ब्रेकिंग न्यूज

जनप्रतिनिधि

मुख्यमंत्री साय ने सिंगल विंडो सिस्टम 2.0 पोर्टल का किया शुभारंभ

03-Jul-2024
रायपुर।    ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को रायपुर स्थित निवास कार्यालय से सिंगल विंडो सिस्टम 2.0 पोर्टल का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ में निवेश करने वाले और उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता सुशासन और भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति है। इसी क्रम में आज निवेशकों और नए उद्योग लगाने वालों की सुविधा के लिए विभिन्न क्लीयरेंस और स्वीकृतियां त्वरित रूप से प्रदान करने के लिए सिंगल विंडो पोर्टल 2.0 का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा, प्रशासनिक दखल कम कर प्रक्रिया को सरलीकृत बनाने के लिए यह बड़ी पहल की गई है। यह पोर्टल उद्यमियों के लिए अत्यंत आसान और उपयोग करने में सुगम होगा।
औद्योगिक विकास के भी असीम अवसर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, प्रदेश में संसाधनों के विपुल भंडार है और औद्योगिक विकास के भी असीम अवसर उपलब्ध हैं। उद्योग विभाग की इस नई व्यवस्था से सभी सुविधाएं एक क्लिक पर उपलब्ध होगी। उद्योगों की स्थापना की प्रक्रिया आसान होने से निवेश में उनकी रुचि बढ़ेगी और युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। व्यवसायियों को आवश्यक विभागीय अनुमति-सहमति और क्लीयरेंस के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और न ही अलग-अलग विभागों में आवेदन करने की आवश्यकता होगी।
उन्होंने कहा कि नए पोर्टल में विभागीय अधिकारियों को भी जिमेदारियां दी गई है और उन पर आवेदनों के समय पर निराकरण की जवाबदेही भी होगी। मुयमंत्री ने उद्योग विभाग के अधिकारियों को समय-समय पर इसकी समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, वाणिज्य और उद्योग विभाग के सचिव अंकित आनंद, मुयमंत्री के सलाहकार धीरेन्द्र तिवारी, सचिव पी. दयानंद और उद्योग विभाग के संचालक अरूण प्रसाद सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
 

शिक्षा विभाग की बैठक में मुख्यमंत्री साय ने दिखाए सख्त तेवर, बोले – स्कूल जतन के नाम पर हुई गड़बड़ी की होगी जांच

02-Jul-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश )दरअसल पूर्ववर्ती भूपेश सरकार ने स्कूलों के मरम्मत और क्रियाकलाप को लेकर स्कूल जतन योजना की शुरुआत की थी। इस योजना के तहत 370 करोड़ रुपये खर्च कर 1536 स्कूलों के मरम्मत का आदेश दिया था। इस मामले को लेकर कई स्तर पर गड़बड़ियों की शिकायत सरकार तक पहुंची थी। मुख्यमंत्री ने स्कूलों में कराए गए मरम्मत कार्य की जिलेवार जानकारी ली। जिसके बाद बैठक में ही मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में स्कूल जतन योजना के तहत कराए गए कार्यों की जांच के आदेश दिए।
करीब दो घंटे चली बैठक में मुख्यमंत्री ने स्कूल शिक्षा विभाग की योजनाओं की जानकारी लेने के साथ-साथ शिक्षा गुणवत्ता की अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों का नियमित निरीक्षण किया जाना चाहिए। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो चुकी है, ऐसे में सभी बच्चों को गणवेश और पाठ्य-पुस्तक की उपलब्धता की भी जानकारी मुख्यमंत्री ने ली। विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी मैदानी स्तर पर जाकर स्कूलों में अध्ययन-अध्यापन की गुणवत्ता की मॉनिटरिंग करें। कलेक्टर भी हर माह दो से तीन स्कूलों का दौरा कर वहां निरीक्षण करें।
बैठक में मुख्यमंत्री ने स्कूलों के जीर्णोद्धार कार्य की धीमी गति पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, जर्जर स्कूलों के जीर्णाेंद्धार के काम में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर स्कूल भवनों की सुदृढ़ता की स्वंय मानिटरिंग करें।
 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर शुरू हुआ यह आशा सदन

