ब्रेकिंग न्यूज

जनप्रतिनिधि

CM साय ने रमन सिंह और तोखन साहू को दी जन्मदिन की बधाई

15-Oct-2024
रायपुर  ( शोर संदेश ) । विष्णुदेव साय ने रमन सिंह और तोखन साहू को जन्मदिन की बधाई दी। रमन सिंह को बधाई देते सीएम साय ने लिखा, छत्तीसगढ़ के विकास पुरुष, आदरणीय विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह  को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
आपके कुशल नेतृत्व में प्रदेश ने अभूतपूर्व प्रगति की है। गरीब, किसान, आदिवासी और महिलाओं के सशक्तिकरण से लेकर बुनियादी ढांचे के विकास तक, आपका योगदान सदैव प्रेरणादायक रहेगा और हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा।
केंद्रीय मंत्री को भी दी बधाई - केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री व बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद तोखन साहू , आपको जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। माँ महामाया से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना करता हूँ।
 

मुख्यमंत्री साय को 27 वें अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में शामिल होने का निमंत्रण

15-Oct-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णु देव को राजधानी रायपुर में 16 से 19 अक्टूबर तक आयोजित 27वें अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में शामिल होने का आमंत्रण मिला है। साय से आज यहाँ उनके निवास कार्यालय में वन मंत्री केदार कश्यप के नेतृत्व में वन विभाग के अधिकारियों ने भेंटकर उन्हें शुभारंभ कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी करना छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। इस मौके पर अधिकारियों ने उन्हें स्पोर्ट्स किट भी भेंट किया।
इस अवसर पर प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख व्ही. श्रीनिवास राव, एडिशनल पीसीसीएफ सुनील मिश्रा, एडिशनल पीसीसीएफ अरूण पाण्डेय, एडिशनल पीसीसीएफ संजीता गुप्ता, मुख्य वन संरक्षक शालिनी रैना, सीसीएफ राजू अगासिमनी भी उपस्थित थे।
प्रतियोगिता की नोडल अधिकारी शालिनी रैना (मुख्य वन संरक्षक मानव संसाधन व आईटी) ने बताया कि यह एक वृहद व प्रतिष्ठित आयोजन है जो वनों की सुरक्षा व वन्य प्राणियों के संरक्षण को लेकर समर्पित है, जिसमें देशभर के अनेक प्रतिभागी शामिल होने वाले हैं। उन्होंने बताया कि राजधानी के 27वें अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में देशभर से करीब 3 हजार से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे। वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी इस पांच दिवसीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सतत प्रयासरत है।
गौरतलब है कि राजधानी रायपुर में 16 से 20 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता का उद्घाटन राजधानी के कोटा स्थित स्टेडियम में होगा। कार्यक्रम में भारतीय टी-20 क्रिकेट टीम के कप्तान और युवाओं में स्काई के नाम मशहूर क्रिकेटर सूर्य कुमार यादव शामिल होंगे। साथ ही आयोजन के समापन समारोह में ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर भी शामिल होंगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी वीडियो जारी कर प्रतियोगिता में भाग लेने वाले देशभर के वन सेवा के अधिकारी व कर्मचारियों को बधाई देते हुए आयोजक वन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन को शुभकामनाएं प्रेषित की है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बस्तर एवं राजनांदगांव जिले के दौरे पर

