ब्रेकिंग न्यूज

खेल

मुख्यमंत्री से जु-जित्सु चैंपियनशिप में मैडल जीतने वाली खिलाड़ियों ने की मुलाकात

31-Aug-2024
रायपुर।   ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मंत्रालय महानदी भवन में जु-जित्सु खिलाड़ी सानिया परवीन और शबा परवीन ने मुलाकात की। इन खिलाड़ियों ने मध्य प्रदेश के देवास में 19 से 21 जुलाई तक आयोजित राष्ट्रीय स्तर की  प्रथम वेस्ट जोन जु-जित्सु चैंपियनशिप 2024 में गोल्ड, सिल्वर और ब्राँज मेडल सहित कुल चार पदक जीते हैं।
सानिया परवीन ने 21 वर्ष आयु वर्ग में जु-जित्सु कॉन्टेक्ट में सिल्वर और जु-जित्सु फाइटिंग स्पर्धा में ब्रांज मेडल तथा शबा परवीन ने अंडर 16 आयु वर्ग में जु-जित्सु कॉन्टेक्ट में सिल्वर मेडल तथा अंडर 18 आयु वर्ग में जु-जित्सु फाइटिंग स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता है। इन खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री साय को अपनी उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी। मुख्यमंत्री साय ने इन खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धियों पर उन्हें बधाई  और शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
गौरतलब है कि शबा परवीन ने अपने जन्मदिन 19 जुलाई को अंडर 16 आयु वर्ग की स्पर्धा में सिल्वर मेडल तथा अगले दिन 20 जुलाई को अंडर 18 आयु वर्ग की स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता है। इस अवसर पर इन खिलाड़ियों के पिता लतीफ मोहम्मद भी उपस्थित थे।

चिकित्सा महाविद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हुई दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता

31-Aug-2024
रायपुर।   ( शोर संदेश ) राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस आयोजन में सभी चिकित्सा छात्रों, प्राध्यापकों एवं अधिकारी, कर्मचारियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया।  छात्र-छात्राओं के लिए बालक व बालिका वर्ग में बैडमिंटन प्रतियोगिता एवं प्राध्यापकों, अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए कैरम प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें सिंगल व डबल के मैच खेले गये | 
बैडमिंटन (बालक) सिंगल में आदित्य जैन ने कड़े मुकाबले में प्रदीप सलाम को परास्त कर विजेता के मेडल पर कब्जा जमाया। बालिका सिंगल में अंजलि मिश्रा रनर व अंजू पैंकरा विनर बनीं। इसी प्रकार बालिका डबल में हर्षिता तलंडी, मनीषा केसरी विजेता व अंजलि मिश्रा, लेनिशा उपविजेता रहे। 
प्राध्यापकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कैरम प्रतियोगिता के सिंगल में विजेता ज्ञानेश यादव व उपविजेता हेमंत वर्मा रहे। कैरम डबल में ज्ञानेश यादव व हेमंत वर्मा की जोड़ी ने धर्मेंद्र नायक व विकास मिश्रा को हराकर गोल्ड मेडल जीता।
फाइनल मैच की अतिथि डॉ. स्निग्धा जैन (एसोसिएट प्रोफेसर एंड हेड फोरेंसिक मेडिसिन विभाग) तथा डॉ. नागेंद्र सोनवानी (असिस्टेंट प्रोफेसर फोरेंसिक मेडिसिन विभाग) थे । पुरस्कार वितरण दोनों अतिथियों के करकमलों से संपन्न हुआ। संपूर्ण प्रतियोगिता क्रीड़ा अधिकारी डॉ. सुधीर राजपाल के निर्देशन में समस्त छात्र-छात्राओं के सहयोग से संपन्न हुई । 

