ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

मोदी को हटाने का माहौल नहीं, 300 सीटें जीत सकती है बीजेपी, प्रशांत किशोर ने किया दावा

22-May-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )   चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर (पीके) ने कहा है कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को अपना 370 सीटें जीतने का लक्ष्य हासिल करना असंभव है लेकिन वह करीब 300 सीटें जीतेगी। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी स्थिति में 270 के आंकड़े से नीचे नहीं जा रही बल्कि पिछली बार के आंकड़े 303 के आसपास सीटें जीतेगी।
इन राज्यों में हो सकता है नुकसान
प्रशांत किशोर का दावा है कि भाजपा को उत्तर और पश्चिम क्षेत्रों में कोई बड़ा नुकसान नहीं होता दिखता जबकि वह दक्षिण और पूर्व (बिहार, बंगाल, ओडिशा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल) में सीटें बढ़ा सकती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा और राजस्थान में भाजपा को 2-5 सीटों का नुकसान हो सकता है वहीं महाराष्ट्र में उसे ज्यादा नुकसान नहीं होगा।
मोदी को हटाने की धारणा नहीं
पीके का मानना है कि मोदी और भाजपा की 10 साल की सरकार को लेकर आम जनमानस में हल्की नाराजगी जरूर है, लेकिन जनता के गुस्से जैसी बात खुले तौर पर नजर नहीं आती। लोगों में अभी ऐसी धारणा नहीं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हटाना है।
‘पेट्रोल-डीजल को जीएसटी के दायरे में लाया जा सकता है’
राजनीतिक रणनीतिकार किशोर ने कहा कि राज्यों के पास वर्तमान में राजस्व के तीन प्रमुख स्रोत हैं - पेट्रोलियम, शराब और भूमि. उन्होंने कहा, ‘मुझे आश्चर्य नहीं होगा अगर पेट्रोलियम को जीएसटी के दायरे में लाया जाए.’ फिलहाल पेट्रोल, डीजल, एटीएफ और नेचुरल गैस जैसे पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स जीएसटी के दायरे से बाहर हैं. हालांकि, उन पर अभी भी वैट, सेंट्रल सेल्स टैक्स और सेंट्रल एक्साइज ड्यूटी लगते हैं.
राज्यों के लिए कुछ नियम को बनाया जा सकता है सख्त
प्रशांत किशोर ने यह भी भविष्यवाणी की कि केंद्र राज्यों को संसाधनों के डिस्ट्रीब्यूशन में देरी कर सकता है. फिसकल रिस्पॉन्सिबिलिटी एंड बजट मैनेजमेंट (एफआरबीएम) के नियमों को सख्त बनाया जा सकता है. 2003 में बनाया गया एफआरबीएम अधिनियम राज्यों के वार्षिक बजट घाटे पर एक सीमा लगाता है. उन्होंने भविष्यवाणी की, केंद्र संसाधनों के हस्तांतरण में देरी कर सकता है और राज्यों की बजट से इतर उधारी सख्त कर दी जाएगी. 

"अल्प विराम-स्वयं से मुलाकात" कार्यक्रम आयोजित

21-May-2024
भोपाल   ( शोर संदेश )  ।  राज्य आनंद संस्थान, आनंद विभाग द्वारा मंत्रालय वल्लभ भवन, सतपुड़ा एवं विंध्याचल में पदस्थ पुलिसकर्मियों के लिये दो दिवसीय "अल्पविराम - स्वयं से मुलाकात" कार्यक्रम आयोजित किया गया। अल्पविराम शांत समय मे अंतरात्मा की आवाज को सुनने का एक अभ्यास है जो सकारात्मक सोच विकसित करने की प्रक्रिया को मजबूत बनाता है।
अल्पविराम कार्यक्रम के माध्यम से जीवन में आंतरिक आनंद के महत्व पर चर्चा की गईl सेशन में विभिन्न टूल्स के माध्यम से जीवन का लेखा-जोखा, हमारे रिश्ते, चिंता का दायरा, प्रभाव का दायरा और विभिन्न रोचक गतिविधियों के माध्यम से जीवन में मानवीय मूल्यों के महत्व पर गहराई से सभी अधिकारियों कर्मचारियों के साथ चर्चा कर एवं अनुभव साझा किये।
कार्यक्रम में मुख्य सुरक्षा अधिकारी/ सहायक पुलिस आयुक्त अविनाश शर्मा, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी, राज्य आनंद विभाग के निदेशक प्रवीण गंगराड़े, कार्यक्रम समन्वयक मनु दीक्षित एवं मास्टर ट्रेनर राजेंद्र असाटी, प्रदीप महतो, सीमा अग्निहोत्री और मुकेश करुरा उपस्थित थे 
 