01-Jul-2024
रायपुर. ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर प्रदेश के दूर दराज के क्षेत्र से उपचार के लिए राजधानी रायपुर आने वाले मरीज और उनके स्वजनों की सुविधा के लिए कुनकुरी सेवा सदन शुरू किया गया है। इस सदन में विभिन्न बीमारियों से जूझ रहे मरीजों और उनके परिजनों के रहने की अच्छी व्यवस्था हैं। यहां मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है। यहां डॉक्टर सहित मेडिकल टीम और मरीजों को अस्पताल लाने ले जाने के लिए एंबुलेंस की सेवा भी निःशुल्क उपलब्ध है। 
मुख्यमंत्री साय पहुंचे कुनकुरी सदन: मरीजों से पूछा हालचाल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सवेरे कुनकुरी सेवा सदन पहुंचे और यहां रहकर स्वास्थ्य लाभ उठा रहे मरीजों और उनके परिजनों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने मरीजों से उनकी बीमारी और चल रहे उपचार की जानकारी लेने के साथ ही कुनकुरी सदन में मिल रही सुविधा के संबंध में विस्तार से जाना। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा और विधायक पुरंदर मिश्रा भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री से चर्चा के दौरान सदन के अधिकारियों ने उन्हें बताया कि बचपन से दिव्यांग कांसाबेल से आयी सात वर्षीय बालिका रिया को पिछले दो महीने से फिजियोथेरेपी का लाभ मिलने से अब उसकी सेहत में सुधार दिखने लगा है। वहीं कुनकुरी से आयी रीटा कायतर दुर्घटना के पश्चात चल पाने में असमर्थ थी। परंतु अब कुनकुरी सदन में रहकर डीकेएस हॉस्पिटल से निरंतर फिजियोथेरेपी कराने पर उनके स्वास्थ्य में सुधार हुआ है। दो माह पूर्व बस्तर में सड़क दुर्घटना में घायल नीतिश कुमार का एक पैर काटना पड़ा। वर्तमान में उनका उपचार डीकेएस हॉस्पिटल में हो रहा है। उन्हें और उनके परिजनों को सदन में ठहरने एवं भोजन की अच्छी व्यवस्था मिल रही है। 
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कुनकुरी सदन में महिला एवं पुरूष डॉक्टर तथा मेडिकल स्टॉफ पदस्थ हैं, जो यहां पर सबकी सेवा कर रहे हैं। यहां दूरस्थ अंचलों से मरीज इलाज के लिए आए हुए हैं। यहां किसान से लेकर सभी वर्ग के लोग इलाज के लिए आते हैं। सभी को सदन में मार्गदर्शन भी दिया जाता है और उनका सहयोग भी किया जाता है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मेरे विधानसभा क्षेत्र के नाम पर इस सदन का नाम कुनकुरी सदन रखा गया है। यहां पर प्रदेश भर से इलाज के लिए आए मरीजों को जिन्हें किसी मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है और शुरुआती दौर में अस्पताल में बेड अलॉट नहीं हो पाता उन्हें यहां के अधिकारी सहयोग करते हैं, मार्गदर्शन देते हैं। अस्पताल में चिकित्सकों से बात करके उनका समुचित इलाज की व्यवस्था भी करते हैं। सरकार की योजनाओं की मदद से उनका इलाज होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक जीवन की शुरूआत से ही जरूरतमंद मरीजों का इलाज कराने में मेरी रूचि रही है। 

गौरतलब है कि रायपुर में अंबेडकर मेडिकल कालेज, मेकाहारा, एम्स सहित निजी चिकित्सा संस्थानों में उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रदेश के दूरस्थ अंचलों से रोजाना सैकड़ों जरूरतमंद लोग रायपुर पहुंचते हैं। इन लोगों की जरूरत को महसूस करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुनकुरी सेवा सदन की शुरूआत की पहल की है। 50 बिस्तर की क्षमता वाले इस सेवा सदन का शुभारंभ इसी साल मार्च में हुआ है। अब तक हजार से अधिक लोगों को इस सदन का लाभ मिल चुका है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मेडिकल सेवा को लेकर बहुत संवेदनशील रहे हैं। सांसद और केन्द्रीय मंत्री रहने के दौरान भी उन्होंने बीमार मरीजों की जरूरत और उनकी सहायता करने के लिए तत्परता से काम करते रहे हैं। मुख्यमंत्री के रूप में छत्तीसगढ़ का कमान संभालने के बाद, कुनकुरी सदन जशपुर सहित पूरे प्रदेश के मरीजों की आशा का नया केन्द्र बन गया है। 

