ब्रेकिंग न्यूज

जनप्रतिनिधि

संत गुरू घासीदास बाबा के विचार व संदेश प्रासंगिक: मुख्यमंत्री

12-Aug-2024
रायपुर। ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम राजनांदगांव में आयोजित ममतामयी मिनीमाता निर्वाण दिवस एवं जिला स्तरीय शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद  संतोष पाण्डेय, विधायक आरंग गुरू खुशवंत साहेब एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। 
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस मौके पर शासकीय नवीन महाविद्यालय ठेलकाडीह का नाम संत गुरू घासीदास बाबा के नाम पर रखने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सोनेसरार, डोंगरगांव विकासखड के ग्राम साकरदाहरा, राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम मोतीपुर में सतनाम भवन निर्माण एवं सतनाम भवन राजनांदगांव में मंच निर्माण के लिए 10-10 लाख रूपए तथा शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज राजनांदगांव में ममतामयी मिनीमाता की प्रतिमा स्थापना के लिए 5 लाख रूपए दिए जाने की घोषणा की। इस अवसर पर सतनामी समाज द्वारा मुख्यमंत्री को साफा पहनाकर आत्मीय अभिनंदन किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी को हर घर तिरंगा कार्यक्रम अंतर्गत राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा के सम्मान के लिए शपथ दिलाई। 
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ममतामयी मिनीमाता को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने जिला सतनामी सेवा समिति के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई दी और कहा कि सभी संत गुरू घासीदास बाबा के पथ पर चलते हुए सतनामी समाज को शिक्षा एवं विकास के हर क्षेत्र में आगे बढ़ा़एं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद ममतामयी मिनीमाता पहली महिला सांसद रही हैं। अविभाजित मध्यप्रदेश में कार्य करते हुए उन्होंने आजीवन नारी शक्ति को आगे बढ़ाने, अस्पृश्यता को दूर करने का कार्य किया। 
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि संत गुरू घासीदास बाबा ने 18वीं सदी में मनखे-मनखे एक समान का संदेश दिया तथा समाज में व्याप्त छूआ-छूत एवं भेदभाव को दूर करने के लिए उनके संदेश आज भी मार्गदर्शक एवं प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि संत गुरू घासीदास बाबा के विचार एवं उनके संदेशों का अनुकरण करते हुए छत्तीसगढ़ सरकार मोदी की गारंटी को पूरा करने का कार्य कर रही है। सरकार द्वारा किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं विभिन्न वर्गों के हित में कार्य किया जा रहा है। रामलला दर्शन, तेंदूप संग्रहण के अंतर्गत 5500 रूपए मानक बोरा पारिश्रमिक जैसी योजनाओं से आम जनता को लाभ मिल रहा है। संत गुरू घासीदास बाबा का आर्शीवाद ऐसे ही बना रहे और हम आम जनता के हित में कार्य कर सकें। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा गिरौदपुरी में जैतखाम के निर्माण, प्रदेश में सतनामी समाज के लिए भवन, सांस्कृतिक पंथी नृत्य को बढ़ावा देने के लिए उनके अवदानों को स्मरण किया।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि ममतामयी मिनीमाता के योगदान से समाज में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। उन्होंने महिलाओं के विकास में अग्रणी भूमिका निभाई है और उनका आत्मविश्वास बढ़ाया है। वर्ष 1952 में पहली महिला सांसद के रूप में उन्होंने अस्पृश्यता को दूर करने के लिए कानून बनाने तथा समाज में व्याप्त कुरीतियों का विरोध किया। उन्होंने मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ का नेतृत्व किया। सतनामी समाज तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि गिरौदपुरी में जैतखाम के निर्माण के लिए मैं निमित्त बना, इस बात की मुझे खुशी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विभिन्न योजनाएं देश को विकास पथ पर आगे ले जा रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गांव, गरीब एवं किसानों के हित में लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने 3100 रूपए प्रति क्विंटल धान, 2 साल का धान का बकाया बोनस 3716 करोड़ रूपए का भूगतान, महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख माताओं-बहनों को हर महीने 1000 रूपए देने की योजना से सभी लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने आम जनता के लिए जीवन भर का रास्ता बनाया है। आने वाले समय में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में और भी अच्छे कार्य होंगे और प्रदेश उन्नति की दिशा में आगे बढ़ेगा। 
सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि सतनामी समाज अन्य सभी समाज को साथ लिए समरसता एवं सद्भावना के साथ आगे बढ़ते जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री को राजनांदगांव जिले के लिए विशेष स्नेह के प्रति आभार प्रगट किया। उन्होंने कहा कि हम सब संत गुरू घासीदास बाबा के बताए हुए मार्ग मनखे-मनखे एक समान के अनुसार चले। मुख्यमंत्री इसी मंशा के अनुरूप कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकानाएं दी। 
विधायक आरंग गुरू खुशवंत साहेब ने कहा कि ममतामयी मिनीमाता ने बाल विवाह को रोकने, अस्पृश्यता का निवारण करने तथा समाज के हित में कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सतनामी समाज द्वारा संत गुरू घासीदास बाबा के मनखे-मनखे एक समान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बड़ी संख्या में आवास का निर्माण किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करने वाले अनुसूचित जाति एवं जनजाति के हितग्राही इससे लाभान्वित हुए हैं। सतनामी समाज की उन्नति एवं विकास हुआ है। उन्होंने  कहा कि समाज के सर्वागीण विकास के लिए सभी को संत गुरू घासीदास बाबा के बताए मार्ग पर चलना है। मदिरापान तथा गुटखा जैसे व्यसन से दूर रहना है। 
इस अवसर पर पूर्व सांसद मधुसूदन यादव, विधायक डोंगरगढ़  हर्षिता बघेल, पूर्व विधायक रामजी भारती, पूर्व मंत्री धनेश पाटिला, पूर्व विधायक विनोद खांडेकर, सचिन बघेल, खूबचंद पारख, नीलू शर्मा,  रमेश पटेल, भरत वर्मा, कोमल राजपूत, दिनेश गांधी, रिखीराम गेण्ड्रे, कुलबीर सिंह छाबड़ा, चेतन चंदेल, पार्थ गेंड्रे एवं अन्य जनप्रतिनिधि, जिला सतमानी सेवा समिति के अध्यक्ष युवराज दास ढ़ीरहेर, उपाध्यक्ष कमलेश्वर सांडे, उपाध्यक्ष महिला प्रतिमा बंजारे, महामंत्री कमल कुमार लहरे, कोषाध्यक्ष संजीव बंजारे, सचिव ऋषिराज खरे सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।
 