खलेसर घाट से चलाया गया स्वच्छता अभियान

21-May-2024
उमरिया  ( शोर संदेश )   । आयुक्त शहडोल संभाग शहडोल बी एस जामोद एवं कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा चलाने हेतु निर्देश दिए गए गए है। जिसके परिपालन में खलेसर घाट उमरार नदी को स्वच्छ करने का अभियान चलाया गया। खलेसर घाट उमरार नदी में जलकुंभी, प्लास्टिक, तथा अन्य अपशिष्ट का जमाव हो गया था। स्वच्छता अभियान के तहत नदी में प्रतिदिन सफाई की गई जिसके परिणाम स्वरूप खलेसर घाट उमरार नदी को जलकुंभी, प्लास्टिक, तथा अन्य अपशिष्ट से मुक्त कर साफ कर दिया गया है। खलेसर घाट का पानी पहले की तरह स्वच्छ हो गया है ।
 

बच्चे अपने भविष्य के प्रति रहे सजग एवं गंभीर- कलेक्टर

21-May-2024

 अनुपपुर। ( शोर संदेश )     कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने कहा है कि सभी बच्चे अपने भविष्य के प्रति सजग एवं गंभीर रहे। आज के जीवन में कैरियर बहुत ही महत्वपूर्ण स्थान रखता है और बच्चों का जीवन संवारना कैरियर काउंसलिंग का मुख्य उद्देश्य है। कलेक्टर ने कहा कि सभी विद्यार्थियों के जीवन में कैरियर बनाने के अनेक विकल्प हैं, जरूरी नहीं है कि डॉक्टर, इंजीनियर, प्रोफेसर ही बना जाए, इसके अलावा ऐसे अनेक क्षेत्र हैं, जहां बच्चे अपना करियर बना सकते हैं। कलेक्टर आशीष वशिष्ठ आज आदर्श आवासीय एकलव्य विद्यालय के ऑडिटोरियम अनूपपुर में हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा में सफल विद्यार्थियों के लिए आयोजित कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत तन्मय वशिष्ठ शर्मा, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सरिता नायक सहायक संचालक अशोक शर्मा सर्व शिक्षा अभियान के एपीसी संतोष तिवारी सहित संबंधित विभाग के विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने कहा कि कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम में ऐसे विद्यार्थी जो उत्सुकता के साथ सहभागिता निभा रहे हैं तथा जिनके मन में भविष्य को लेकर कोई प्रश्न उठ रहे हैं, तो उसका जवाब पाकर ही जाएं। यहां से जाने के बाद भविष्य को लेकर मन में किसी प्रकार की दुविधा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आप यहां से अपने सपने को लेकर जाएं तथा उसके लिए अथक मेहनत एवं प्रयास जरुर करें सफलता आपको जरूर मिलेगी।
कार्यक्रम में स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी भोपाल एवं ए.के.एस. यूनिवर्सिटी सतना तथा संकल्प संकल्प ग्रुप ऑफ़ एजूकेशन अनूपपुर प्र कॉलेज अनूपपुर के विषय विशेषज्ञ उपस्थित थे उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर उनके संघ का आधारित प्रश्नों का समाधान कारक उत्तर दिया। करियर काउंसलिंग कार्यक्रम में जैतहरी विकासखण्ड के 264 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अभिभावक व शिक्षको ने भी हिस्सा लिया ।

मतगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण सम्पन्न

21-May-2024
अनुपपुर । ( शोर संदेश )    लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 की मतगणना को सुव्यवस्थित सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष वशिष्ठ के मार्गदर्शन में एकलव्य आदर्श आवासीय उ.मा.वि. अनूपपुर में मतगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण सम्पन्न हुआ। मतगणना कार्य हेतु मतगणना पर्यवेक्षक, गणना सहायक, माइक्रो आब्जर्वर को मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। मतगणना कार्य हेतु 288 कार्मिकों को तथा पोस्टल बैलेट मतगणना हेतु 34 कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स ने डाक मतपत्र गणना, ईव्हीएम की गणना, व्हीव्हीपीएटी की पर्चियों की गणना, मतगणना संबंधी सामान्य निर्देश, मतगणना प्रक्रिया आदि के संबंध में जानकारी दी।
कलेक्टर एवं जिपं. सीईओ ने प्रशिक्षण का लिया जायजा
एकलव्य आदर्श आवासीय उ.मा.वि. अनूपपुर में आयोजित मतगणना प्रशिक्षण कार्य का कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष वशिष्ठ तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  तन्मय वशिष्ठ शर्मा के द्वारा जायजा लिया गया। उन्होंने मतगणना कार्मिकों से प्रशिक्षण में बताई गई बातों का ध्यान रखने तथा किसी भी तरह की शंका होने पर मास्टर ट्रेनर्स से समाधान प्राप्त करने के निर्देश दिए।
 

वन भवन से उल्लू का रेस्क्यू

21-May-2024
भोपाल । ( शोर संदेश )     वन मुख्यालय (वन भवन) से 17 मई, 2024 को सामान्य वन मण्डल भोपाल की रेस्क्यू टीम द्वारा एक उल्लू को रेस्क्यू कर वन विहार राष्ट्रीय उद्यान, भोपाल में लाया गया। उक्त उल्लू का तत्समय वन्यप्राणी चिकित्सक  रजत कुलकर्णी द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। उसके पंखों में चोट पाए जाने पर उसका इलाज कर पिंजरे में क्वॉरेन्टाईन बाड़े में रखा गया है। यह उल्लू कामन-बार्न आऊल प्रजाति का है वैज्ञानिक नाम (Tyto alba) है। यह वन्यप्राणी संरक्षण अधिनिम 1972 (यथा संशोधित 2022) के शेडयूल-1 पार्ट-B के अंतर्गत आता है। वर्तमान में उक्त उल्लू स्वस्थ है एवं नियमित भोजन भी कर रहा है। उल्लू के पूर्ण स्वस्थ होने पर उसे प्राकृतिक रहवास (वन क्षेत्र) में छोड़ दिया जायेगा।
 

दिल्ली में गरजे शिवराज, बताया 'आप' का मतलब, कहा- 'अहंकारी आदमी पार्टी'

21-May-2024
नई दिल्ली   ( शोर संदेश )  ।  मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को दिल्ली में आप-कांग्रेस गठबंधन पर तीखा हमला किया और इसे 'ठगबंधन' कहा. चौहान ने 'आप'  पर 'अहंकारी' होने का भी आरोप लगाया और इसे 'अहंकारी आदमी पार्टी' करार दिया। पूर्व सीएम ने बीजेपी उम्मीदवारों मनोज तिवारी, योगेन्द्र चंदोलिया और कमलजीत सहरावत के समर्थन में उत्तर पूर्वी दिल्ली, उत्तर पश्चिमी दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्रों में विभिन्न सार्वजनिक सभाओं को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की।
पूर्वोत्तर दिल्ली के बुराड़ी में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जिस पार्टी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करके 'आप' अस्तित्व में आई, अब उसी कांग्रेस के साथ गठबंधन कर लिया। उन्होंने कांग्रेस पर राम मंदिर निर्माण से 'नाखुश' होने का आरोप लगाया और कहा कि उसने भगवान राम के प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने से इनकार कर दिया।
 