प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारने के लिए मुख्यमंत्री साय ने कार्यकाल के पहले दिन से ही सख्ती दिखानी शुरू कर दी थी। उन्होनें शपथ लेने के बाद एंबुलेंस सेवा को सुधारने का पहला निर्देश अधिकारियों को दिया था। इसके साथ ही सभी सरकारी अस्पतालों में सस्ती जेनरीक दवा उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी मुख्यमंत्री के पहल पर हो चुकी है।
 

अयोध्या में रामलला के दर्शन कर लौटे कांकेर के तीर्थयात्री, हुए भावविभोर

01-Jul-2024
कांकेर। ( शोर संदेश )  रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत रविवार को जिले के 72 वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा के पश्चात सकुशल वापस लौट आए। इस दौरान सभी तीर्थयात्री अयोध्या में भगवान रामलला के दर्शन से अभिभूत होकर शासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं के लिये आभार प्रकट किया।
अयोध्या धाम के दर्शन कर लौटे नरहरपुर विकासखंड के ग्राम सरोना निवासी श्रीमती शांता बाई मरकाम ने बताया कि सबसे पहले उत्तर प्रदेश पुण्य धरा काशी में भगवान विश्वनाथ के दर्शन किए, इसके बाद अयोध्या धाम में भगवान रामलला के। साथ ही गंगा आरती में भी शामिल होने का मौका मिला। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हुई और तीर्थ स्थलों में अच्छे से घूमने और दर्शन करने का मौका मिला। मरकाम ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की इस पहल के लिए बारंबार आभार व्यक्त किया। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि आगे भी राज्य सरकार नागरिकों को ऐसे ही तीर्थ स्थलों के दर्शन कराएगी।
चारामा विकासखंड के ग्राम हाराडुला निवासी सुधराम सिन्हा ने बताया कि वे एक सहयोगी माखन हिरवानी के साथ अयोध्या धाम यात्रा के लिए गए थे। शासन द्वारा सभी यात्रियों के लिए दुर्ग रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए जिला प्रशासन द्वारा बस की निःशुल्क व्यवस्था की गई थी। वहाँ पहुंचने पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और जनप्रतिनिधियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया और यात्रा के लिए आवश्यक सामग्री भेंट कर सभी को अग्रिम बधाई देते हुए अयोध्या धाम के लिए रवाना किया गया। यह भी बताया कि वाराणसी में भगवान विश्वनाथ के दर्शन किए और गंगा आरती में भी शामिल होने का मौका मिला। इसके पश्चात अयोध्या धाम पहुंचे जहां भगवान रामलला के बाल स्वरूप के दर्शन के लिए सुव्यवस्थित व्यवस्था थी, जिससे सभी को अच्छे से भगवान रामलला के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। सिन्हा ने रामलला दर्शन योजना के तहत अच्छी व्यवस्था  के लिए मुख्यमंत्री साय के प्रति आभार प्रकट किया। इसी तरह दुर्गुकोंदल विकासखंड के ग्राम हाटकोंदल निवासी युवराज सिंह पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयास से छत्तीसगढ़वासियों को भगवान राम के जन्म स्थल अयोध्या धाम का दर्शन कराया जा रहा है, जो कि बहुत ही सराहनीय पहल है। इसके लिए उन्होंने धन्यवाद देते हुए कहा कि आगे भी श्रद्धालुओं को तीर्थ स्थलों के दर्शन का सौभाग्य मिलता रहेगा।