राष्ट्रीय खेल दिवस पर फुटबॉल मैत्री मैच का हुआ आयोजन

31-Aug-2024
अम्बिकापुर।   ( शोर संदेश )    जिला प्रशासन तथा खेल व युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वाधान में प्रतिवर्ष  की भांति इस वर्ष भी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस पर फुटबाल मैत्री मैच एवं राष्ट्रीय-अंन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों के सम्मान समारोह का आयोजन गुरुवार को पीजी कॉलेज के हॉकी स्टेडियम में किया गया। 
फुटबाल मैत्री मैच में सैनिक स्कूल, कार्मेल स्कूल, होलीक्रॉस महिला कॉलेज, अम्बिका मिशन विद्यालय तथा खेलो इंडिया फुटबाल प्रशिक्षण केंद्र के लगभग 300 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। बालिका वर्ग में 03 दल तथा पुरुष वर्ग में 04 दलों ने हिस्सा लिया। बालिका वर्ग में खेलो इंडिया फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र अम्बिकापुर 02-0 से विजयी रही तथा होलीक्रॉस महिला कॉलेज अम्बिकापुर का दल उपविजेता रही। पुरुष वर्ग में कार्मेल स्कूल का दल 03-00 से विजयी रहा तथा खेलो इंडिया फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र अम्बिकापुर का दल उपविजेता रहे।
आयोजन में मुख्य अतिथि कमाण्डेंट नगर सेना शिवकुमार कठौतिया, पार्षद मधुसूदन शुक्ला,  पार्षद एवं एमआईसी नगर पालिक निगम द्वितेन्द्र मिश्रा सहित अन्य अतिथियों ने विजयी खिलाड़ियों को शिल्ड मेडल तथा जिले के विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों जैसे व्हालीबाल से सचिव सज्जन सिंह, हॉकी से सचिव राजेश प्रताप सिंह , शतरंज से सचिव शेषरतन जायसवाल, टीटी से सचिव नावेद खान, फुटबाल से सचिव विकास सिंह, बास्केटबाल से सचिव राजेश प्रताप सिंह, क्वान की डो सचिव अमन गुप्ता, तीरंदाजी से सचिव राहुल सोनकर को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। 
इस अवसर पर खेल में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने के लिए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न खेल संघो के पदाधिकारी, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विवेक कुजूर, उम्बुलन संगा, राज कुजूर, अलेक्स खलखो, सलमोन केरकेट्टा ने निर्णायक कार्य किया।
 

शिखर धवन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास, क्या आईपीएल खेलेंगे?

24-Aug-2024
नई दिल्ली। ( शोर संदेश )   भारतीय क्रिकेट टीम से लंबे समय से बाहर चल रहे बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने अंतराष्ट्रीय क्रिकेट और घरेलू क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. 38 साल के शिखर धवन के संन्यास की अटकले लंबे समय से लगाई जा रही थी. 24 अगस्त की सुबह सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट के माध्यम से इस दिग्गज ने अपने संन्यास की घोषणा की. 
संन्यास पर शिखर का बयान

शिखर धवन ने अपने एक्स हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए संन्यास का ऐलान किया है. वीडियो में धवन ने कहा है कि, नमस्कार सभी को आज मैं एक ऐसे मोड़ पर खड़ा हूं जहां से पीछे देखने पर सिर्फ यादें नजर आती हैं और आगे देखने पर एक पूरी दुनिया. मेरी हमेशा से भारत के लिए खेलने की ख्वाहिश थी जो पूरी हुई. इसके लिए मैं कई लोगों का शुक्रगुजार हूं. सबसे पहले मेरा परिवार, मेरे बचपन के कोच सिराज जी, मदन शर्मा जी, फिर मेरी टीम जिसके साथ मैं सालों खेला जो एक परिवार की तरह था जहां सबका प्यार मिला. लेकिन कहानी मैं आगे बढ़ने के लिए पन्ने पलटना जरुरी है. इसलिए मैं आज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और घरेलू क्रिकेट से संन्यास ले रहा हूं. संन्यास का ऐलान करते हुए मेरे दिल में इस बात का सुकून है कि मैं देश के लिए बहुत खेला. मैं इसके लिए बीसीसीआई का शुक्रगुजार हूं जिन्होंने मुझे मौका दिया और फैंस का भी प्यार देने के लिए शुक्रिया अदा करता हूं. मैं सिर्फ इतना कहना चाहता हूं कि ये मत सोच की तू अपने देश के लिए फिर नहीं खेलेगा बल्कि ये सोच की तु देश के लिए खेला और मैं खेला. बता दें कि शिखर ने अंतराष्ट्रीय के साथ घरेलू क्रिकेट और आईपीएल से भी संन्यास ले लिया हैं. 
शिखर धवन के करियर पर नजर 

शिखर धवन ने 2010 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था. 2011 में टी 20 और 2013 में टेस्ट में उनका डेब्यू हुआ था. 34 टेस्ट की 58 पारी में 7 शतक औऱ 5 अर्धशतक लगाते हुए उन्होंने 2315, 167 वनडे में 17 शतक और 39 अर्धशतक लगाते हुए 6793 और 68 टी 20 में 11 अर्धशतक लगाते हुए 1759 रन बनाए हैं. शिखर को कई बार विराट और रोहित की अनुपस्थिति में भारतीय टीम की कप्तानी करने का भी मौका मिला. उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच 10 दिसंबर 2022 को बांग्लादेश के खिलाफ खेला जो वनडे था. आईसीसी इवेंट में शानदार रिकॉर्ड रखने वाले शिखर भारत के सफलतम ओपनर्स में से एक रहे हैं.  
 

