022 से खाना डिलिवरी वाले ऐप को 5 प्रतिशत जीएसटी संग्रह कर उसे रेस्तरां के बजाए सरकार को देना होगा। यह कर खाने की डिलिवरी पर लगाया गया है। इससे ग्राहकों पर कोई अतिरिक्त कर का बोझ नहीं पड़ेगा। जीएसटी परिषद की बैठक के बाद सीतारमण ने कहा, ‘‘स्विगी जैसे खाना आपूर्ति से जुड़े परिचालकों (रेस्तरां से लेकर खाना ग्राहक तक पहुंचाने) को उस जगह से कर लेना होगा, जहां वे खाना की डिलिवरी करेंगे।’’ राजस्व सचिव तरूण बजाज ने कहा, ‘‘यह कोई अतिरिक्त कर नहीं है। कोई नया कर नहीं लगाया गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अभी कर का भुगतान रेस्तरां करते हैं। अब रेस्तरां के बजाए कर का भुगतान खाना डिलिवरी से जुड़े परिचालक करेंगे। इससे राजस्व में होने वाले नुकसान पर रोक लगेगी।’’
बैठक के बाद जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक किसी भी तरह के मोटर वाहन से यात्री परिवहन करने वाले ई- वाणिज्य परिचालकों की सेवाओं पर और इसके साथ ही कुछ अपवादों को छोड़कर इनके द्वारा दी जाने वाली रेस्त्रां सेवाओं को एक जनवरी 2022 से कर के दायरे में लाने का निर्णय किया गया है।
इसके अलावा यह भी निर्णय किया गया है कि राज्यों को जीएसटी लागू होने से राजस्व में कमी की क्षतिपूर्ति की व्यवस्था अगले साल जून से समाप्त हो जाएगी।
इसके अलावा, कोविड-19 के इलाज में उपयोगी फैवीपिरावीर पर 31 दिसंबर तक 5 प्रतिशत की घटी दर से शुल्क लगता रहेगा। हालांकि, चिकित्सा उपकरण पर रियायती कर की व्यवस्था 30 सितंबर को समाप्त हो जाएगी। परिषद ने पेट्रोल और डीजल को फिलहाल जीएसटी के दायरे में नहीं लाने का फैसला किया है। इसकी वजह यह बताई गई है कि मौजूदा उत्पाद शुल्क और वैट (मूल्य वर्धित कर) को समाहित कर दिये जाने से राजस्व पर असर पड़ेगा।
पेट्रोल और डीजल को जीएसटी के दायरे में रखने से ईंधन की कीमतों कमी आएगी।
हालांकि, राज्यों की क्षतिपूर्ति के लिये आरामदायक और समाज के नजरिये से अहितकर वस्तुओं पर जीएसटी के ऊपर लगने वाला उपकर मार्च 2026 तक जारी रहेगा।
सीतारमण ने कहा कि परिषद ने इस मुद्दे पर केवल इसीलिए चर्चा की क्योंकि केरल उच्च न्यायालय ने यह कहा था। लेकिन यह महसूस किया गया, ‘‘यह पेट्रोलियम उत्पादों को जीएसटी के दायरे में लाने का यह सही समय नहीं है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘केरल उच्च न्यायालय को यह जानकारी दी जाएगी कि इस बारे में चर्चा हुई है और जीएसटी परिषद का मानना है कि यह पेट्रोलियम उत्पादों को जीएसटी के दायरे में लाने का सही समय नहीं है।’’

अन्य निर्णय में जोल्गेन्स्मा और विलटेप्सो जैसी मांसपेशियों के उत्तकों के क्षरण (स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी) में उपयोगी दवाओं के आयात पर जीएसटी से छूट दी गई है, जिस पर करोड़ों रुपये की लागत आती है। कैंसर के इलाज के लिए इस्तेमाल की जाने वाली दवा कीट्रूडा पर अब पहले के 12 प्रतिशत के बजाए 5 फीसदी कर लगेगा।
परिषद ने पोषक तत्वों से युक्त चावल केरनेल पर जीएसटी 18 प्रतिशत से कम कर 5 प्रतिशत कर दिया।
डीजल में मिलाये जाने वाले बायोडीजल पर जीएसटी दर को 12 प्रतिशत से घटाकर पांच प्रतिशत कर दिया गया है। इसके साथ राज्यों द्वारा वस्तुओं की ढुलाई वाले वाहनों से लिये जाने वाले राष्ट्रीय परमिट फीस को जीएसटी से छूट दी गयी है।
परिषद ने सभी प्रकार के पेन (कलम) पर 18 प्रतिशत की एकल दर से जीएसटी जबकि विशिष्ट नवीकरणीय ऊर्जा उपकरणों पर 12 प्रतिशत माल एवं सेवा कर लगाने का निर्णय किया गया है।
वित्त मंत्री ने कहा कि पट्टे वाले विमानों के आयात पर आई-जीएसटी (एकीकृत जीएसटी) से छूट दी गयी है। इसके अलावा भारत-बांग्लादेश सीमा पर स्थित हाट को आपूर्ति की जाने वस्तुओं पर आईजीएसटी से छूट मिलेगी।
राज्यों की क्षतिपूर्ति के मुद्दे के बारे में उन्होंने कहा कि पूर्व जीएसटी परिषद की बैठक में ‘‘यह निर्णय किया था कि जुलाई 2022 के बाद उपकर संग्रह का उपयोग राज्यों द्वारा लिये गये कर्ज के भुगतान के लिये किया जाएगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं उस मुआवजा उपकर की बात कर रही हूं जो जुलाई 2022 से शुरू होने जा रहा है। यह राज्यों को 14 प्रतिशत राजस्व वृद्धि की गारंटी देने वाली व्यवस्था के समाप्त होने के बाद शुरू होगा।’’
सीतारमण ने कहा, ‘‘मौजूदा क्षतिपूर्ति व्यवस्था को पांच साल पर समाप्त होना है। पांच साल की अवधि जुलाई 2022 को पूरी हो रही है। जुलाई 2022 के बाद उपकर का उपयोग कर्ज के भुगतान में किया जाएगा। परिषद की 43वीं बैठक में इस पर निर्णय हुआ था। यह जुलाई 2022 से शुरू होकर मार्च 2026 तक चलेगा। इसका उपयोग राज्यों को पिछले साल से दिये गये कर्ज के भुगतान में ही किया जाएगा।’’
उन्होंने कहा कि दर युक्तिकरण और बेहतर अनुपालन तथा कर चोरी रोकने के लिए आंकड़ों के उपयोग को लेकर राज्यों के वित्त मंत्रियों के दो समूह का गठन किया जाएगा। दोनों मंत्री समूह दो महीने में अपनी रिपोर्ट देंगे। अन्य निर्णयों में, ‘कार्बोनेटेड’ फलों के जूस और फल के जूस के साथ ‘कार्बोनेटेड’ पेय पर 28 प्रतिशत की जीएसटी दर और 12 प्रतिशत का क्षतिपूर्ति उपकर लगाना शामिल है।