आजादी की लड़ाई में जनजातीय समाज का महत्वपूर्ण योगदान : विष्णुदेव साय

01-Jul-2024
रायपुर।    ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को भाटापारा के कृषि उपज मंडी परिसर में आदिवासी गोंड़ समाज माँ मांवली महासभा द्वारा आयोजित सांस्कृतिक भवन लोकार्पण एवं रानी दुर्गावती बलिदान दिवस समारोह में शामिल हुए। इस दौरान समाज के पदाधिकारियों ने साफा पहनाकर उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री साय ने सम्मेलन में आदिवासी समाज के सामाजिक भवन के आहता निर्माण हेतु 22 लाख रूपये, वहां तक सीसी रोड के लिए 25 लाख रूपये की घोषणा की है। साथ ही गुर्रा से जोगीद्वीप मेला स्थल तक सड़क निर्माण हेतु 1 करोड़ 30 लाख रूपये की घोषणा की। उन्होंने इसके अतिरिक्त तरेंगा से दौरेंगा तक सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को प्रेषित करने के निर्देश कलेक्टर को दिए। मुख्यमंत्री ने मुख्य मंच से प्रधानमंत्री आवास योजना के 5 हितग्राहियों को घर की चाबी, 3 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, 4 हितग्राहियों को जाति प्रमाण पत्र  एवं समाज के मेधावी छात्र छात्राओं का सम्मान किया। इस दौरान रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक बिल्हा धरम लाल कौशिक, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, पिंकी ध्रुव, लच्छूराम कश्यप, समाज प्रमुख बंशीलाल नेताम, कलेक्टर दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल उपस्थित रहे।
समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने जनजातीय गौरव की भावना को सुदृढ़ बनाने के लिए हर साल 15 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस की शुरुआत की। इसके साथ ही रानी दुर्गावती का भव्य स्मारक जबलपुर में तैयार कराया गया है। देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जनजातीय समाज से हैं। उनका इस सर्वाेच्च पद में आसीन होना जनजातीय समाज के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने ने कहा कि समाज एकजुट होकर और शिक्षा प्राप्त कर आगे बढ़े। शिक्षा विकास का मूलमंत्र है। किसी भी क्षेत्र में तरक्की करना है, तो शिक्षा जरुरी है। उन्होंने युवाओं को नशापान से दूर रहने की नसीहत देते हुए कहा कि नशापान से युवा गुमराह हो रहे हैं। उन्हें सही दिशा में अपनी ऊर्जा और क्षमता लगाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार किये गए वायदे को तेजी से पूरा कर रही है। हमने धान के बकाया बोनस की राशि, 3100 रुपये मे धान खरीदी और एक मुश्त राशि किसानों क़े खाते में राशि अंतरित किया है। महतारी वंदन योजना अंतर्गत 70 लाख महिलाओं क़े खाते में हर महीना एक हजार रूपये दिया जा रहा है। राम भक्तों को  रामलला क़े दर्शन क़े लिए रामलला दर्शन योजना शुरू की गई है।
 

मुख्यमंत्री साय ने ‘सीए डे‘ की दी शुभकामनाएं

01-Jul-2024
रायपुर।     ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक जुलाई ’सी.ए. डे’ के अवसर पर देश और प्रदेश के सभी चाटर्ड एकाउंटेंट को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि चाटर्ड एकाउंटेंट किसी भी देश, प्रदेश के औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं। चाटर्ड एकाउंटेंट अपनी कुशलता से आर्थिक विकास को मजबूत आधार प्रदान करते हैं। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए अनुकूल वातावरण है। उन्होंने सभी सी.ए. से छत्तीसगढ़ में वित्तीय प्रबंधन को मजबूत बनाने की दिशा में सहयोग की अपील की है।
 

"एक पेड़ अपनी मां के नाम पर जरूर लगाएं...", 'मन की बात' में पीएम नरेंद्र मोदी की अपील

