ब्रेकिंग न्यूज

ब्रेकिंग न्यूज

कक्षा आठवीं का छात्र पिस्टल लेकर पहुंचा स्कूल, पिता और चाचा गिरफ्तार

14-Aug-2024
जांजगीर-चांपा। ( शोर  संदेश )   गुरूकुल स्कूल के कक्षा आठवीं में पढ़ने वाला छात्र सोमवार को अपने पिता की आलमारी में रखे पिस्टल को लेकर दोस्तों को दिखाने के लिए स्कूल लेकर चला गया था। बैग की जांच के दौरान स्कूल के शिक्षक को छात्र के बैग से पिस्टल मिला। पुलिस स्कूल पहुंची और छात्र से पिस्टल के बारे में पूछताछ की। पुलिस ने छात्र के पिता के घर की तलाशी ली तो वहां एक तलवार भी मिला। पुलिस ने छात्र सहित उसके पिता और चाचा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामला कोतवाली थाना जांजगीर का है। केरा रोड जांजगीर में संचालित लालू स्वीट्स के संचालक लखनेश्वर उर्फ कल्लू कहरा 45 वर्ष पिता आनंद राम कहरा का पुत्र गुरूकुल स्कूल में कक्षा आठवीं का छात्र है। सोमवार 12 अगस्त को वह अपने पिता की आलमारी में रखे पिस्टल को लेकर दोस्तों को दिखाने के लिए स्कूल लेकर गया था। सोमवार को बैग की जांच के दौरान स्कूल के शिक्षक महेंद्र सिंह राठौर को छात्र के बैग से पिस्टल मिला। जिसकी सूचना उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य को दी। प्राचार्य की सूचना पर कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी स्टाफ के साथ स्कूल पहुंचे और छात्र से पिस्टल के बारे में पूछताछ की। जिस पर छात्र ने बताया कि पिस्टल को अपने पिता की आलमारी से निकालकर दोस्तों को दिखाने के लिए लेकर आया था। इस पर पुलिस ने लखनेश्वर उर्फ कल्लू कहरा और उसके भाई लालू कटकवार 35 वर्ष से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि पिस्टल और एक तलवार को बासुकीनाथ झारखंड से खरीदकर लाया था। जिस पर पुलिस ने दोनों भाईयों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं छात्र को किशोर न्यायालय जांजगीर में पेश किया गया जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह कोरबा भेजा गया।

जम्मू कश्मीर में सेना को बड़ी सफलता, आतंकियों का सबसे अहम मॉड्यूल खत्म, 8 गिरफ्तार

