
राजनांदगांव (शोर संदेश)। कांकेतरा में सालभर पहले एक मासूम की रेप के बाद हत्या के मामले में राजनांदगांव जिला न्यायालय की पॉक्सो कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए आरोपी को फांसी की सजा दी है। पॉक्सो कोर्ट के विशेष न्यायाधीश शैलेष शर्मा ने मामले में दोनों पक्ष की दलील को सुनने के बाद आरोपी शेखर कोर्राम को जघन्य वारदात का दोषी मानते फांसी की सजा देने के फैसले पर मुहर लगाई। मिली जानकारी के अनुसार बीते वर्ष 23 अगस्त को कांकेतरा की चार साल की बालिका के साथ रेप कर उसकी गला दबाकर हत्या के मामले में चिखली पुलिस ने एक आरोपी शेखर कोर्राम को गिरफ्तार किया था। बताया जा रहा है कि आरोपी ने ऐसे वक्त में घटना को अंजाम दिया था, जब पूरा गांव तीज और गणेश पर्व की खुशी में शामिल था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अबोध बालिका की हत्या कर लाश को खंडहरनुमा मकान में छुपा दिया था और गांव वालों के साथ मिलकर बालिका की तलाश करने का नाटक भी करता रहा। इधर सालभर के भीतर पॉक्सो के फास्ट कोर्ट ने आरोपी के विरूद्ध प्रस्तुत किए गए लोक अभियोजक के साक्ष्यों के आधार पर फांसी का फैसला सुनाया है। कोर्ट ने बचाव पक्ष के वकील के दलीलों को खारिज कर दिया।

शासकीय अभियोजक परवेज अख्तर ने पूरे प्रकरण में आरोपी के कृत्य को देखते कोर्ट से फांसी की सजा दिए जाने की अपील की थी। घटना से आहत परिजनों ने भी सरकार से फांसी दिए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया था। नांदगांव न्यायालय में पॉक्सो के आरोपी को फांसी दिए जाने का यह पहला मामला भी है।

00 राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार डोभाल करेंगे लॉन्च
विशाखापत्तनम (शोर संदेश)। भारत की तरफ आने वाली न्यूक्लियर मिसाइलों को ट्रैक करके उन्हें दुश्मन की धरती पर ही खत्म करने वाला आईएनएस ध्रुव आज लांच होने जा रहा है। इसी के साथ भारतीय नौसेना के बेड़े में पहला न्यूक्लियर मिसाइल ट्रैकिंग जहाज भी शामिल हो जाएगा। इस जहाज को खास तौर पर चीन और पाकिस्तान की निगरानी के लिए तैनात किया जा रहा है क्योंकि दोनों ही देश न्यूक्लियर मिसाइल दागने की क्षमता रखते हैं। एक बार आईएनएस ध्रुव समंदर में उतर गया तो दुश्मन ऐसा करने की हिमाकत भी नहीं करेगा। जानकारी के मुताबिक राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल विशाखापत्तनम में इस जहाज को लॉन्च करेंगे।
00 डीआरडीओ व एनटीआरओ के सहयोग से बना है जहाज
रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) और राष्ट्रीय तकनीकी अनुसंधान संगठन (एनटीआरओ) के सहयोग से हिंदुस्तान शिपयार्ड द्वारा इस जहाज को बनाया गया है। इस जहाज को नौसेना की सामरिक बल कमान द्वारा संचालित किया जाएगा। लांचिंग समारोह में नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह व एनटीआरओ के अध्यक्ष अनिल दासमान भी मौजूद रहेंगे।
00 यह ताकत हासिल करने वाला भारत छठा देश
न्यूक्लियर मिसाइल ट्रैकिंग जहाज को अपनी नौसेना के बेड़े में शामिल करने वाला भारत छठा देश होगा। इससे पहले फ्रांस, अमेरिका, ब्रिटेन, रूस व चीन के पास ही यह क्षमता है। यह जहाज न केवल दुश्मन की परमाणु मिसाइल को ट्रैक करेगा बल्कि दुश्मन के सैटेलाइट का पता लगाने में भी सक्षम है।
00 10 हजार टन का है जहाज
आईएनएस ध्रुव का वजन करीब 10 हजार टन है। इसे लंबी दूरी के राडार, ट्रैनिंग एंटीना, एडवांस इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम से लैस किया गया है। इस जहाज की तैनाती ऐसे समय पर होने जा रही है जब चीन की ओर से हिंद महासागर में हलचल बढ़ गई है और वह एक निगरानी मिशन पर चल रहा है।
00 यह है खासियत
भारत की ओर से आने वाली मिसाइलों का पता लगा लेने के बाद, जहाज का लैंड बेस्ड बैलिस्टिक मिसाइल रक्षा सिस्टम उन्हें मार गिराएगा। इस जहाज को इलेक्ट्रॉनिक स्कैर एरे रडार से लैस किया गया है जो मिसाइल रेंज के सटीक डेटा को भी ट्रैक करने में सक्षम है। इसके साथ ही सर्विलांस सिस्टम के ऑपरेशन में जहाज को 14 मेगावाट बिजली की आवश्यकता होगी, जो आईएनएस ध्रुव खुद बनाने में सक्षम है। पूरी तरह से स्वदेशी इस जहाज की लागत 725 करोड़ रुपये है।





