ब्रेकिंग न्यूज

*टिकटॉक स्टार और भाजपा नेत्री सोनाली फोगाट का निधन*

23-Aug-2022

पणजी (शोर सन्देश)। टिकटॉक स्टार और भाजपा नेत्री  सोनाली फोगाट की गोवा में हार्ट अटैक से मौत हो गई है। उनके भाई वतन ढाका ने मौत की खबर की पुष्टि की है। उनकी एक बेटी है। वहीं सोनाली फोगाट की मौत की सूचना पर उनका परिवार भूथन से गोवा के लिए रवाना हो गया है। 2016 में सोनाली के पति संजय फोगाट भी फार्म हाउस में मृत मिले थे। फतेहाबाद के भूत्थन खुर्द में ढाका परिवार की बेटी सोनाली 22 से 25 तक अपने पूर्व निर्धारित गोवा टूर पर थी। वे अपने टिकटॉक वीडियो से चर्चा में रहती थीं। सोनाली ने अपने करियर की शुरुआत साल 2006 में एंकरिंग से की थी। वह हिसार दूरदर्शन के लिए एंकरिंग करती थीं। दो साल बाद 2008 में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ले ली। 2019 में भाजपा की टिकट पर आदमपुर से विधानसभा का चुनाव लड़ा था। सोनाली पंजाबी और हरियाणवी फिल्में, म्यूजिक वीडियोज कर चुकी थी। उन्होंने साल 2019 में फिल्म छोरियां छोरों से कम नहीं होती में काम किया था। यह उनकी पहली फिल्म थी। बिग बॉस के दौरान उन्होंने खुलासा किया था कि उनके पति के निधन के बाद बहुत से लोगों ने उनका मानसिक उत्पीड़न करने की कोशिश की थी। उस समय वे काफी अकेली पड़ गई थीं। सोनाली किसान आंदोलन के दौरान अपने बयानों को लेकर काफी चर्चा में रही थीं। उन्होंने किसान आंदोलन पर कहा कि कृषि कानून किसानों के फायदे के लिए हैं। किसानों को बरगलाया गया है। केंद्र सरकार को चाहिए कि खुले दिल से इन पर चर्चा करे ताकि किसान इन कानूनों का महत्व समझ सकें। पिछले साल एक अधिकारी को चप्पल मारते हुए उनका वीडियो वायरल हुआ था, जिससे वह चर्चा में आईं। वहीं एक गांव में संबोधन के दौरान भी विवादित टिप्पणी के कारण वह चर्चा में रही थीं। पिछले दिनों वे आदमपुर के पूर्व विधायक कुलदीप बिश्नोई के भाजपा में शामिल होने पर काफी नाराज दिखी थीं। उन्होंने कहा था मैं हूं हरियाणा की जाट, नाम है सोनाली फोगाट, कर दूंगी सबकी खड़ी खाट और आगे-आगे देखिए सोनाली फोगाट के ठाठ।



leave a comment


kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account