13-Aug-2024
 ( शोर संदेश )  जम्मू कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ भारतीय सेना को बड़ी सफलता मिली है। गंडोह में सेना ने सफलतापूवर्क ऑपरेशन को अंजाम देते हुए 26 जून को तीन विदेशी आतंकवादियों को मार गिराया था। इसके बाद केंद्रीय एजेंसियों के जरिए खुफिया जानकारी हासिल कर पुलिस ने जांच की और इसी आधर पर आतंकियों के मुख्य मॉड्यूल का खुलासा किया गया। हाल ही में हुई घुसपैठ में भी इसी आतंकी मॉड्यूल का हाथ था। इसी मॉड्यूल की वजह से डोडा, उधमपुर और कठुआ के ऊपरी इलाकों में आतंकवादी गतिविधियां बढ़ी हैं।
जम्मू-कश्मीर पुलिस के अनुसार सीमा पार आतंकवादी संचालकों के साथ मिलकर इस मॉड्यूल के सरगनाओं ने सांबा-कठुआ सेक्टर में बड़े पैमाने पर आतंकियों की घुसपैठ कराई। इस मॉड्यूल के जरिए आतंकियों को रुकने के लिए घर, भोजन और अन्य छोटी रसद उपलब्ध कराई गई। इसी मॉड्यूल के जरिए आतंकियों को उधमपुर-कठुआ-डोडा जिलों के पहाड़ों और जंगलों के ऊपरी इलाकों में कैलाश पर्वत के आसपास के इलाकों में छिपने की ट्रेनिंग दी गई और उन्हें आने-जाने के रास्ते भी बताए गए।
सेना से बचने में आतंकियों की मदद की
उधमपुर-कठुआ-डोडा के बीच सेना के ऑपरेशन में मारे गए आतंकियों ने ऊपरी इलाकों तक पहुंचने और सेना से बचने के लिए भी मॉड्यूल की मदद ली थी। खुद मॉड्यूल के सदस्यों ने इस बात की पुष्टि की। इस मॉड्यूल के जबकि सरगना की पहचान मोहम्मद लतीफ उर्फ हाजी लतीफ के रूप में की गई है। मॉड्यूल के 8 अन्य सदस्यों को दुश्मन एजेंट के रूप में गिरफ्तार किया गया है। इसमें शामिल अन्य लोगों के नाम अख्तर अली, सद्दाम, कुशाल, नूरानी, मकबूल, लियाकत, कासिम दीन और खादिम हैं।
घुसपैठ-रोधी ग्रिड को और मजबूत किया जाएगा
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिशों को रोकने के लिए भारत-पाकिस्तान सीमा पर घुसपैठ-रोधी ग्रिड को और मजबूत किया जा रहा है। उपराज्यपाल ने पाकिस्तान पर आतंकवाद का “जरिया” होने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह (पड़ोसी देश) जम्मू-कश्मीर में शांति और सामान्य स्थिति को बिगाड़ने के अपने प्रयास में कभी सफल नहीं होगा। सिन्हा ने रविवार को कहा, “घुसपैठ-रोधी ग्रिड को पहले की तुलना में मजबूत किया गया है। घुसपैठ के किसी भी प्रयास को रोकने के लिए इसे और मजबूत किया जाएगा।” सुरक्षा बलों ने पिछले दो महीनों में जम्मू-कश्मीर के पुंछ, कुपवाड़ा, राजौरी और बांदीपोरा सेक्टर में घुसपैठ की कई कोशिशों को नाकाम करते हुए कई आतंकवादियों को मार गिराया है। सुरक्षा एजेंसियों का अनुमान है कि जम्मू क्षेत्र की पहाड़ियों में लगभग 60 से 70 विदेशी घुसपैठी आतंकवादी सक्रिय हैं। जम्मू क्षेत्र के उधमपुर, कठुआ, सांबा, डोडा, पुंछ और राजौरी जिलों में उच्च प्रशिक्षित आतंकवादियों द्वारा सेना के जवानों, तीर्थयात्रियों और पुलिस पर किए गए सिलसिलेवार हमलों के बाद प्रशासन ने आंतरिक इलाकों में बलों की पुनः तैनाती और सीमा पर 1000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की दोहरी रणनीति अपनाई है। (इनपुट- पीटीआई भाषा)

घर में घुसकर घोंपा चाकू, बदमाश गिरफ्तार

12-Aug-2024
दुर्ग।  ( शोर संदेश )  जिले के भिलाई नगर पुलिस ने बजरंग चौक रुआबांधा स्थित एक मकान में घुसकर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में 16 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी पारस मंडल उर्फ बिट्टू (25) बजरंग चौक का निवासी है। दुर्गेश जोशी (16) ने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया कि, 10 अगस्त की रात साढ़े 8 बजे वो लोग अपने घर पर थे। इसी दौरान पारस मंडल उर्फ बिट्टू ने घर में घुसकर दुर्गेश पर चाकू से हमला कर जख्मी कर दिया। इसके बाद घर के लोग दुर्गेश को लेकर थाने पहुंचे। दुर्गेश ने भिलाई नगर पुलिस में पूरी जानकारी दी। पुलिस ने उसका मुलाहिजा कराया और उसके बाद आरोपी बिट्टू के खिलाफ धारा 296, 333,109 BNS 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस की एक टीम रुआबांधा पहुंची। वहां पता चला कि बिट्टू घर से भाग गया है। इसके बाद पुलिस की टीम ने जगह-जगह छापेमारी की। पुलिस को सूचना मिली की आरोपी अपने घर रात में आया है। इसके बाद पुलिस ने उसे तड़के छापेमारी कर गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पंट्रोल पंप में 4.80 लाख रूपये लूट करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