00 बाढ़-चक्रवात जैसी आपदाओं पर रखी जा सकेगी नजर
श्रीहरिकोटा (शोर संदेश)। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) कल यानी गुरुवार को नया कीर्तिमान रचने जा रहा है। भारत 75वें स्वतंत्रता दिवस से तीन दिन पहले अंतरिक्ष में एक बड़ी छलांग लगाने जा रहा है। इसके तहत अब अंतरिक्ष से भी देश पर नजर रखी जा सकेगी। दरअसल, इसरो पृथ्वी की निगरानी करने वाले अपने देश के पहले उपग्रह ईओएस-03 का प्रक्षेपण करने वाला है। इसके लिए काउंटडाउन शुरू हो चुका है। इसके सफल होने के बाद से भारत की ताकत में बढ़ोतरी होगी। यह उपग्रह भारत में आने वाली बाढ़ और चक्रवात जैसी आपदाओं की निगरानी रखने में सक्षम होगा।इसरो ने ट्वीट कर काउंटडाउन शुरू होने की जानकारी दी है। इसमें लिखा गया, `जियोसिंक्रोनस सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल-एफ 10 ईओएस-03 के प्रक्षेपण के लिए काउंटडाउन आज सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र (SDSC) शार, श्रीहरिकोटा पर शुरू हो चुका है।` इसरो ने बताया कि प्रक्षेपण 12 अगस्त को सुबह पांच बजकर 43 मिनट पर किया जाएगा। हालांकि, यह मौसम संबंधी स्थिति पर निर्भर करेगा।ईओएस-03 अति उन्नत उपग्रह है, जिसे जीएसएलवी एफ 10 यान की मदद से धरती की कक्षा में स्थापित किया जाएगा। अगर यह परीक्षण सफल होता है तो भारत की ताकत में और इजाफा होगा और मौसम संबंधी गतिविधियों को समझने में और आसानी होगी।
00 जानिए सैटेलाइट और इसकी खासियत के बारे में सब कुछ
बताया जा रहा है कि जीएसएलवी उड़ान उपग्रह को 4 मीटर व्यास-ओगिव आकार के पेलोड फेयरिंग में ले जाएगी, जिसे रॉकेट पर पहली बार उड़ाया जा रहा है, जिसने अब तक अंतरिक्ष में उपग्रह और साझेदार मिशनों को तैनात करने वाली 13 अन्य उड़ानें संचालित की हैं। इसके बारे में कहा जा रहा है कि ईओएस-03 उपग्रह एक दिन में पूरे देश की चार-पांच बार तस्वीर लेगा, जो मौसम और पर्यावरण परिवर्तन से संबंधित प्रमुख डेटा भेजेगा।ईओएस-03 उपग्रह भारतीय उपमहाद्वीप में बाढ़ और चक्रवात जैसी प्राकृतिक आपदाओं की लगभग रीयल टाइम निगरानी में सक्षम होगा क्योंकि यह प्रमुख पर्यावरणीय और मौसम परिवर्तनों से गुजरता है।
00 साल का पहला मिशन फरवरी में हुआ था
इससे पहले 28 फरवरी को इसरो ने साल के पहला मिशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया था। भारत का रॉकेट 28 फरवरी को श्रीहरिकोटा अंतरिक्ष केंद्र से पहली बार ब्राजील का उपग्रह लेकर अंतरिक्ष रवाना हो हुआ था। ब्राजील के अमेजोनिया-1 और 18 अन्य उपग्रहों को लेकर भारत के पीएसएलवी (ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान) सी-51 ने श्रीहरिकोटा अंतरिक्ष केंद्र से उड़ान भरी थी। इस अंतरिक्ष यान के शीर्ष पैनल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर उकेरी गई थी