कृषि उत्पादन में वृद्धि और कृषकों के कल्याण के लिए सदैव तत्पर है मोदी सरकार : विष्णु देव साय

12-Aug-2024
रायपुर। ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उच्च उत्पादन क्षमता वाली जलवायु अनुकूल व बायोफोर्टिफाइड फसलों की 109 किस्मों को जारी करने के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा की फसलों की इन नई किस्मों से छत्तीसगढ़ में विशेषकर धान की उत्पादन क्षमता में और अधिक वृद्धि होगी। इससे प्रदेश के अन्नदाता उन्नत खेती के साथ और अधिक समृद्ध बनेंगे।
मुख्यमंत्री साय ने ट्विटर प्लेटफार्म एक्स पर कृषि के क्षेत्र में इस क्रांतिकारी कार्य के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं कृषि वैज्ञानिकों का सहृदय आभार व्यक्त करते हुए सभी अन्नदाताओं को बधाई दी है।
उल्लेखनीय है कि आज  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (ICAR) में उच्च उत्पादन क्षमता वाली जलवायु अनुकूल व बायोफोर्टिफाइड फसलों की 109 किस्मों को जारी किया। इनमें 34 खेत की फसलें और 27 बागवानी की फसलें शामिल हैं। वैज्ञानिकों के मुताबिक धान की ऐसी किस्में तैयार की गई है, जिसमें 20 प्रतिशत कम पानी लगेगा। इनमें चावल की 9 और गेहूं की 2 उन्नत किस्मों को तैयार किया गया है। इसके अलावा दालों में अरहर और चने की 2-2, मसूर की 3 उन्नत किस्में उपलब्ध होंगी।

साहित्य भवन के विस्तार के लिए उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने की 20 लाख की घोषणा