15-Oct-2024
रायपुर।   ( शोर संदेश ) मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 15 अक्टूबर मंगलवार को बस्तर एवं राजनांदगांव जिले के दौरे पर रहेंगे जहां वे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री साय 15 अक्टूबर को सुबह 10.20 बजे पुलिस ग्राउण्ड हेलीपेड रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर सुबह 11.30 बजे मां दंतेश्वरी विमानतल जगदलपुर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री 11.40 बजे जगदलपुर में दसराहा पसरा परिसर का लोकार्पण करेंगे।साय 11.55 बजे दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन एवं पूजा अर्चना में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री 12.20 बजे सिरहासार भवन जगदलपुर में मुरिया दरबार कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 1.40 बजे रोटरी भवन में आयोजित बस्तर चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 2.35 बजे बस्तर क्लब में मांझी चालकियों के साथ भोजन करेंगे। मुख्यमंत्री अपरान्ह 3.10 बजे जगदलपुर से रवाना होकर शाम 4.10 बजे राजनांदगांव पहुंचेंगे। जहां वे पुलिस लाईन में उत्कृष्ठ खिलाड़ियों से भेंट करेंगे। मुख्यमंत्री का शाम 7.15 बजे से 8.15 तक का समय स्पीकर हाउस में आरक्षित रहेगा। साय रात 8.30 बजे से 10 बजे तक म्युनिसिपल स्कूल मैदान में आयोजित कवि सम्मेलन में शामिल होंगे। तत्पश्चात रात्रि 10 बजे कार द्वारा प्रस्थान कर रात्रि 11.30 बजे मुख्यमंत्री निवास रायपुर लौटेंगे। 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर भारत सरकार ने 8 सड़क खंडों के विकास के लिए स्वीकृत किए 892 करोड़ रुपए

15-Oct-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश ) केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ में आठ सड़क खंडों के विकास के लिए 892 करोड़ 36 लाख रुपए मंजूर किए हैं। इस राशि से राज्य के छह जिलों में करीब 324 किलोमीटर सड़कों के विकास और उन्नयन के कार्य किए जाएंगे। 
भारत सरकार ने आज राशि स्वीकृति का आदेश राज्य शासन के लोक निर्माण विभाग के सचिव को भेजा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य में सड़कों के विकास के लिए इतनी बड़ी राशि देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को धन्यवाद दिया है। 
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सीआरआईएफ से मंजूर की गई इस राशि के लिए भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में सड़कों के निर्माण में केंद्र सरकार का लगातार सहयोग मिल रहा है। इस राशि से बेमेतरा, मुंगेली, राजनांदगांव, जशपुर, बिलासपुर और खैरागढ़ जिले में आठ सड़क खंडों का चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और उन्नयन होगा।   
राज्य शासन के लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रदेश के छह जिलों में कुल 323.9 किलोमीटर सड़क खंडों के विकास के लिए इस साल 9 सितम्बर को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा गया था। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने विगत 30 सितम्बर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के साथ नई दिल्ली में हुई बैठक में इस प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति दी थी। भारत सरकार द्वारा आज इसके लिए 892 करोड़ 36 लाख रुपए की स्वीकृति का आदेश जारी कर दिया गया है।
भारत सरकार द्वारा मंजूर की गई 892 करोड़ 36 लाख रुपए की राशि से बेमेतरा और मुंगेली जिले में नांदघाट-मुंगेली सड़क खंड में 39 किलोमीटर लंबाई और बेमेतरा-नवागढ़-मुंगेली सड़क खंड में 43 किलोमीटर लंबाई का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जाएगा। राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव-चौकी-मोहला मानपुर सड़क खंड में 96.2 किलोमीटर, जशपुर जिले के बागबहार-कोतबा सड़क खंड में 13.5 किलोमीटर, लुड़ेंग-तपकरा-लावाकेरा सड़क खंड में 41 किलोमीटर और जशपुर-आस्टा-कुसमी सड़क खंड में 28 किलोमीटर लंबाई के मजबूतीकरण का कार्य भी इनमें शामिल हैं। बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी-सरवानी-पसीद-अमलडिहा-बरतोरी-दगोरी सड़क खंड के 32.8 किलोमीटर तथा राजनांदगांव और खैरागढ़ जिले के राजनांदगांव-कवर्धा-पोंडी सड़क खंड के 30.4 किलोमीटर का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का कार्य भी इस राशि से किया जाएगा।