रायपुर (शोर संदेश)। दिल्ली दौरे पर राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने आज उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उपराष्ट्रपति से उनका कुशलक्षेम पूछा और अन्य विषयों पर चर्चा की।

अक्तूबर में हालात होंगे ज्यादा खराबनई दिल्ली (शोर सन्देश)। भारत में कोरोना की तीसरी लहर इस महीने से दस्तक दे सकती है। विशेषज्ञों ने कहा है कि अगस्त के महीने में कोरोना की तीसरी लहर आ सकती है, जिसमें रोजाना एक लाख कोरोना के मामले सामने आएंगे। इस वक्त देश में हर दिन 40 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आ रहे हैं। वहीं 550 से ज्यादा लोगों की मौत हो रही है, जबकि रविवार को 39 हजार लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, अगस्त के महीने में शुरू होने वाली तीसरी लहर अक्तूबर में अपने चरम पर जा सकती है। दूसरी लहर में कमजोर स्वास्थ्य व्यवस्था को देखते हुए केंद्र ने राज्यों से ऑक्सीजन, दवा समेत अन्य जरूरी सामानों को पहले ही उपलब्ध रखने का निर्देश दिया है।
हालांकि, कोरोना की तीसरी लहर दूसरी लहर के मुकाबले ज्यादा खतरनाक नहीं होगी, विशेषज्ञों ने बताया कि दूसरी लहर में देश में हर रोज 4 लाख नए मामले देखने को मिले थे, लेकिन अब डरावनी तस्वीर नहीं दिखेगी। कोरोना की स्थित के बारे में अनुमान लगाने वाले विशेषज्ञों का आकलन एक गणितीय मॉडल पर आधारित था। मई में आईआईटी हैदराबाद के प्रोफेसर विद्यासागर ने कहा कि भारत के कोरोना वायरस का प्रकोप आने वाले दिनों में गणितीय मॉडल के आधार पर चरम पर हो सकता है।

00 केरल और महाराष्ट्र में बढ़ रहे मामले
हैदराबाद और कानपुर आईआईटी के प्रोफेसरों के नेतृत्व में शोधकर्ताओं का हवाला देते हुए एक रिपोर्ट में बताया गया कि कोविड -19 मामलों में हो रही बढ़ोतरी कोरोनो वायरस महामारी की तीसरी लहर को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने बताया कि यह अक्तूबर में अपने पीक पर पहुंच सकती है। विशेषज्ञों ने कहा कि केरल और महाराष्ट्र में जिस तरह कोरोना के मामले सामने आ रहे हैं इससे स्थिति खराब हो सकती है। बता दें कि केरल में कोरोना के मामले रोजना 20 हजार से ज्यादा आ रहे हैं। वहीं, महाराष्ट्र में करीब 7 हजार मामले सामने आ रहे हैं। दोनों राज्यों में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
00 10 राज्यों में बढ़ रहा कोरोना
मंत्रालय के मुताबिक पिछले एक दिन में पांच राज्यों से 80.36 फीसदी नए कोरोना केस सामने आए हैं जिसमें अकेले केरल से 49.3 फीसदी केस हैं। वहीं मौत को लेकर बात करें तो सर्वाधिक महाराष्ट्र में 225 मरीजों ने बीते शनिवार को दम तोड़ दिया। केरल में 80 मरीजों की जान गई। फिलहाल जिन 10 राज्यों में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं उनमें केरल, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, ओडिशा, असम, मिजोरम, मेघालय, आंध्र प्रदेश और मणिपुर शामिल हैं।