12-Aug-2024
कोरबा।  ( शोर संदेश )  ग्राम रामपुर के समीप मार्ग में पंट्रोल पंप संचालक के साथ मारपीट कर 4.80 लाख रूपये लूट लिए गए थे। मामले में पुलिस ने एक आंगनबाड़ी सहायिका समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना करतला थाना अंतर्गत ग्राम रामपुर में गत पांच अगस्त की शाम पांच बजे घटित हुई थी। बताया जा रहा है कि रामपुर के समीप सक्ती निवासी संतोष गोयल का पेट्रोल पंप है। प्रतिदिन विक्री रकम लेकर संतोष सक्ती आना जाना करता है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि मारपीट के साथ लूट की घटना की शिकायत पर पुलिस टीम बना कर आरोपितों की पतासाजी की जा रही थी।
इस बीच जानकारी मिली कि घटना का मुख्य आरोपित भरतलाल श्रीवास 32 वर्ष, निवासी कसईपाली जोबी (खरसिया), करतला में सैलून संचालक है। उसने रायगढ़ निवासी विकास तिर्की 24 वर्ष के साथ मिलकर लूट को अंजाम दिया है। विकास अपहरण के मामले रायगढ़ जेल में निरुध्द था और भरतलाल भी वर्ष 2021 में एक लूट के मामले में जेल में था। खानों की सुरक्षा प्रबंधन पर मंथन किया उच्च स्तरीय विशेषज्ञ समिति नेखानों की सुरक्षा प्रबंधन पर मंथन किया उच्च स्तरीय विशेषज्ञ समिति ने जेल में ही दोनों में दोस्ती हो गई। बाहर निकलने पर उन्होंने लूट की योजना बनाई। भरत लाल श्रीवास को जानकारी थी कि संतोष गोयल पेट्रोल पंप से रुपए लेकर सक्ती जाना-आना करता है।
योजना अनुसार पांच अगस्त को दोनों संतोष गोयल के पेट्रोल पंप में गए व बाइक में 50 रुपये का पेट्रोल भराया। इसी दौरान विकास को भरत ने संतोष गोयल को दूर से दिखाया। इसके बाद शाम करीब 5:30 बजे संतोष के सक्ती लौटने के दौरान विकास को भरत ने सूचना दी। जब संतोष राशि लेकर निकला, तब उन्होंने संतोष के साथ डंडा से मारपीट की और राशि लूट कर भाग गए। दोनों राशि लेकर भरत की प्रेमिका रमला राठिया निवासी बेहरचुंआ के घर गए और तीनों ने आपस में रुपये बांट लिया। घटना के बाद भरत अपनी बेवा प्रेमिका आंगनबाड़ी सहायिका रमिला राठिया के साथ नकटीखार में रुका था।
एसपी ने बताया कि पुलिस ने पूर्व अपराध रिकार्ड के आधार पर आरोपित भरत को तलाश की, तब वह नकटीखार थाना सिविल लाइन, रामपुर से महिला के साथ पकड़ा गया। बाद में विकास को भी गिरफ्तार किया। तीनों ने मिलकर लूट के रुपये में 4.43 लाख का सामान खरीदी व अन्य तरह से खर्च कर दिए। पुलिस ने सामान बरामद कर लिया।शेष रकम खाने-पीने में खर्च कर दिए थे। वहीं विकास ने अपनी बहन के खाते में 50 हजार रुपये जमा कराया दिया था। इस पर पुलिस ने उसकी बहन का खाता होल्ड करा दिया गया है। तीनों आरोपित के विरुद्ध मामला कायम कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गांजा तस्करी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

12-Aug-2024
रायपुर। ( शोर संदेश ) वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देश पर रायपुर पुलिस द्वारा निजात अभियान के तहत नशे के विरूद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें समस्त थाना एवं एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रहीं है। नारकोटिक्स एक्ट पर प्रभावी कार्यवाही करने हेतु एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की विशेष टीम का गठन किया गया है साथ ही समस्त थाना प्रभारियों को नशे की सामाग्री बिक्री करने वालों एवं सप्लाई करने वालों पर कठोर कार्यवाही करने निर्देशित किया गया है।
इसी तारतम्य में दिनांक 10.08.2024 को एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट अंतर्गत गठित नारकोटिक्स सेल की टीम को सूचना प्राप्त हुई कि टिकरापारा क्षेत्रांतर्गत भाठागांव स्थित न्यू बस स्टैण्ड पास 2 व्यक्ति जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना की तस्कदी कर आरोपियों को गांजा के साथ रंगे हाथ पकड़ने निर्देशित किया गया, कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में टीम के सदस्यों द्वारा उक्त स्थान में जाकर मुखबीर द्वारा बताये हुलियों के व्यक्तियों की पतासाजी करते हुए व्यक्तियों को चिन्हांकित कर पकड़ा गया।
पूछताछ में व्यक्तियों ने अपना नाम रितेश घोतरे निवासी पनवेल (महाराष्ट्र) एवं कमल राजपूत निवासी हरदोई (उ०प्र०) का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा उनके पास रखें बैग की तलाशी लेने पर बैग में गांजा रखा होना पाया गया। जिस पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 6.72 किलोग्राम गांजा कीमती लगभग 1,19,000/- रूपये जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध थाना टिकरापारा में अपराध कमांक 634/24 धारा 20बी नारकोटिक का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया।

शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 2.92 करोड़ की ठगी करने वाला युवक गिरफ्तार

10-Aug-2024
रायपुर। ( शोर संदेश )  रायपुर रेंज साइबर थाना की टीम ने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 2.92 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खातों से जुड़ी जानकारी से पता चला कि उसके खिलाफ देश के 50 से अधिक पुलिस थानों और साइबर सेल में मामले दर्ज हैं।
प्रार्थी प्रोफेसर डॉ. डी. सुनील एम एस, एम सी एच ऑर्थो (यूके) निवासी अशोका रतन, पंडरी, रायपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्हें शेयर ट्रेडिंग में मुनाफा कमाने का लालच देकर 2.92 करोड़ रुपये की ठगी की गई। इस रिपोर्ट के आधार पर थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 163/24 धारा 420, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए इस अपराध की विवेचना रेंज साइबर थाना, रेंज रायपुर को सौंपी गई।
रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा के निर्देशानुसार, साइबर थाना की टीम ने तकनीकी साक्ष्य एकत्र कर आरोपियों को पकड़ने की मुहिम शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के उपयोग किए जा रहे बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का पता लगाया। आरोपी अंकित सिंह, जो दिल्ली का निवासी है, ने कई फर्जी कंपनियां बनाकर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाए थे। इन खातों में प्रार्थी से ठगे गए रुपये जमा करवाए गए थे।
पुलिस ने आरोपी अंकित कुमार सिंह (19 वर्ष), निवासी के 65 जेजे कैंप, तिगड़ी, साउथ दिल्ली को 10 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपी के बैंक खातों से जुड़े मामलों की रिपोर्ट देश के विभिन्न राज्यों के 50 से अधिक पुलिस थानों और साइबर सेल में दर्ज है।
 