30-Jun-2024
नई दिल्‍ली (शोर संदेश)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव के बाद किये गए पहले 'मन की बात' रेडियो प्रोग्राम के 111वें एपिसोड में कहा कि मैंने कहा था, चुनाव नतीजों के बाद फिर मिलूंगा, उम्‍मीद करता हूं कि आप सब अच्‍छे होंगे. मैंने विदा लिया था, फिर मिलने के लिए. इस बीच मुझे आप लोगों के लाखों संदेश मिले. चुनाव के दौरान मन को छू लेने वाली कई खबरें आईं. 65 करोड़ लोगों ने चुनाव में वोट डाला. इसके साथ ही पीएम मोदी ने देशवासियों से अपील की है कि एक पेड़ अपने नाम पर जरूर लगाएं. पेड़ लगाने से धरती मां की रक्षा होगी.  
2024 का चुनाव, दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव था...
देश की लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को लेकर पीएम मोदी ने कहा, "मैं आज देशवासियों को धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने हमारे संविधान और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं पर अपना अटूट विश्वास दोहराया है. 2024 का चुनाव, दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव था. दुनिया के किसी भी देश में इतना बड़ा चुनाव कभी नहीं हुआ. मैं चुनाव आयोग और मतदान की प्रकिया से जुड़े हर व्यक्ति को इसके लिए बधाई देता हूं."
'एक पेड़ माँ के नाम'
मां के रिश्‍ते और पर्यावरण पर पीएम मोदी ने कहा, "मैं आपसे पूछूं कि दुनिया का सबसे अनमोल रिश्ता कौन सा होता है तो आप जरूर कहेंगे - “माँ”. हम सबके जीवन में 'माँ' का दर्जा सबसे ऊंचा होता है. माँ हर दुख सहकर भी अपने बच्चे का पालन-पोषण करती है. हर माँ अपने बच्चे पर हर स्नेह लुटाती है. जन्मदात्री माँ का ये प्यार हम सब पर एक कर्ज की तरह होता है जिसे कोई चुका नहीं सकता. हम माँ को कुछ दे तो सकते नहीं, लेकिन और कुछ कर सकते हैं क्या? इसी सोच में से इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस पर एक विशेष अभियान शुरू किया गया है, इस अभियान का नाम है - 'एक पेड़ माँ के नाम'. मैंने भी एक पेड़ अपनी माँ के नाम लगाया है.
जब आदिवासी भाई-बहनों ने उठाए थे अंग्रेजों के खिलाफ हथियार 
'हूल दिवस' का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "आज 30 जून का ये दिन बहुत ही महत्वपूर्ण है. इस दिन को हमारे आदिवासी भाई-बहन 'हूल दिवस' के रूप में मनाते हैं. यह दिन वीर सिद्धो-कान्हू के अदम्य साहस से जुड़ा है, जिन्होंने विदेशी शासकों के अत्याचार का पुरजोर विरोध किया था. आपको जानकर हैरानी होगी कि ये 1855 में हुआ था. यानि ये 1857 में भारत कें प्रथम स्‍वतंत्रता संग्राम से भी 2 साल पहले हुआ था. तब झारखंड के संथाल परगना में हारे आदिवासी भाई-बहनों ने विदेशी शासकों के खिलाफ हथियार उठा लिया था. 
पीएम मोदी ने बताई 'कार्थुम्बी छाते' की खासियत 
केरल में बनने वाले छातों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "मन की बात में आज मैं आपको एक खास तरह के छातों के बारे में बताना चाहता हूं. ये छाते तैयार होते हैं हमारे केरला में. वैसे तो केरला की संस्कृति में छातों का विशेष महत्व है. छाते वहां कई परंपराओं और विधि-विधान का अहम हिस्सा होते हैं. लेकिन मैं जिस छाते की बात कर रहा हूं, वो हैं 'कार्थुम्बी छाते' और इन्हें तैयार किया जाता है केरला के अट्टापडी में. इन रंग-बिरंगे छातों को केरला की हमारी आदिवासी बहनें तैयार करती हैं. आज देशभर में इन छातों की मांग बढ़ रही हैं. इनकी ऑनलाइन बिक्री भी हो रही है. इन छातों को 'वट्टालक्की सहकारी कृषि सोसाइटी' की देखरेख में बनाया जाता है. इस सोसाइटी का नेतृत्व हमारी नारीशक्ति के पास है."
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को उम्मीद है कि उसके खिलाड़ी ओलंपिक खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे, उन्होंने लोगों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए ‘चीयर4भारत' हैशटैग का इस्तेमाल करने का आग्रह किया. आज दुनियाभर में हमारी संस्कृति का जिस तरह गौरवगान हो रहा है, उससे किस भारतीय को खुशी नहीं होगी.
 

अमित शाह ने टीम इंडिया के वर्ल्ड कप जीतने के बाद की कप्तान रोहित शर्मा और कोच द्रविड से बात

30-Jun-2024
नई दिल्ली ('शोर संदेश)। भारतीय क्रिकेट टीम के टी-20 विश्व कप जीतने के बाद गृहमंत्री अमित शाह ने भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा और कोच राहुल द्रविड से फोन पर बात की और उन्हें T20 वर्ल्ड कप जीतने की बधाई दी.
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी आज (30 जून 2024) को भारतीय क्रिकेट टीम से फोन पर बात की और पूरी टीम को बधाई दी. उन्होंने रोहित शर्मा को उनकी शानदार कप्तानी के लिए बधाई दी और उनके टी20 करियर की सराहना की. पीएम ने फाइनल में विराट कोहली की पारी और भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान को भी सराहा. 
कोच राहुल द्रविड का भी जताया आभार
पीएम मोदी ने हार्दिक पांड्या के अंतिम ओवर और सूर्य कुमार यादव के कैच की तारीफ की. उन्होंने फाइनल में भारत की जीत में जसप्रीत बुमराह के योगदान की भी प्रशंसा की. प्रधानमंत्री ने भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान के लिए राहुल द्रविड़ का भी आभार जताया.
अमेरिका और इजरायल के दूत ने भी दी बधाई
बता दें कि टीम इंडिया की जीत का जश्न पूरा देश मना रहा है. यही नहीं विदेशों में भी इस जीत का डंका बज रहा है. कई देशों के राजदूत टीम इंडिया को विश्व चैंपियन बनने पर बधाई दे चुके हैं. अमेरिका और इजरायल जैसे देश के राजदूत ने भी भारतीय क्रिकेट टीम को विश्व कप जीतने पर बधाई दी है.
भारत ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को दी थी शिकस्त
भारतीय क्रिकेट टीम ने शनिवार को बारबाडोस में खेले गए टी-20 विश्वकप 2024 के फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की टीम को 7 विकेट से मात देते हुए दूसरी बार खिताब पर कब्जा जमाया. इस जीत के साथ भारत के नाम कई उपलब्धि दर्ज हुई. भारत ने जहां एक तरफ 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी के बाद 11 साल तक आईसीसी खिताब न जीतने के सूखे को खत्म किया, तो वहीं दूसरी तरफ बिना एक भी मैच हारे वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम भी बन गई.
 