संस्कृति व परंपरा को सहेजना हमारा कर्तव्य : मुख्यमंत्री

15-Oct-2024
सूरजपुर। ( शोर संदेश ) मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, जिले के ग्राम सिलौटा प्रतापपुर के मिनी स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित आदिवासी करमा महातिहार कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व मुख्यमंत्री करमडार पूजा कार्यक्रम में शामिल हुए और छत्तीसगढ़ के खुशहाली और संपन्नता की कामना की। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के बंधुओं द्वारा आदिवासी संस्कृति व परंपरा का प्रस्तुतिकरण करते हुए उनका आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय द्वारा सूरजपुर जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छ सुंदर और स्वस्थ गांव बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई पहल ’हमर सुघर गांव’ और सूरजपुर जिले के नागरिको की समस्याओं के समाधान के लिए निर्मित वॉट्सएप्प बेस्ड चौटबोट प्लेटफार्म समाधान सूरजपुर ऐप का शुभारंभ किया। इसके अलावा उन्होंने जिले के विकास कार्यों पर आधारित विकास पत्रिका ’ प्रगति पत्रक ’ का विमोचन भी किया। साथ ही  जिला प्रशासन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने हेतु शुरू किए गए चैंपियंस ऑफ चेंज अवॉर्ड की मुख्यमंत्री साय ने शुभारंभ किया।
मंचीय कार्यक्रम के पूर्व कोड़ाकू जनजाति द्वारा सामूहिक सांदो नाच का प्रदर्शन किया गया और बैगा जनजाति द्वारा पारंपरिक विधि से पूजा अर्चना किया गया। इस आयोजित करमा महोत्सव कार्यक्रम में चारो तरफ आदिवासी पारंपरिक छंटा बिखरी नजर आ रही थी। इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि खुशी की बात है कि आदिवासी समाज अपनी संस्कृति व परंपरा को सहजने के लिए बढ़ चढ़कर आगे आ रहा है।  
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें ग्राम सिलौटा के पावन भूमि में आकर एवं कर्मा तिहार में शामिल होकर बेहद खुशी हुई है। इस अवसर पर उन्होंने सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कर्मा उत्सव हमारे ग्रामीण क्षेत्र की पुरानी परंपरा। उन्होंने कर्मा के प्रकार का विवरण भी दिया। उन्होंने बताया कि एकादशी करमा कुंवारी बेटियां,जीवित्पुत्रिका करमा माताओं द्वारा किया जाता है। इसके अलावा फसलों की सुरक्षा के लिए कर्मा त्यौहार मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि यह पुरखों के द्वारा सौंपी परंपरा है जिसे हमे आगे भी जारी रखना है और आपसी एकता का परिचय देते हुये इसे निरंतर एकजुट होकर उत्साह पूर्वक मानना है। उन्होंने सभी लोगों से अपील किया कि सभी अपने परंपराओं से जुड़े रहें।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में निरंतर लोगों शासन की योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पीएम आवास के द्वारा शासन लोगों को पक्का आवास प्रदान करने का कार्य कर रही है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रति माह 1000 रुपए प्रदान किया जा रहा है जिससे महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। रामलला दर्शन योजना के द्वारा रामभक्तों को अयोध्या धाम में निःशुल्क रामलला का दर्शन कराया जा रहा है। शासन द्वारा वनवासियों को लाभान्वित करते हुए तेंदूपत्ता संग्रहण का दर प्रति मानक बोरा 4000 रुपए से बढ़ाकर 5500 रुपए  कर दिया है। साथ ही पीएससी घोटाला की जांच भी सीबीआई द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा इन वादों की तरह ही शीघ्र ही सरकार अपने सारे वादों को पूरी करेगी। उन्होंने बताया कि सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास और सबका प्रयास के साथ प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार निरंतर आदिवासियों के सम्मान के लिए काम कर रही है। अति पिछड़ा वर्ग के आदिवासियों के विकास के लिए पीएम जनमन योजना का कार्यान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने जनजातीय उत्थान के लिए जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजना का  क्रियान्वयन किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिले में शासन  के विभिन्न विभागों के अंर्तगत किए जा रहे विकास कार्यों पर आधारित स्टॉल का अवलोकन किया। इस दौरान साय ने महिला एवं बाल विकास विभाग के योजनांतर्गत गर्भवती महिलाओं का गोदभराई संस्कार एवं 06 माह तक के बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया। इस अवसर पर महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों द्वारा समस्त महिलाओं के ओर से मुख्यमंत्री साय को उपहार के साथ सम्मानित करते हुए धन्यवाद दिया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड एवं सिकल सेल जेनेटिक कार्ड का वितरण किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंर्तगत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान समूह की महिला के परिजन को पीएम सुरक्षा योजना अंर्तगत 02 लाख का चेक प्रदान कर योजना से लाभान्वित किया गया। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत स्वच्छाग्रहियों को शाल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया।  साथ ही पीएम आवास योजना अंतर्गत मुख्यमंत्री द्वारा  हितग्राहियों को खुशियों की चाबी सौंपी गई। कृषि विभाग की योजनांतर्गत मुख्यमंत्री साय केसीसी कार्यक्रम अंतर्गत चेक एवं पीएम फसल बीमा योजना के मेरी पॉलिसी मेरे हाथ अंतर्गत पॉलिसी सर्टिफिकेट प्रदान किया। राज्य डेयरी उद्यमिता विकास योजना अंतर्गत हितग्राहियों को सब्सिडी का चेक, फसल बीमा योजना के तहत हॉर्टिकल्चर के हितग्राहियों को चेक एवं मत्स्य पालकों को  आइस बॉक्स एवं जाल का वितरण किया गया। साथ समाज कल्याण विभाग अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के तहत लैपटॉप एवं मोटराइज्ड ट्राइसिकल का वितरण किया गया।
गौरतलब है कि  जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अन्तर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को इस अवार्ड के तहत सम्मानित करने का कार्य प्रारंभ किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा नवाचारी पहल करते हुए इस योजना को शुरू किया गया है । इस  अभिनव पहल का उद्देश्य उन व्यक्तियों को प्रोत्साहित करना है जिन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है और जो अपने विभाग में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
समाधान सूरजपुर, जिला प्रशासन सूरजपुर की एक अभिनव पहल है, जिसका उद्देश्य उत्तरदायी और पारदर्शी प्रशासन सुनिश्चित करना है । यह एक व्हाट्सएप-आधारित बॉट प्लेटफ़ॉर्म है, जो जिला प्रशासन को नागरिकों से जोड़ता है। इस प्रणाली के माध्यम से नागरिक अपने घर से ही वॉट्सएप के माध्यम से शिकायतें, मांगें या सुझाव दर्ज कर सकते हैं। एक बार शिकायत चौटबॉट के माध्यम से दर्ज हो जाती है, तो वह स्वतः समाधान पोर्टल पर परिलक्षित होती है और संबंधित विभाग को अग्रेषित कर दी जाती है, जहां उसका समाधान किया जाता है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि करमा महोत्सव को सरगुजा की विशिष्ट पहचान बताया। करमा का पर्व सरगुजा के मिट्टी में रची बसी है। उन्होंने कहा कि करमा पर्व यहां के आदिवासी जनता का प्रकृति से संबंध को प्रदर्शित करता है। महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने कहा कि करमा महोत्सव प्राकृतिक धरोहर का अभिन्न अंग है। उन्होंने प्रकृति के संरक्षण और करम की प्रधानता को उल्लेखित किया।
विधायक प्रतापपुर शकुंतला सिंह पोर्ते ने कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के स्वागत में अभिनंदन पत्र का वाचन किया। जिसमें उन्होंने कर्मा तिहार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की उपस्थिति पर उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया व क्षेत्र की जनता की ओर से उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के सुशासन से क्षेत्र में बदलाव आ रहा है। उन्होंने कहा आज क्षेत्र ही नहीं अपितु जिले व पूरे प्रदेश का समावेशी विकास हो रहा है।
 

