नई दिल्ली। (शोर संदेश) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन देशों के दौरे के आखिरी चरण के लिए शुक्रवार को ऑकलैंड पहुंचे। पीएम मोदी के यहां पहुंचने पर न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफ़र लक्सन ने उन्हें गले लगाकर उनका स्वागत किया।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर इसकी जानकारी दी, उन्होंने कहा, “कुछ देर पहले ही ऑकलैंड पहुंचा। एयरपोर्ट पर स्वागत के लिए प्रधानमंत्री लक्सन का आभारी हूं ।” प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरे को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि चार दशकों में किसी प्रधानमंत्री का न्यूज़ीलैंड का यह पहला दौरा है। मैं प्रधानमंत्री लक्सन के साथ बातचीत करने और भारत-न्यूज़ीलैंड दोस्ती के सभी पहलुओं पर चर्चा करने के लिए उत्सुक हूँ। मैं कल ऑकलैंड में एक कम्युनिटी प्रोग्राम को भी संबोधित करूंगा।
तीन देशों (इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड) की राजकीय यात्रा के तीसरे और अंतिम चरण में पीएम मोदी न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री लक्सन के निमंत्रण पर, मेलबर्न से ऑकलैंड के दौरे पर पहुंचे हैं।
वहीं, इन देशों की यात्रा पर रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने कहा कि मेरी यह यात्रा मार्च 2025 में प्रधानमंत्री लक्सन की भारत यात्रा के बाद हमारे द्विपक्षीय संबंधों में आई मजबूती को और आगे बढ़ाएगी। इस यात्रा के दौरान, मैं प्रधानमंत्री लक्सन के साथ आर्थिक, व्यापारिक और वाणिज्यिक संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा करूंगा। मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर के साथ ही भारत और न्यूजीलैंड ने द्विपक्षीय व्यापार और वाणिज्यिक संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई है।
उन्होंने कहा कि हमारे द्विपक्षीय संबंधों में भारतीय प्रवासी समुदाय का महत्वपूर्ण योगदान रहा है और इस यात्रा के दौरान, मैं भारतीय समुदाय के सदस्यों को संबोधित करने के लिए उत्सुक हूं, जिन्होंने जीवन के सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।