00 नौकर पर शक, पुलिस ने दर्ज किया मामला
रायपुर (शोर सन्देश)। राजधानी रायपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां सदर बाजार के नाहटा काम्पलेक्स स्थित नगीना जेम्स शो रूम से लगभग दो करोड़ रुपए से अधिक के हीरे-जवाहरात और चार लाख रुपए नकद चोरी होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार शो-रूम शनिवार को बंद करके कारोबारी रवाना हो गए थे। सोमवार को खुलने पर ये मामला सामने आ गया है। बताया गया है कि चोर डायमंड के खुले पैकेट नग-नगीने जवाहरात के साथ चार लाख रुपए कैश और ग्राहकों के आर्डर का माल भी ले भागा है। मामले में शोरूम का एक नाैकर संदिग्ध माना जा रहा है, वह करीब डेढ़ माह पहले काम पर लगा था। वह राजस्थान का निवासी बताया गया है । वारदात सामने आने के बाद से उसका मोबाईल बंद है और वह गायब है। बताया गया है कि इस नाैकर के हाथ में शोरूम की चाबियों का गुच्छा आया था। अनुमान है कि वह ताला खोलकर माल ले भागा। फिलहाल शोरूम संचालक सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करवाने पंहुचे हैं।

जम्मू (शोर सन्देश)। दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच देर रात शुरू हुई मुठभेड़ में अब तक तीन आतंकियों को मार गिराया गया है। आईजीपी कश्मीर ने बताया कि मारे गए आतंकियों में से एक लश्कर-ए-तैयबा का पाकिस्तानी कमांडर ऐजाज उर्फ अबू हुरैरा है। इसके साथ ही दो स्थानीय आतंकियों को भी मार गिराया गया है। हालांकि सुरक्षाबलों का ऑपरेशन अब भी जारी है। पुलिस सेना की एक संयुक्त टीम ने इलाके को घेर लिया। आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में एक विशेष सूचना के आधार पर तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके बाद बुधवार तड़के मुठभेड़ शुरू हुई।जैसे ही सुरक्षा बल उस स्थान पर पहुंचे, जहां आतंकवादी छिपे हुए थे, उन्होंने सुरक्षाबलों पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
00 रेल सेवा शुरू किए जाने की पूर्व संध्या पर बड़ी आतंकी साजिश नाकाम
जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम जिले के काजीगुंड मीरबाजार इलाके में दमजान रेलवे ट्रैक के पास मंगलवार की शाम आतंकियों की ओर से प्लांट आईईडी बरामद की गई। बनिहाल से बारामुला के बीच बुधवार से पूरी तरह रेल सेवा शुरू किए जाने की पूर्व संध्या पर प्लांट आईईडी की बरामदगी से बड़ी आतंकी साजिश नाकाम हो गई है।पुलिस ने बताया कि शाम को रेलवे ट्रैक के पास आईईडी देखी गई। इस पर तत्काल बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। दस्ते ने आईईडी को कब्जे में लेकर उसे निष्क्रिय किया। इस दौरान आस-पास के इलाकों में आवागमन रोक दिया गया था। सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान भी चलाया, लेकिन आतंकियों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
इससे पहले पिछले सप्ताह हुई मुठभेड़ में छह आतंकी ढेर कर दिए गए थे। सुंदरबनी में दो पाकिस्तानी आतंकियों समेत प्रदेश में गुरुवार को सुरक्षाबलों ने छह दहशतगर्द ढेर कर दिए गए थे। एलओसी से सटे राजोरी जिले के सुंदरबनी सेक्टर में सेना ने घुसपैठ को नाकाम करते दो पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया। मुठभेड़ में नायब सूबेदार समेत दो जवान भी शहीद हो गए, जबकि एक जवान घायल हो गया। सुंदरबनी के अलावा कश्मीर के पुलवामा और कुलगाम में भी दो-दो आतंकी मारे गए।