नक्सलियों के लिए करते थे वसूली, 5 आरोपी गिरफ्तार

10-Aug-2024
मोहला।   ( शोर संदेश )  मोहला पुलिस ने नक्सलियों के लिए वसूली करने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास वसूली के मनी ट्रेल का खुलासा भी किया गया है। जिसमें इन्होंने 1 करोड़ रुपए से ज्यादा लेव्ही वसूल कर नक्सलियों को पहुंचाई थी। इन्हीं पैसों से आरोपी सूरजू राम टेकाम के लिए फ्लाईट टिकिट बुक करना और नक्सलियों को सामान सप्लाई किया जाता था।
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि आरोपी सुरजू राम टेकाम माओवादी संगठन के प्रचार- प्रसार के लिए और अपने नेटवर्क को आगे बढ़ाने के लिए लगातार शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर रहा था। भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी (माओवादी) संगठन द्वारा पर्दे के पीछे से प्रायोजित ऑपरेशन कगार, कार्पोरेटीकरण, सैनिकीकरण के विरोध में 23 मार्च को कार्यक्रम आयोजित किया था। जिसमें शामिल होने के लिए सूरजू राम टेकाम 22 मार्च को फ्लाईट के माध्यम से वह रायपुर से दिल्ली गया था। दिल्ली जाने के लिए फ्लाईट टिकिट नक्सलियों द्वारा लेव्ही से प्राप्त पैसों से सुरजू राम टेकाम और सोनाराम फरसा के लिए टिकिट बुक कराई गई थी।
वहीं सोनाराम फरसा को सुरजू राम टेकाम के द्वारा उसे दिल्ली जाने के लिए लेव्ही से मिले पैसों में से कुछ पैसे भेजने के लिए कहा और साथ में चलने के लिए भी कहा। तब सोनाराम फरसा ने ठेकेदार से प्राप्त पैसों में से अपने खाते के माध्यम से सुरजू राम टेकाम के बताए खाते पर पैसे भेजे। तब सुरजू राम टेकाम ने उस अकाउंट से फ्लाईट टिकिट बुक करने के लिए विवेक सिंह को पैसे भिजवाया। विवेक सिंह द्वारा सूरजू राम टेकाम के कहने पर नक्सलियों के शहरी नेटवर्क को लगातार अलग-अलग माध्यम से सहयोग कर रहा था और ये लगातार एक- दुसरे से संपर्क में थे।
नक्सलियों के द्वारा भैरमगढ़ क्षेत्र में तेंदूपत्ता ठेकेदारों को जान-माल नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर सोनाराम फरसा, विजय जुर्री, रामलाल करमा और राजेंद्र कड़ती के माध्यम से लेव्ही वसूली की जा रही थी। इन चारों को वर्ष 2022 में एक करोड़ रुपए लेव्ही वसूलने का टारगेट दिया गया था। जिसके लिए भैरमगढ़ क्षेत्र में तेंदूपत्ता ठेकेदार से जंगल क्षेत्र में काम करने के एवज में नक्सलियों ने सोनाराम फरसा, विजय जुर्री, रामलाल करमा और राजेंद्र कड़ती की सहायता से ठेकेदार को जान-माल नुकसान पहुंचाने का धमकी देकर करोड़ो रुपयों की लेव्ही वसूली किए। वहीं सोनाराम फरसा, विजय जुर्री, रामलाल करमा, राजेंद्र कड़ती ने अपने बैंक अकाउंट के माध्यम से लेव्ही के तकरीबन 60 लाख रुपए प्राप्त किए और बाद में बैंक से नगदी निकालकर नक्सलियों को पहुंचाने का कार्य करते थे। राजेंद्र कड़ती का बड़ा भाई मोहन कड़ती कुख्यात नक्सली कमांडर भैरमगढ़ क्षेत्र का है। उक्त सभी कई सालों से नक्सलियों से मिलकर ठेकेदारों से लेव्ही वसूली, नक्सलियों को राशन, दवाई और अन्य जरूरत की सामाग्री का सप्लाई कर रहे थे।
इस मामले में भैरमगढ़ क्षेत्र के निवासी सोनाराम फरसा, विजय जुर्री, रामलाल करमा और राजेंद्र कड़ती ने ठेकेदार से नक्सलियों के लिए लेव्ही वसूली ऑनलाइन की और बैंक से निकालकर पैसे नक्सलियों तक पहुंचाए। नक्सलियों के सहयोगियों के द्वारा माओवादियों के आदेश पर शहरी नेटवर्क को सपोर्ट करने के लिए नक्सल संगठन के शहरी सदस्यों के यात्रा और अन्य खर्चों के लिए आनलाईन पैसे ट्रासफर करते थे। जिसके तहत सूरजू राम टेकाम के यात्रा के लिए लेव्ही के पैसों का उपयोग किया गया। फ़िलहाल इस मामले में जांच जारी है और आगे और भी संलिप्तता की जानकारी के लिए फायनेंशियल ट्रेल, इलेक्ट्रानिक और अन्य दस्तावेजों का विश्लेषण किया जा रहा है।
1. सोनाराम फरसा पिता स्व. पांडूराम उम्र 28 वर्ष पता पंचायत बिरियाभूमि आदवाड़ा थाना जांगला जिला बीजापुर
2. विजय जुर्री पिता स्व. संतूराम जुर्री उम्र 32 वर्ष सा, मरकापाल ग्रां.पं. बांगोली थाना भैरमगढ़ जिला बीजापुर
3. रामलाल करमा पिता तुपाराम करमा उम्र 35 वर्ष ग्राम बांगोली थाना बांगापाल जिला बीजापुर
4. राजेंद्र कड़ती पिता स्व. बुगुर कड़ती उम्र 30 वर्ष ग्राम डेगमेटा ग्रा.पं. फुलगट्टा थाना मिरतुर जिला बीजापुर
5. विवेक सिंह पिता राम सुशील सिंह उम्र 35 वर्ष ग्राम मानपुर जिला मोहला, मानपुर- अंबागढ़, चौकी वर्तमान पता अर्जुन वेली सड्डू थाना विधानसभा, जिला रायपुर
इस नक्सल विरोधी अभियान के पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव दीपक झा के निर्देशन एवं जिला मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी पुलिस अधीक्षक वायपी सिंह के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीताम्बर पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) डीसी. पटेल के दिशानिर्देश में एसडीओपी मयंक तिवारी के द्वारा माओवादियों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की गई है।