ओलंपिक डिस्क्वालिफिकेशन के बाद विनेश फोगाट ने कुश्ती से किया संन्यास का ऐलान

08-Aug-2024
  ( शोर संदेश )  भारतीय पहलवान विनेश फोगाट ने कुश्ती को अलविदा कह दिया है. उन्होंने यह जानकारी सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए दी है. विनेश फोगाट ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘मां कुश्ती मेरे से जीत गई मैं हार गई माफ करना आपका सपना मेरी हिम्मत सब टूट चुके इससे ज्यादा ताकत नहीं रही अब. अलविदा कुश्ती 2001-2024. उन्होंने माफी मांगते हुए कहा कि आप सबकी हमेशा ऋणी रहूंगी.’
विनेश फोगाट ने सेमीफाइनल मुकाबला अपनी कॉम्पटीटर के खिलाफ 5-0 के अंतर से जीता था और वह ओलंपिक फाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान थीं.विनेश के ऐलान के बाद पहलवान बजरंग पूनिया ने प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. उन्होंने लिखा, विनेश आप हारी नहीं हराया गया हैं, हमारे लिए सदैव आप विजेता ही रहेंगी, आप भारत की बेटी के साथ साथ भारत का अभिमान भी हो. बता दें कि विनेश फोगाट को ज्यादा वजन होने की वजह से फाइनल मैच से अयोग्य घोषित कर दिया गया था, जिसके बाद उन्होंने कोर्ट ऑफ एब्रीट्रेशन फॉर स्पोर्ट में अपील की थी. विनेश ने कहा था कि उन्हें इस इवेंट के लिए सिल्वर मेडल दिया जाना चाहिए.

विनेश फोगाट पेरिस ओलिंपिक से बाहर, सिर्फ 100 ग्राम वजन ज्यादा मिला

07-Aug-2024
 ( शोर संदेश ) विनेश फोगाट ओलिंपिक मुकाबले से बाहर हो गई हैं। उन्हें वजन मेंटेन न होने पर डिसक्वालीफाई कर दिया गया है। इससे वह न केवल फाइनल से बाहर हो गई, बल्कि मेडल से भी चूक गईं। इस बारे में इंडियन ओलिंपिक एसोसिएशन से जानकारी सार्वजनिक कर दी है।
एसोसिएशन से जुड़े सूत्रों के मुताबिक विनेश फोगाट बुधवार सुबह गोल्ड मेडल के लिए फाइनल मुकाबले से पहले 50 kg वजन को कायम नहीं रख सकीं। विनेश ओलिंपिक में इसी वेट कैटेगरी में खेल रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक कि विनेश का वजन तय मानक से 100 ग्राम ज्यादा निकला है। कंपीटिशन के रूल्स के मुताबिक हर मुकाबले से पहले पहलवान का वजन किया जाता है। जिसमें विनेश ओवरवेट निकली। कंपीटिशन के रूल्स के मुताबिक विनेश सिल्वर मेडल के भी योग्य नहीं रह जाएगी। इसके बाद 50 kg कैटेगरी में सिर्फ गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल दिया जाएगा।
इस संबंध में बुधवार शाम तक ओलिंपिक एसोसिएशन की तरफ से भी औपचारिक अनाउंसमेंट होने की संभावना है। इससे पहले मंगलवार को विनेश फोगाट का वजन तय मानक के हिसाब से था। हालांकि हर रोज मुकाबले से पहले यह वजन कैटेगरी के लिहाज से मेंटेन करना पड़ता है।
विनेश ने रात भर वजन घटाने की कोशिश की
सूत्रों से जानकारी मिली है कि मंगलवार रात को ही विनेश और उनके कोच को इस बात का पता चल गया था। जिसके बाद वह पूरी रात नहीं सोई और वजन को तय कैटेगरी में लाने के लिए हरसंभव कोशिश की। जिसमें जॉगिंग, स्किपिंग और साइकिलिंग शामिल है।
हालांकि यह पर्याप्त साबित नहीं हुआ। भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने मांग की थी कि विनेश को थोड़ा और समय दिया जाए, लेकिन उनकी मांग नहीं सुनी गई। विनेश पहले 53kg भार वर्ग में लड़ती थी। यह पहली बार है कि वह 50 kg में मुकाबला लड़ रही हैं।
विनेश का बुधवार रात को करीब 10 बजे गोल्ड मेडल के लिए अमेरिका की रेसलर सारा एन हिल्डरब्रांट से फाइनल मुकाबला होना था।