महिला ने बेटों को जहर देने के बाद लगाई फांसी

21-May-2024
उन्नाव   ( शोर संदेश )   ।  उत्तर प्रदेश के उन्नाव से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां एक महिला ने ससुराल वालों से परेशान होकर अपने दो बेटों को जहर दे दिया। फिर खुद ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि छोटे बेटे की मौत हो गई और बड़ा बेटे का इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू की। मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
यह घटना कोतवाली क्षेत्र के पटकापुर गांव में हुई। यहां रहने वाली महिला ने ससुराल वालों से तंग आकर अपने दोनों मासूम बेटों को जहर दे दिया फिर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया। महिला और उसके छोटे बेटे की मौत हो गई और बड़े बेटे का इलाज कानपुर के हैलट में चल रहा है। मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने जेठ, जेठानी समेत चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है।
 

ये ईडी की कार्रवाई नहीं, भाजपा की कार्रवाई है'

21-May-2024

 नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )    अमेरिका, कनाडा और अरब देशों से मिली करोड़ों की अवैध फंडिंग पर आम आदमी पार्टी ने पलटवार किया है। 'आप' ने ईडी की कार्रवाई को भाजपा की कार्रवाई बताया है। 'आप' नेता आतिशी ने कहा कि ये कई साल पुराना मामला है, जिस पर सारे जवाब ईडी, सीबीआई, गृह मंत्रालय और चुनाव आयोग को दिये जा चुके हैं। आतिशी ने कहा कि ये फिर से मोदी जी की ओर से 'आप' को बदनाम करने की साजिश है। उन्होंने कहा कि हर चुनाव से पहले भाजपा ये सब करती है। अगले 4 दिन में कई ऐसे गलत आरोप लगाए जाएंगे. आतिशी ने कहा कि मोदी जी सीएम केजरीवाल से डरे हुए हैं।

दरअसल, दिल्ली के शराब नीति घोटाला मामले में फंसी आम आदमी पार्टी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. पहले से ही कोर्ट में चल रहे मामले के बीच अब ईडी ने आम आदमी पार्टी के विदेशी फंड को लेकर बड़ा खुलासा किया है।
जानकारी के मुताबिक, ईडी ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को बताया कि 'आप' को 2014-2022 के दौरान 7.08 करोड़ रुपये का विदेशी फंड मिला। जांच एजेंसी ने पार्टी पर इस विदेशी फंड को हासिल करने में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), जन प्रतिनिधित्व अधिनियम (आरपीए), और विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए) के उल्लंघन करने का आरोप लगाया है. इस फंड को हासिल करने के लिए विदेशी दानदाताओं की पहचान और राष्ट्रीयता के साथ-साथ कई अन्य तथ्यों को छिपाने जैसे आरोप ईडी ने अपनी रिपोर्ट में लगाए हैं।

 


वाराणसी में आज नारी शक्ति संवाद करेंगे प्रधानमंत्री मोदी

21-May-2024
वाराणसी  ( शोर संदेश )   ।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र काशी में महिला मतदाताओं से 21 मई को रूबरू होने वाले हैं। वाराणसी की महिला वोटरों के लिए नारी शक्ति संवाद में प्रधानमंत्री महिलाओं के लिए केंद्र की योजनाओं और महिला सशक्तिकरण मुद्दे पर उनको संबोधित करेंगे। 25 हज़ार महिलाएं इस कार्यक्रम में शामिल होंगी, जिसमें अलग-अलग वर्ग की महिलाएं होंगी।
काशी से तीसरी बार नामांकन करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोबारा अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचने वाले हैं। पीएम 21 मई को नारी शक्ति संवाद को संबोधित करेंगे। वाराणसी के सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम की जिम्मेदारी भाजपा महिला मोर्चा ने संभाली है। अपनी तरह के अलग इस कार्यक्रम के ज़रिए शिव की काशी से नारी 'शक्ति' का संदेश पूरे भारत में जाएगा। इसमें सभी जिम्मेदारी महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने निभाई है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25,000 से अधिक महिलाओं से संवाद करेंगे।
 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account