 


बिलासपुर पुलिस का अंतर्राज्यीय बसोर गिरोह पर प्रहार, 7 सदस्य गिरफ्तार

10-Aug-2024
बिलासपुर।   ( शोर संदेश )    छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में हाल ही में सोने-चांदी की दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं के मामले में बिलासपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने शातिर 'अंतर्राज्यीय बसोर गिरोह' के सात सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है, जो रायपुर, जांजगीर-चाम्पा, बालोद, बलौदा बाजार, अंबिकापुर और बिलासपुर जिले के सीपत व चकरभाठा में सक्रिय थे।
बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक संजीव शुक्ला और पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में, पुलिस ने घटना के बाद संदिग्धों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई अनुज कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ए.सी.सी.यू./ग्रामीण बिलासपुर और उनकी टीम द्वारा 7 दिन तक मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में कैंप कर की गई।
घटना के बाद पुलिस की टीम ने 500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज की जांच की और संदिग्धों के शरीर पर टैटू के निशान की पहचान की। बिलासपुर सायबर सेल टीम ने राज्य के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पहले हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में प्राप्त तकनीकी और स्थानीय सूचना के आधार पर गिरोह की पहचान की।
पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने तपकरा जिला जशपुर में एक और ज्वेलरी शॉप में चोरी की योजना का खुलासा किया। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने बिलासपुर में चोरी की घटना के बाद चोरी का सामान अपने सहयोगियों को बेच दिया था।
इस महत्वपूर्ण सफलता के लिए पुलिस अधीक्षक बिलासपुर ने ए.सी.सी.यू. टीम, थाना सीपत और चकरभाठा पुलिस की प्रभावी कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक द्वारा इस जटिल मामले को सुलझाने में शामिल सभी अधिकारियों और कर्मियों को नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
पुलिस द्वारा आरोपियों से प्रदेश में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के बारे में विस्तृत पूछताछ की जा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
33 किलो चांदी के जेवर, 125 ग्राम सोने के जेवर, 4 लाख रुपये नगद, 1 होंडा सिटी कार, 1 पल्सर मोटरसाइकिल, 6 मोबाइल फोन सहित कुल 52 लाख रुपये की संपत्ति बरामद।
आरोपियों ने प्रदेश के अन्य जिलों में भी कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है
गिरोह के सदस्यों के खिलाफ मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं
लालमन उर्फ बडका पिता स्व. सिद्धु बसोर उम्र 54 साल निवासी बरहवाटोला थाना बरगवा जिला सिंगरौली (म.प्र.) (पुर्व में 11 अपराध दर्ज)
रामधीन बसोर पिता स्व. हंसलाल बसोर उम्र 56 साल निवासी बाघाडीह हथकौडापारा पीपरडाढ थाना बरगवा जिला सिगरौली (म.प्र.) (पुर्व में 17 अपराध दर्ज)
सियाराम बसोर पिता स्व. दादन बसोर उम्र 51 साल निवासी लामीदह सरई थाना सरई जिला सिंगरौली (म.प्र.) (पुर्व में 15 अपराध दर्ज)
लालजी उर्फ किनका बसोर पिता बसंतलाल बसोर उम्र 35 साल निवासी लामीदह सरई थाना सरई जिला सिंगरौली (म.प्र.) (पुर्व में 08 अपराध दर्ज)
राजेन्द्र गुप्ता उर्फ गुड्डा बनिया पिता मोचन गुप्ता उम्र 37 साल निवासी गजरा बहरा थाना सरई जिला सिंगरौली (म.प्र.) (खरीददार)।
मनीश सोनी उर्फ सुशांत उर्फ सोनू पिता नान्हे सोनी उम्र 30 वर्ष निवासी मेन रोड गनयारी वैढन थाना कोतवाली जिला सिंगरौली (म.प्र.) (खरीददार)।
अमित सिंह पिता स्व. शिवराज संह उम्र 33 साल निवासी गनयारी थाना कोतवाली वैढन जिला सिंगरौली (म.प्र.) (खरीददार का सहयोगी)।
पुलिस अधीक्षक बिलासपुर ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) उमेश कश्यप और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अर्चना झा की पुरानी हिस्ट्रीशीटरों पर की गई प्रभावी कार्यवाही की प्रशंसा की है। इस सफलता के लिए सभी पुलिसकर्मियों को नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
प्रदेश में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