पीएम मोदी ने टी 20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों से की फोन पर बात

30-Jun-2024
नई दिल्ली (शोर संदेश)। टी20 वर्ल्ड कप में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भारतीय टीम को बधाई दी है. उन्होंने खिलाड़ियों से फोन पर बात करते हुए उनके प्रदर्शन को खूब सराहा है. यही नहीं उन्होंने रोहित शर्मा के कप्तानी और प्रदर्शन की भी प्रशंसा की है. टूर्नामेंट में रोहित शर्मा की रणनीति का कोई तोड़ नहीं रहा. यही वजह है कि देश के पीएम भी उनकी अगुवाई से काफी गदगद हैं.
फाइनल मुकाबले में विराट कोहली का प्रदर्शन भी लाजवाब रहा. टूर्नामेंट में रनों के लिए जूझ रहे किंग कोहली ने फाइनल मुकाबले में 76 रन की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेली. विराट के इस प्रदर्शन को देख पीएम मोदी भी मंत्रमुग्ध हो गए. यही वजह है कि उन्होंने कोहली के तारीफ के कसीदे पढ़े हैं. 
पीएम मोदी ने अंतिम ओवरों में हार्दिक पंड्या की दमदार गेंदबाजी और सूर्यकुमार यादव के बेहतरीन कैच की भी सराहना की है. इसके अलावा टूर्नामेंट में जसप्रीत बुमराह ने जिस तरह से कहर बरपाती गेंदबाजी की. उसकी भी उन्होंने जमकर तारीफ की है.
टी20 वर्ल्ड कप 2024 तक टीम इंडिया के हेड कोच रहे पूर्व दिग्गज क्रिकेटर राहुल द्रविड़ के कोचिंग से भी पीएम काफी प्रसन्न नजर आए. यही वजह है कि उन्होंने भारतीय क्रिकेट में द्रविड़ के अमूल्य योगदान को देखते हुए उन्हें धन्यवाद दिया है.
टी20 वर्ल्ड कप में भारत को मिली दूसरी बार जीत 
रोहित शर्मा की अगुवाई में भारतीय टीम दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने हाथ में उठाने में कामयाब हुई है. इससे पहले 2007 में धोनी की अगुवाई में भारतीय टीम ने खिताब पर कब्जा जमाया था. उस दौरान टीम के कप्तान जहां धोनी थे. वहीं हेड कोच की जिम्मेदारी पूर्व क्रिकेट लालचंद राजपूत के हाथों में थी.
वहीं इस बार टीम की अगुवाई रोहित शर्मा ने की. इसके अलावा हेड कोच के पद पर देश के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर राहुल द्रविड़ थे. हालांकि, टूर्नामेंट जीतते ही रोहित शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. वहीं द्रविड़ ने पहले ही आगे पअपने पद पर बने रहने में इच्छ नहीं व्यक्त की थी. अब जल्द ही टीम इंडिया को एक नए कोच और कप्तान की दरकार है.

सीएम साय से गोवा विधानसभा के अध्यक्ष तावड़कर ने मुलाक़ात की

26-Jun-2024
रायपुर/नई दिल्ली ।    ( शोर संदेश )  नई दिल्ली के छत्तीसगढ़ सदन में मंगलवार शाम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से गोवा विधानसभा के अध्यक्ष रमेश बी तावड़कर ने सौजन्य मुलाक़ात की। इस मुलाक़ात के दौरान दोनों नेताओं ने विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया और राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री साय ने तावड़कर का स्वागत करते हुए छत्तीसगढ़ के विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी दी। तावड़कर ने भी गोवा के विकास और विधानसभा की गतिविधियों पर प्रकाश डाला।
 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account