12-Aug-2024
रायपुर। ( शोर संदेश )   वाणिज्य, उद्योग और श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन आज कोरबा जिले के घंटाघर स्थित पं. मुकुटधर पांडेय साहित्य भवन समिति कोरबा द्वारा आयोजित अभिनंदन और पुस्तक विमोचन समारोह में शामिल हुए। मंत्री देवांगन ने कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा की पूजा-अर्चना कर किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित साहित्यकारों ने मंत्री देवांगन का शॉल व श्रीफल भेंट कर अभिनंदन किया। इस अवसर पर पूर्व महापौर जोगेश लांबा, शहर के साहित्यकार और समिति संरक्षक मो. युनुस दानियालपुरी, कमलेश यादव, मुकेश चतुर्वेदी, अध्यक्ष दिलीप अग्रवाल, विजय राठौर, कृष्ण कुमार चंद्रा, बलराम राठौर, जितेंद्र वर्मा और अंजना सिंह सहित अन्य साहित्यकार उपस्थित थे।
मंत्री देवांगन ने साहित्यकारों को संबोधित करते हुए कहा की हम तो स्कूल, कॉलेज में सामान्य तौर पर सिर्फ पुस्तकों को अध्यन करते हैं, लेकिन उन पुस्तकों  लिखने वाले लेखक, साहित्यकारों की इसके पीछे बहुत सारी मेहनत होती है। एक-एक शब्द के मायने के हिसाब से उन्हें माले की तरह गूथ कर पुस्तक के माध्यम से हम तक पहुंचाते हैैं। इस अवसर पर तीनों साहित्यकारों के पुस्तक क्रमशः बहतरीन के दुलरवा, मधु मंजरी और पारस पखना का विमोचन किया।
कार्यक्रम के दौरान साहित्य समिति द्वारा मंत्री देवांगन से साहित्य भवन में विभिन्न विकास और विस्तार कार्य करने की मांग करने पर उन्होंने विधायक निधि से तत्काल 20 लाख रूपए की देने की घोषणा की। इस अवसर पर पार्षद नरेंद्र देवांगन, नरेंद्र पाटनवार, कोसाबाड़ी मंडल अध्यक्ष अजय विश्वकर्मा, रामकुमार राठौर, मुकुंद सिंह कंवर सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार उपस्थित थे।

स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर में करेंगे ध्वजारोहण

12-Aug-2024
रायपुर। ( शोर संदेश )  15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला मुख्यालय में जब कि उप मुख्यमंत्री अरूण साव बिलासपुर में तथा उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा बस्तर में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण करेंगे। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण के लिए सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा आज मुख्य अतिथियों के नामों की सूची जारी कर दी गई है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह राजनांदगांव में, मंत्री रामविचार नेताम सरगुजा में, मंत्री दयालदास बघेल महासमुंद में, मंत्री केदार कश्यप दुर्ग में, मंत्री लखन लाल देवांगन कोरबा में, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल बलौदाबाजार-भाटापारा में, मंत्री ओ.पी चौधरी जांजगीर-चांपा में, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े बलरामपुर-रामानुजगंज में, मंत्री टंक राम वर्मा सांरगढ़-बिलाईगढ़ जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल गरियाबंद में, सांसद विजय बघेल बालोद में, सांसद संतोष पाण्डेय खैरागढ़-गंडई-छुईखदान, सांसद चिंतामणी महाराज जशपुर में, सांसद रूपकुमारी चौधरी बेमेतरा में, सांसद  राधेश्याम राठिया रायगढ़ में, सांसद कमलेश जांगड़े सक्ती में, सांसद महेश कश्यप दंतेवाड़ा में, सांसद भोजराज नाग कांकेर में, सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह नारायणपुर जिला मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।
विधायक पुन्नु लाल मोहले मुुंगेली में, धरम लाल कौशिक गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में, अमर अग्रवाल कबीरधाम में, अजय चंद्राकर धमतरी में, भैयालाल राजवाड़े सूरजपुर में, विक्रम उसेंडी बीजापुर में, राजेश मूणत मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में, किरण देव सुकमा जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में करेंगे, जब कि विधायक रेणुका सिंह कोरिया में और लता उसेंडी कोण्डागांव जिला मुख्यालय में आयोजित समारोह में ध्वजारोहण करेंगी।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा कावड़ियों के बीच पहुँचे अमरकंटक