मुख्यमंत्री के विशेष निर्देश पर सिम्स बिलासपुर में पीजी के दो नए कोर्स को शासन ने दी मंजूरी

15-Oct-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश ) मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं मे विस्तार और युवाओं के लिए राज्य में ही मेडिकल शिक्षा को लेकर काफी संवेदनशील हैं। मुख्यमंत्री की पहल पर चिकित्सा शिक्षा विभाग ने सिम्स बिलासपुर में छः पीजी पाठ्यक्रमों के लिए सीटों में बढोत्तरी की मंजूरी प्रदान कर दी है। इसके साथ ही सिम्स बिलासपुर में दो नए पीजी पाठ्यक्रमों को शुरू करने की भी मंजूरी राज्य शासन ने दी है।
राज्य शासन के द्वारा पीजी के अतिरिक्त सीटों और नए पाठ्यक्रमों को मंजूरी दिए जाने पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा है कि सीटों में वृद्धि से राज्य में एमबीबीएस कर रहे मेडिकल के छात्रों को लाभ मिलेगा। राज्य में ही पीजी पाठ्यक्रम में प्रवेश  की संभावना बढ़ने से छात्रों को राज्य में ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का मौका मिलेगा। 
राज्य शासन की तरफ से सिम्स बिलासपुर में एमडी रेडियो डायग्नोस्टिक्स और एमडी रेस्पिरेटरी मेडिसीन के 2 नए पाठ्यक्रमों को शुरू करने की मंजूरी दी गयी है। इसके अलावा एमडी पीडियाट्रिक्स में दो सीटों की वृद्धि, एमएस आब्स्टेट्रिक्स व गाइनेकोलाजी में 4 सीटों की वृद्धि, एमडी एनेस्थीसियोलाजी में 5 सीटों की वृद्धि, एमएस ओटोरिनोलेरिंगोलाजी में 2 सीटों की वृद्धि तथा एमडी कम्यूनिटी मेडिसीन में 4 सीटों की वृद्धि के लिए मंजूरी प्रदान की गयी है। राज्य शासन द्वारा इस आशय का इशेंसियेलिटी सर्टिफिकेट भी जारी कर दिया गया है। इससे न सिर्फ मेडिकल में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ेगी बल्कि राज्य को अतिरिक्त विशेषज्ञ चिकित्सक भी मिलेंगे।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर पीएचई में 261 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू

14-Oct-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री साय के निर्देश पर हाल ही में वित्त विभाग द्वारा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में 261 पदों पर भर्ती की मंजूरी मिलने के बाद विभाग ने इसके लिए तेजी से कार्यवाही शुरू कर दी है। उप मुख्यमंत्री तथा विभागीय मंत्री के अनुमोदन के बाद विभाग द्वारा भर्ती प्रक्रिया के लिए व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) को पत्र भेजा जा रहा है। पीएचई में अभियंताओं और हैंडपंप तकनीशियनों सहित राज्य स्तरीय 181 और अराज्य स्तरीय 80 पदों पर भर्ती होनी है।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा राज्य स्तरीय पदों के तहत उप अभियंता (सिविल) के 118 पदों, उप अभियंता (विद्युत/यांत्रिकी) के दस, अनुरेखक के 37, केमिस्ट के 12, सहायक ग्रेड-3 और वाहन चालक के दो-दो पदों पर चयन के लिए व्यापमं को पत्र लिखा जा रहा है। वहीं अराज्य स्तरीय पदों के अंतर्गत हैंडपंप तकनीशियन के 50 पदों, सहायक ग्रेड-3 और वाहन चालक के दस-दस पदों तथा प्रयोगशाला सहायक और ट्रक चालक के पांच-पांच पदों पर भर्ती परीक्षा आयोजित करने के लिए व्यापमं को पत्र प्रेषित किया जा रहा है।
 