 

सीएम विष्णु देव साय के निवास पर हरेली पर्व, छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंग में रंगा

04-Aug-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश )  सीएम विष्णु देव साय के निवास पर हरेली पर्व. छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंग में रंगा नज़र आ रहा मुख्यमंत्री निवास. छत्तीसगढ़ की अलग-अलग कला-संस्कृति की बिखर रही छटा. पारम्परिक वेशभूषा में गेड़ी के साथ आकर्षक नृत्य कर रहे हैं युवा. हरेली पर मुख्यमंत्री निवास में नज़र आ रहा छत्तीसगढ़ का अनोखा रंग. मुख्यमंत्री निवास में गेड़ी की चढ़ाई के साथ ही भौंरा, गिल्ली-डंडा, पिट्ठूल, कंचा (बाँटी) खेल रहे युवा

छग की टीम में CBSE छात्र भी हो सकेंगे शामिल, छात्रों पर लगी पाबंदी इस सत्र के लिए हटी

01-Aug-2024
रायपुर। ( शोर संदेश )  स्कूली खेल में छत्तीसगढ़ की टीम की ओर से अब सीबीएसई (CBSE) के छात्र भी खेल सकेंगे। लोक शिक्षण संचालनालय 6 दिन पहले अपने जारी किए अपने आदेश में संशोधन करते हुए CBSE के छात्रों पर लगी पाबंदी को 1 साल के लिए हटा दिया है।
स्कूल शिक्षा संचालक ने सरकारी स्कूलों के पीटीआई संघ की मांग पर 24 जुलाई को इस साल के स्कूली खेलकूद में राज्य की टीम से सीबीएसई स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों पर पाबंदी लगा दी थी।
पुरे प्रदेश में लगभग 10 लाख छात्र हैं, जिनमें से लगभग 6 लाख निजी स्कूलों से ही हैं। विभाग को इन्हीं निजी स्कूलों से ही क्रीड़ा शुल्क के रूप में लगभग 2 करोड़ 35 लाख रुपये मिलता है। इस तरह के आदेश के बाद से प्राइवेट स्कूल के छात्रों के परिजन भी लामबंद हो रहे थे।
कोर्ट जाने की तैयारी में थे परिजन
प्राइवेट स्कूल के छात्रों के परिजनों का सवाल था कि जब हमारे बच्चों ने क्रीड़ा शुल्क दिया है तो विभाग ऐसे एक तरफा आदेश कैसे जारी कर सकता है? अगर ये आदेश है तो क्या तो हमारे बच्चों ने फीस जमा की है विभाग उसे वापस करेगा? स्कूली खेल कैलेण्डर जारी होने के बाद मामले को कोर्ट में ले जाने की तैयारी भी हो चुकी थी।
 

महासमुंद जिले के खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय मिक्स बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में 27 पदक जीते