00 टीम हरीतिमा ने की मानसून सत्र की शुरूआत
कवर्धा (शोर सन्देश)। पौधरोपण कार्यक्रम के तहत कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा ने आज सरदार वल्लभ भाई पटेल कामलेक्स परिसर के सामने कदम का पौधा लगाकर शुरूआत किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, वन मडलाधिकारी दिलराज प्रभाकर और जिला पंचायत सीईओ विजय दयाराम के. ने कदम के दो-दो पौधे रोपित किए।
पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा ने कहा कि टीम हरीतिमा द्वारा पर्यावरण के क्षेत्र में लगातार निःस्वार्थ भावना से काम किया जा रहा है। शहर को हरा-भरा करने में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर रहे है जो सराहनीय है।
हरीतिमा टीम के सदस्य राकेश दोशी, महेश सिंह ठाकुर, अखिल ने बताया कि जिलें में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन, पौधारोपण का विकास एवं पर्यावरणीय चेतना शहर की बढती आबादी के उद्देश्य को लेकर टीम हरीतिमा का गठन किया गया। अभी तक शहर में तीन हजार से भी ज्यादा पौधो को शहरवासियो को समर्पित किया है। विगत 3 वर्ष पूर्व से शुरू किया गया यह अभियान आज जन अभियान का स्वरूप ले चुका है। शहर के विभिन्न कालोनियो जिनमें रामनगर, लोहारा रोड, महावीर नगर, शिक्षक नगर, वर्द्वमान नगर, कलेक्टर कालोनी, छीरपानी कालोनी, रायपुर रोड, पुराना बायपास, दर्री पारा, गोकुलनगर, कोर्ट कालोनी, रामनगर, कैलाशनगर, नया बायपास, जगदम्बा नगर, शांतिदीप कालोनी, नया बस स्टैण्ड परिसर, जी.श्यामनगर सहित आसपास के विभिन्न गॉवों में अनेक प्रजातियों के पौधा का रोपण करके मोहल्लेवासी के सहयोग से उसकी देखभाल करते हुए आज उसे वृक्ष के रूप में परिवर्तित करते हुए नगरवासियों को समर्पित किया गया है।
00 टीम के सदस्य नियमित रूप से पौधो की करते है देखभाल
टीम के सदस्य अजय लुनिया, महेश सिंह ठाकुर, राकेश दोशी, संत थवाईत, निरंजन सारंग, राजेन्द्र सलूजा, लवली बग्गा, अनुराग उपाध्याय, राजकुमार वर्मा, अनिल जैन, कुलजीत मुटरेजा, पन्ना चन्द्रवंशी, उमेश, दीपक लॉझी, सुनील दोशी, मनोज गुप्ता, मुकेश देसाई, लालू पाली, अखिल जैन, सुरेन्दर पाहुजा, संदीप, संजय सलूजा, लवली बग्गा, पप्पू अग्रवाल, उमेश,,अजय श्रीवास्तव, लक्की चावॅला आदि नियमित रूप से सतत पौधो की देखभाल करते हुए उसकी सुरक्षा के हर संभव प्रयास कर रहे है। स्वयं के बजट से कार्यो को अंजाम टीम हरीतिमा के सदस्यों द्वारा स्वयं राशि इकट्ठा कर टी गार्ड, जाली, तार, ईंट, सीमेंट रेत, दवाई की व्यवस्था कर पौधो का संरक्षण कर रहे है।
00 समर्पण और जुड़ाव -
टीम द्वारा लगाए गए पौधे सौ प्रतिशत जीवित रहे यह प्रयास किया जाता है। दवाई का छिडकाव, कटाई, एवं पानी डालने का कार्य स्वयं टीम के सदस्य रोजाना सुबह 7 से 9 बजे करते है। इससे प्रभावित होकर कई विद्यालय एवं कार्यालय में पौधारोपण का आयोजन करते है। टीम की उपस्थिति में संस्था प्रमुख एवं गणमान्य नागरिको द्वारा पौधारोपण किया जाता है।

रायपुर (शोर सन्देश)। राजधानी रायपुर में लगातार कम होते क्रोनस संक्रमण के मामलों के चलते कलेक्टर सौरभ कुमार ने लॉकडाउन की गाइडलाइन में थोड़ी छूट और बधाई है। कलेक्टर ने आदेश जारी कर रात 8 बजे तक दुकानों को खोलने की अनुमति दी है। रायपुर में रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइ कर्फू लागू रहेगा।