आदिवासी समाज के जिला स्तरीय कर्मा महोत्सव में शामिल होने सूरजपुर जिले के सिलौटा पहुंचे सीएम साय

14-Oct-2024
रायपुर। ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज ’सर्व आदिवासी समाज के जिला स्तरीय कर्मा महोत्सव’ में शामिल होने सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड स्थित ग्राम सिलौटा पहुंचे।
हेलीपेड पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक भूलन सिंह मरावी, शकुन्तला पोर्ते, भैयालाल राजवाड़े,राजेश अग्रवाल, प्रबोध मिंज,रामकुमार टोप्पो, सरगुजा संभाग कमिश्नर जी. आर. चुरेंद्र, सरगुजा आई.जी. अंकित गर्ग, कलेक्टर रोहित व्यास द्वारा पुष्पगुच्छ देकर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
 

विष्णु कैबिनेट की बैठक 16 को, कई प्रस्तावों पर लगेगी मुहर...

14-Oct-2024
रायपुर। ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 16 अक्टूबर को राज्य कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक होगी। यह बैठक मंत्रालय में सुबह 11 बजे से शुरू होगी, जिसमें राज्य के किसानों, सरकारी कर्मचारियों और युवाओं की निगाहें टिकी होंगी।
कैबिनेट की पिछली बैठक 20 सितंबर को हुई थी, जिसके बाद मंत्रियों की व्यस्तता के कारण इस महीने की शुरुआत में प्रस्तावित बैठक स्थगित हो गई थी। अब यह बैठक 16 अक्टूबर को होने जा रही है, जिसमें कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
धान खरीदी और राज्योत्सव की तैयारियों पर समीक्षा
इस बैठक में राज्य सरकार द्वारा धान खरीदी और आगामी राज्योत्सव की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। इस साल राज्य में 160 लाख टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है, और 15 नवंबर से खरीदी शुरू करने का प्रस्ताव है। इन प्रस्तावों पर कैबिनेट की मुहर लगने की संभावना है।
सरकारी कर्मचारियों के डीए और नए पदों पर निर्णय की उम्मीद
प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों द्वारा 4% महंगाई भत्ता (डीए) बढ़ाने की मांग की जा रही है, और इस मुद्दे पर भी इस बैठक में चर्चा होने की उम्मीद है। इसके साथ ही, कुछ विभागों में नए पदों की स्वीकृति के प्रस्ताव भी कैबिनेट के समक्ष रखे जा सकते हैं।
विधायकों के यात्रा भत्ते में वृद्धि का प्रस्ताव
कैबिनेट बैठक में विधायकों के यात्रा भत्ते में वृद्धि के प्रस्ताव को भी मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा। इसके अलावा, पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों को एक साथ कराए जाने पर भी चर्चा हो सकती है। इस संदर्भ में गठित आईएएस ऋचा शर्मा की कमेटी ने अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है, जिसमें दोनों चुनाव एक साथ कराने की अनुशंसा की गई है।
राज्य के विकास से जुड़े इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर होने वाली इस कैबिनेट बैठक के परिणामों पर सबकी नजरें रहेंगी, खासकर किसानों, सरकारी कर्मचारियों और युवाओं की, जो महत्वपूर्ण फैसलों की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

मुख्यमंत्री साय आज लैलूंगा में उरांव समाज के करमा महोत्सव में होंगे शामिल

14-Oct-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज साेमवार काे एक दिवसीय रायगढ़ जिले के लैलूंगा प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम अनुसार मुख्यमंत्री आज दोपहर 2.15 बजे ग्राम-सिलौटा, जिला-सूरजपुर से हेलीकाप्टर द्वारा प्रस्थान कर अपरान्ह 3 बजे लैलूंगा पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री साय अपरान्ह 3.05 बजे वृहत सम्मेलन एवं उरांव समाज के करमा महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री साय शाम 4.10 बजे लैलूंगा से रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account