01-Aug-2024
महासमुंद।   ( शोर संदेश )  छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय मिक्स बॉक्सिंग चैम्पियनशिप का आयोजन लोहाना भवन फाफाडीह रायपुर में 27 से 28 जुलाई 2024 को किया गया। मिक्स बॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ जिला इकाई रायपुर द्वारा आयोजित इस चैम्पियनशिप में विभिन्न आयु एवं वजन समूहों में लगभग 250 महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
इस आयोजन में महासमुंद जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 27 पदक जीते, जिसमें 10 गोल्ड, 9 सिल्वर, और 8 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में वंशिका चौहान, आरुषि नंद, सिमरन चौहान, पल्लवी भोई, दिलेश्वरी साव, सबेश्वरी साहू, साहिल कुमार, राजकुमार रोहिदास, सूर्यकांत मिश्रा और त्रिलोचन साहू शामिल हैं, जिन्होंने गोल्ड मेडल जीते।
इसके अतिरिक्त, भगवंतीन निराला, नुरेंद्र साहू, सना खान, इजरायल दीप, संस्कार सिंह नायक, भवनी बेहेरा, प्रियंका साव, योगिता खूंटे, और हेमा साव ने सिल्वर मेडल जीते। कृतिका बारीक, हेमा पटेल, जैनीश दीप, डॉलीमा चौधरी, दिव्या यादव, रचना साव, नंदिका साहू और जेता वाजपेई ने ब्रॉन्ज मेडल जीते।
कलेक्टर प्रभात मलिक एवं पुलिस अधीक्षक आशुतोष सिंह ने सभी खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दी और राष्ट्रीय स्तर पर भी पदक जीतकर जिले का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं। सभी खिलाड़ियों ने विरेन्द्र कुमार डडसेना के मार्गदर्शन और कोच वंशिका चौहान के नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन किया। इसी के साथ जिला खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, हरिशंकर देवांगन, बृजेश मिश्रा, रॉयल किड्स स्कूल नयापारा खुर्द पिथौरा के प्राचार्य अवस्थी एवं सुरेश निषाद ने भी खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

आवासीय तीरंदाजी खेल अकादमी के लिए चयनित 40 खिलाड़ियों की सूची जारी

22-Jul-2024
रायपुर  ( शोर संदेश ) । खेल एवं युवा कल्याण विभाग के द्वारा रायपुर में संचालित आवासीय तीरंदाजी अकादमी के लिए 20 बालक तथा 20 बालिकाओं का चयन किया गया है। राज्य स्तरीय चयन ट्रायल का आयोजन 25-26 जून को रायपुर के स्वामी विवेकानन्द स्टेडियम एवं खेल संचालनालय परिसर तीरंदाजी एरिना में हुआ था।
खेल संचालक तनुजा सलाम के निर्देश पर चयन ट्रायल के नोडल अधिकारी चेतन कुमार श्रीवास प्रशासक खेल अकादमी रायपुर के द्वारा चयन ट्रायल सुव्यवस्थित तरीके से कराया गया। चयन समिति में भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केन्द्र रायपुर तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के (एन.आई.एस.) प्रशिक्षक शामिल रहे। चयनकर्ताओं के द्वारा खिलाड़ियों के फिटनेस से संबंधित मोटर एबिलिटी टेस्ट, मेडिकल टेस्ट, स्पोर्ट्स स्कील टेस्ट एवं मेंटल एबिलिटी टेस्ट लिये गए। निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले खिलाड़ियों को ही प्रदर्शन के आधार पर मेरिट क्रमानुसार 13 से 17 वर्ष आयुवर्ग के खिलाड़ियों का चयन किया गया है।
प्रदेश भर से आए खिलाड़ियों ने चयन ट्रायल में भाग लिया, इसमें राज्य के जिले रायपुर से 05 बालिका और 09 बालक, सरगुजा से 07 बालिका, धमतरी से 02 बालक और 04 बालिका, महासमुंद से 05 बालिका और 02 बालक, नारायणपुर से 03 बालक, बिलासपुर से 01 बालक, कोण्डागांव से 01 बालक एवं गरियाबंद जिले से 01 बालिका का चयन किया गया है। इन चयनित खिलाड़ियों को 10 दिवस के भीतर अकादमी में प्रवेश दिया जाएगा। यदि चयनित खिलाड़ी में से कोई प्रवेश लेने में असमर्थ रहता है, तो प्रतीक्षा सूची में से मेरिट के आधार पर प्रवेश देने की कार्यवाही की जाएगी।
खेल अकादमी में प्रवेश लेने वाले खिलाड़ियों को खेल अकादमी संचालन नियम-2014 के अंतर्गत निःशुल्क आवास, भोजन, शैक्षणिक सुविधा, परिधान, प्लेइंग किट, दुर्घटना बीमा एवं प्रतियोगिताओं में सहभागिता आदि सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। आवासीय खेल अकादमी के खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए तैयार किया जाएगा। इसके लिए राज्य शासन के द्वारा एन.आई.एस. प्रशिक्षकों की भर्ती की गई है। समय समय पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर के तीरंदाजी खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को खेल अकादमी में आमंत्रित कर विशिष्ट प्रशिक्षण का आयोजन भी कराया जाएगा।


Feedback/Enquiry



Log In Your Account