रायपुर (शोर सन्देश)। देश में कोरोना संक्रमण के दूसरे वेव के बाद अब कई राज्यों में संक्रमण कमजोर पड़ने लगा है, लेकिन देश में कोरोना की दूसरी लहर की तबाही को मद्देनजर रखते हुए केंद्र सरकार के गृह सचिव अजय भल्ला ने सभी राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर, राज्यों में 30 जून तक लॉक डाउन बढ़ने के निर्देश दिए हैं। इससे छत्तीसगढ़ में सोमवार 31 मई को खत्म होने वाली लॉक डाउन की अटकलें ख़त्म हो गई है, अब छत्तीसगढ़ में भी 30 जून तक लॉक डाउन लागू रहेगा। हालाँकि राज्य सरकार की तरफ से समाचार लिखे जाने तक केंद्र सरकार के पत्र पहुंचे लगभग 3 दिन हो गए फिर भी कोई नया आदेश जारी नहीं किया गया है। वैसे आगे की नई गाइडलाइन और नई तारीखें कलेक्टर जारी करेंगे। माना जा रहा है कि वर्तमान में दी जा रहीं रियायतें जारी रहेंगी। केंद्र सरकार ने राज्यों में आवागमन की छूट दी है, बावजूद इसके राज्य सरकार ने अपनी सीमाओं को नहीं खोलने का फैसला लिया है। गाइडलाइन के मुताबिक पहले की तरह 30 जून तक लॉकडाउन जारी रहेगा। यानी अन्य राज्यों से आने वाले लोगों के लिए ही ई-पास अनिवार्य होगा। यही व्यवस्था अंतर जिला आवागमन के लिए लागू होगी। प्रदेश में 7 जून तक धार्मिक स्थल, शॉपिंग मॉल, सिनेमा हॉल, स्वीमिंग पूल, स्पा, शैक्षणिक संस्थान, भीड़ भरे आयोजन पर रोक रहेगी। इसके अलावा नाइट कर्फ्यू और रविवार को पूर्ण लॉकडाउन की व्यवस्था भी अगले आदेश तक जारी रहेगा। वहीं रोजमर्रा की सभी दुकानें सुबह छह से शाम छह बजे तक तथा देसी शराब दुकानें रात आठ बजे तक ही खोली जा सकेंगी। जीएडी सचिव का कहना है कि राज्य सरकार की नई गाइडलाइन सोमवार को जारी होगी तथा यह मंगलवार 1 जून से प्रभावशील होगी। पूर्व की तरह जिले के कलेक्टर अपने जिलों में संक्रमण की दर को ध्यान में रखकर ही दिशा-निर्देश जारी करेंगे।इसके पहले राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को जारी अपने आदेश में केंद्रीय गृह सचिव ने कहा कि स्थानीय हालात, जरूरत और स्रोतों का आकलन करने के बाद राज्य और केंद्र शासित प्रदेश उचित समय पर चरणबद्ध तरीके से पाबंदियों में किसी तरह की रियायत देने पर विचार कर सकते हैं, उन्होंने कहा कि मई महीने के लिए 29 अप्रैल को जारी किए गए दिशा-निर्देश 30 जून तक लागू रहेंगे। बयान के अनुसार जिन क्षेत्रों में मामलों की संख्या ज्यादा है, वहां जरूरी गतिविधियों को छोड़कर, रात के दौरान लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित होगी, इसमें कहा गया कि सामाजिक, राजनीतिक, खेल, मनोरंजन, शैक्षणिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, त्योहार से संबंधित मौकों पर लोगों के जमा होने और सभाएं प्रतिबंधित हैं। शादी में 50 लोगों और अंतिम संस्कार में अधिकतम 20 लोगों के शामिल होने की इजाजत है, सभी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, सिनेमा हॉल, रेस्तरां, बार, खेल परिसर, जिम, स्पा, स्विमिंग पूल और धार्मिक स्थल बंद रहेंगे। बयान के अनुसार सार्वजनिक परिवहन अपनी 50 फीसदी क्षमता के साथ संचालित किए जा सकते हैं, जरूरी वस्तुओं के परिवहन सहित अंतर राज्यीय और राज्य के भीतर आवाजाही पर कोई प्रतिबंध नहीं होगाा, सरकारी एवं निजी कार्यालय अधिकतम 50 फीसदी स्टाफ के साथ काम कर सकते हैं।