मुख्यमंत्री की फर्जी फेसबुक आईडी बनाने वाला आरोपी अलवर से गिरफ्तार

09-Aug-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश )  रायपुर पुलिस ने अलवर, राजस्थान से एक अंतर्राज्यीय आरोपी साहूकार खान को गिरफ्तार किया है, जिसने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाई थी। आरोपी ने मुख्यमंत्री के नाम और फोटो का दुरुपयोग करते हुए सोशल मीडिया पर इस फर्जी आईडी का संचालन किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
प्रार्थी मनोज कुमार साहू की शिकायत पर थाना सिविल लाइन में भारतीय दंड संहिता (भादवि) और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राइम संदीप मित्तल, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन अनुराग झा, उप पुलिस अधीक्षक क्राइम संजय सिंह और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने आरोपी की पहचान कर उसे राजस्थान के अलवर जिले से गिरफ्तार किया।
आरोपी साहूकार खान, उम्र 40 वर्ष, निवासी कोटाखुर्द, थाना रामगढ़, जिला अलवर, राजस्थान है। आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपराध को स्वीकार कर लिया और उसके कब्जे से मोबाइल फोन भी जप्त कर लिया गया है। आरोपी के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
रायपुर पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अन्य फर्जी आईडी मामलों पर भी कार्रवाई का आश्वासन दिया है, जो विशेष रूप से अलवर क्षेत्र में प्रचलित हैं। ऐसे मामलों के विरुद्ध राजस्थान में भी कई अपराध पंजीबद्ध हैं, और रायपुर पुलिस ने अन्य संदिग्धों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है।

अवैध शराब बेचने वाले आरोपी के विरुद्ध पुलिस का प्रहार

08-Aug-2024
बिलासपुर।    ( शोर संदेश )  पुलिस लगातार नशे के खिलाफ़ कार्यवाही कर रही है इसी तारतम्य में पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर बिलासपुर के शहरी तथा सभी ग्रामीण थानो में लगातार शराब/गांजा/नशीली पदार्थ बेचने वालों के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है।
इसी परिप्रेक्ष्य में 6.08.2024 के शाम को थाना प्रभारी कोनी नवीन कुमार देवांगन को सूचना मिली की एक व्यक्ति सेंदरी से मोटरसाइकिल के डिक्की में देशी मंदिरा रखकर निरतु जाने वाला है। सूचना पर कोनी थाना प्रभारी द्वारा पुलिस टीम भेजकर मुखबिर के बताये अनुसार घेराबंदी कर रेड कार्यवाही किया गया। जो सेंदरी एनएच 130 के टर्निंग के पास 01 व्यक्ति अपने हीरो मो.सा. क्रमांक CG 10 BG 6866 से आ रहा था। जिसे रुकवा कर पूछताछ किया जो अपने मो.सा.के लेदर डिक्की में एक सफेद रंग के थैला में 30 पांव देशी मंदिरा शराब रखा था। आरोपी के कब्जे से कुल 30 पांव देशी मंदिरा शराब कीमती कुल 30 पांव देशी शराब कीमती 2700 रु. एवं 01 मोटरसाइकिल जप्त कर कब्जा पुलिस लिया गया है। आरोपी के विरुद्ध वजह सबूत के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत‌् कार्यवाही कर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक ने इस बेहतर और प्रभावी कार्यवाही के लिए ज़िले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहरी एवं ग्रामीण तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी सरकण्डा श्री सिद्धार्थ बघेल , थाना प्रभारी नवीन कुमार देवांगन और स्टाफ़ की सराहना की है ।
 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account