12-Aug-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश ) उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने अमरकंटक के मृत्युंजय आश्रम में कांवड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और स्वयं कांवड़ियों के साथ बैठकर भोजन भी किया। उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कांवड़ियों को भोजन का वितरण भी किया और उनके साथ पवित्र सावन माह की इस महत्वपूर्ण यात्रा में भागीदारी की। उपमुख्यमंत्री कल सुबह अमरकंटक में नर्मदा मैय्या मंदिर और जलेश्वर महादेव मंदिर पहुँचकर पूजा अर्चना करेंगे।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अमरकंटक से भोरमदेव मंदिर तक की 150 किलोमीटर लंबी कांवड़ यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं, ताकि भक्तगणों को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो। 
उपमुख्यमंत्री शर्मा के निर्देशानुसार कांवड़ियों के लिए 15 से अधिक स्थानों पर चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। यात्रा के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। जिनमें 4 पुलिस पेट्रोलिंग टीमें और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस की ड्यूटी शामिल है। पुलिस अधीक्षकों को इस संबंध में विस्तृत निर्देश दिए गए हैं, ताकि कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
कांवड़ियों के लिए 20 से अधिक स्थानों पर ठहरने की विशेष व्यवस्था की गई है। अमरकंटक के मृत्युंजय आश्रम में निःशुल्क भोजन और रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है, जिसमें दाल-भात, सब्जी, मिठाई जैसे खीर, पुड़ी और हलवा का समावेश है। इन व्यवस्थाओं की निगरानी में बोलबम समन्वय समिति और स्थानीय अधिकारी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि हमारे लिए कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि है। सावन माह के इस पवित्र अवसर पर हमने सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए हैं ताकि सभी भक्तजन बिना किसी कठिनाई के अपनी यात्रा पूरी कर सकें।

सीएम साय के राजनांदगांव पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत

11-Aug-2024
रायपुर ( शोर संदेश ) । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के राजनांदगांव पीटीएस हेलीपेड पहुंचने पर सांसद संतोष पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री के साथ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, विधायक गुरू खुशवंत साहेब भी राजनांदगांव पहुंचे। मुख्यमंत्री साय तिरंगा रैली के कार्यक्रम तथा जिला सतनामी सेवा समिति राजनांदगांव द्वारा आयोजित ममतामयी मिनीमाता निर्वाण दिवस एवं जिला स्तरीय शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए राजनांदगांव पहुंचे हैं।
 

योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को उपहार में भेजा आमों का टोकरा

11-Aug-2024
रायपुर।   ( शोर संदेश )  छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उपहार में काकोरी आमों की टोकरी पाकर उन्हें पत्र लिखकर हृदय से धन्यवाद प्रेषित करते हुए कहा है कि यह उपहार पाकर मैं अत्यंत भावुक और अभिभूत हूं।
मुख्यमंत्री साय ने योगी आदित्यनाथ को लिखे पत्र में कहा है कि आपके मधुर संदेश के साथ  मुझे प्राप्त हुए काकोरी आमों का स्वाद अत्यंत ही मधुर है। 
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि  उत्तर प्रदेश की पहचान आमों से भी है और महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से भी।  उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन दोनों पहचानों को एकाकार करते हुए जो अद्भुत पहल की है, वह प्रेरक है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मान देने का यह श्रेष्ठ तरीका है।  इससे हम अपने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से भावनात्मक जुड़ाव स्थापित करते हुए उस महान संग्राम की यादों को अपने सबसे प्रिय क्षणों में शामिल कर सकेंगे।
साय ने पत्र में उल्लेख किया है कि ऐतिहासिक रूप से भी उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ भावनात्मक रूप से हमेशा जुड़े रहे हैं। उत्तर कोसल और दक्षिण कोसल के रूप में पहचाने वाले दोनों भू-भागों के निवासीगण राजा राम की ही प्रजा रहे हैं। प्रभु श्रीराम की माता कौशल्या ने छत्तीसगढ़ में जन्म लिया और भगवान श्री राम का जन्म अयोध्या में हुआ। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम जब भी अयोध्या से छत्तीसगढ़ ननिहाल आते रहे होंगे, तब उनके साथ रसीले आमों के टोकरे भी जरूर आते रहे होंगे, तभी छत्तीसगढ़ के आमों में भी ऐसा ही स्वाद है। वनवास के समय यहां के आम हमारे रामलला को वहां के आमों की अवश्य याद दिलाते रहे होंगे। 
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काकोरी आमों के साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री साय को भेजे गए पत्र में उत्तरप्रदेश में आमों के प्रचुर उत्पादन और वहां की लोकप्रिय प्रजातियों का विस्तार से उल्लेख किया है। उन्होंने बताया है कि स्वतंत्रता संग्राम का साक्षी रहा काकोरी आम उत्पादन का भी प्रमुख केंद्र है। उत्तर प्रदेश सरकार ने आमों का विपणन काकोरी ब्रांड के नाम से शुरू किया है।

सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

11-Aug-2024
रायपुर, ( शोर संदेश )  उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए कोई शॉर्टकट रास्ता नहीं होता, कभी भी सफलता के लिए शॉटकट रास्ता ढूंढ़ने की कोशिश नहीं करनी चाहिए, जो हम अपने प्रारबद्ध को बदल नहीं सकते हैं। लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए लगन और ईमानदारी के साथ उस दिशा में लग जाना चाहिए। कड़ी मेहनत से ही जीवन में आगे बढ़ा जा सकता है, सफलता हासिल की जा सकती है, जबकि मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता है।
उन्होंने कहा कि मुकाम प्राप्त करने के बाद बैठ जाना की सफलता नहीं कहा जा सकता, बल्कि उस विषय में दक्षता और महारथ हासिल होना चाहिए। साथ ही उस लक्ष्य को पाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उपमुख्यमंत्री शर्मा आज पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय परिसर स्थित सभाकक्ष में आयोजित शहीद चंद्रशेखर आजाद हॉस्टल डे को सम्बोधित कर रहे थे। गौरतलब है कि उपमुख्यमंत्री शर्मा भी इस हॉस्टल में रहकर अध्ययन किए हैं। उपमुख्यमंत्री बनने के बाद पहुंचे शर्मा को आजाद हॉस्टल के छात्रों सहित परिसर स्थित अन्य हॉस्टल के छात्र-छात्राओं ने उल्लासपूर्वक उनका अभिनंदन किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री शर्मा ने पूर्व छात्रों, अधीक्षकों, प्रोफेसरों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले छात्रों तथा कर्मचारियों को सम्मानित किया। छात्रावास के छात्र-छात्राओं द्वारा उपमुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
उपमुख्यंत्री विजय शर्मा ने छात्रावास डे को सम्बोधित करते हुए कहा कि जीवन में सबकुछ योजना के मुताबिक हो, ऐसा सम्भव नहीं हो पाता, लेकिन हमें लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए योजना बनाकर मंजिल को प्राप्त करने की दिशा में हरसंभव प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें अपने संस्कार और परंपरा को नहीं भुलना चाहिए। बड़ों के प्रति सम्मान और संस्कार से हम जीवन में आगे बढ़ सकते हैं, सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने सभी हॉस्टल छात्र-छात्राओं को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं। इस मौके पर सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया गया। 
कार्यक्रम में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सच्चिदानंद शुक्ल, राज्य सूचना आयोग के सचिव गोपाल वर्मा, कुलसचिव शैलेन्द्र पटेल, डॉ. रविन्द्र मिश्र, डॉ. एम.एल. नायक सहित बड़ी संख्या में पूर्व छात्र तथा विभिन्न हॉस्टल के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 11 अगस्त को राजनांदगांव जाएंगे

11-Aug-2024
रायपुर,  ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 11 अगस्त को राजनांदगांव के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री इस दौरान वहां आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। 
जारी दौरा कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री साय रायपुर पुलिस परेड ग्राउंड से दोपहर 12.30 बजे हेलीकॉप्टर से रवाना होकर दोपहर 12.55 बजे राजनांदगांव पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री राजनांदगांव के नया बस स्टैण्ड में मिनीमाता प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम एवं तिरंगा रैली कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 2.20 बजे राजनांदगांव के स्वर्गीय गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में मिनीमाता निर्वाण दिवस कार्यक्रम एवं जिला स्तरीय शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री राजनांदगांव से अपरान्ह 3.30 बजे हेलीकॉप्टर से प्रस्थान कर 3.55 बजे पुलिस परेड ग्राउंड आने के बाद, यहां से कुशाभाउ ठाकरे परिसर बोरियाकला जाएंगे। मुख्यमंत्री वहां से शाम 5.25 बजे मुख्यमंत्री निवास रायपुर लौट आएंगे।

अतिक्रमण, रेत के अवैध उत्खनन की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने दिए कार्रवाई के निर्देश

09-Aug-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश )   मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में रायपुर जिले के लखना से आए ग्रामीण ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात करके गांव के समीप वन भूमि पर अतिक्रमण और रेत के अवैध उत्खनन कर परिवहन करने की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले का परीक्षण कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में प्राप्त आवेदन वनमंडलाधिकारी को कार्रवाई के लिए भेजा गया है।
जनदर्शन के दौरान रायपुर जिले के ही आरंग विकासखंड की ग्राम पंचायत भलेरा के ग्रामीणों ने सरपंच और पंच के खिलाफ मनरेगा में फर्जीवाड़ा की शिकायत करते हुए निष्पक्ष जांच कराने का आवेदन दिया। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर रायपुर को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।
 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account