ब्रेकिंग न्यूज

जनप्रतिनिधि

मंत्रालय में 15 अगस्त से ई-ऑफिस का होगा क्रियान्वयन

09-Aug-2024
रायपुर।   ( शोर संदेश )  मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने गुरुवार को मंत्रालय महानदी भवन में ई-ऑफिस के क्रियान्वयन की समीक्षा की। एनआईसी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने मंत्रालय में ई-ऑफिस प्रक्रिया का प्रस्तुतिकरण दिया। इस अवसर पर मंत्रालय के सभी विभागों भारसाधक सचिव मौजूद थे। ई-ऑफिस के अंतर्गत ई-फाईल मेनेजमेंट सिस्टम, ई-फाईल प्रोसेस, एपीआई यूनिट डेटा डिस्प्ले, इंम्पिलिमेंट ई-ऑफिस, ई-फाईल एमआईएस रिपोर्ट सहित ई-ऑफिस की अन्य गतिविधियों के बारे में अधिकारियों को प्रस्तुतिकरण के जरिए जानकारी दी गई। मुख्य सचिव जैन ने सभी विभागों के अधिकारियों को ई-ऑफिस की प्रक्रियाओं को जानने तथा ई-ऑफिस के तहत कार्य करने के लिए सभी कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। उन्होंने ई-ऑफिस के क्रियान्वयन के लिए एनआईसी के अधिकारियों को मंत्रालय में लगातार बैठने के निर्देश दिए है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री जनदर्शन पोर्टल के बारे में भी अधिकारियों को विस्तार से जानकारी दी। जनदर्शन पोर्टल के बारे में मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत ने पोर्टल के माध्यम से जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के शीघ्र निराकरण की प्रक्रिया से अवगत कराया। 15 अगस्त से मंत्रालय में ई-ऑफिस का क्रियान्वयन चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। ई-ऑफिस से प्रशासन के कार्यों में तेजी आएगी। ई-फाइल तकनीक से मंत्रालय में सभी नोटशीट ऑनलाइन लिखी और भेजी जाएगी, फाइल के मूवमेंट में तेजी आयेगी। मंत्रालय में किस स्तर पर कितने दिनों से फाइल रुकी हुई है, इसकी जानकारी भी तत्काल प्राप्त हो जाएगी। जिससे की शासन स्तर में समीक्षा करना सरल हो जाएगा। समस्त फाइल ऑनलाइन उपलब्ध रहने से प्रशासन में पारदर्शिता आएगी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से आयोजित इस बैठक में अपर मुख्य सचिव धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व सुब्रत साहू, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की अपर मुख्य सचिव श्रीमती ऋचा शर्मा, सचिव मुख्यमंत्री एवं सुशासन एवं अभिसरण राहुल भगत, नगरीय प्रशासन एवं मुख्यमंत्री के सचिव बसवराजू एस., सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अन्बलगन पी., वित्त विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल, आयुक्त जनसम्पर्क मयंक श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
 

लोगों की सेवा और क्षेत्र विकास हमारी प्राथमिकता : विजय शर्मा

09-Aug-2024
रायपुर। ( शोर संदेश )  उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने कवर्धा प्रवास के दौरान शुक्रवार को विधायक कार्यालय में जिले के 25 दिव्यांगजनों को स्कूटर वितरण किया। उन्होंने इस अवसर पर दूर-दराज से आए दिव्यांगजनों से आत्मीयता से मुलाकात की और उनकी समस्याओं से रूबरू भी हुए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में विष्णु देव साय की सरकार आपके सहयोग और आर्थिक विकास के लिए हमेशा साथ रहेगी। उन्होंने कहा कि लोगों की सेवा और क्षेत्र का विकास हमारी प्राथमिकता में शामिल है। प्राथमिकता से सभी समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा दिव्यांगजनों और आमजनों की सेवा में आत्मीय खुशी मिलती है।
विजय शर्मा ने इससे पहले कवर्धा आगमन के दौरान ठाकुरदेव चौक में अपने वाहन रुकवाकर आमजनों से भेंट की और सभी का हालचाल जाना।
उपमुख्यमंत्री शर्मा कबीरधाम जिले के एकदिवसीय प्रवास पर है। शर्मा आज जिले के तरेगांव, रेंगाखार और कवर्धा के पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित विश्व आदिवासी दिवस कार्यक्रम में भी शामिल हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने हर घर तिरंगा कार्यक्रम का किया शुभारंभ, जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं

09-Aug-2024
रायपुर, ( शोर संदेश )  जनदर्शन कार्यक्रम में लोगों का एक बार फिर आमजनों में उत्साह दिखा, रिमझिम बारिश के बीच बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए मुख्यमंत्री निवास पहुंचे थे। इस बार एक और बात को लेकर लोगों में उत्साह दिखा वह हर घर तिरंगा कार्यक्रम को लेकर था। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनदर्शन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ में हर घर तिरंगा कार्यक्रम की शुरूआत की। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आने वाले लोगों को उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज भी वितरित किया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 6 हजार 200 से अधिक श्रमिक परिवारों को 11 करोड़ 41 लाख रूपए की सहायता राशि के वितरण का शुभारंभ करते हुए प्रतीक स्वरूप 12 हितग्राहियों को सहायता राशि वितरित की। इस मौके पर मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, पी.दयानंद सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे। 
जनदर्शन कार्यक्रम में रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पहुंची महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री से मिलकर महतारी वंदन योजना शुरू करने के लिए उनका आभार जताया और कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने में यह योजना कारगर सिद्ध हो रही है। महिलाओं ने बताया कि बहनों की राखी इस बार शानदार रहेगी। भाईयों के लिए अच्छी मिठाईयां खरीदेंगे। मुख्यमंत्री ने 37वें राष्ट्रीय खेल में मिनी गोल्फ में कांस्य पदक जीतकर लौटी महासमुन्द निवासी चयन कुमारी और रायपुर की रंजीता खलको से भी मुलाकात की और उनकी हौसल अफजाई की। इन खिलाड़ियां ने बताया कि 20 से 25 अगस्त तक इंटरनेशनल हुड बॉल में हिस्सा लेने दक्षिण कोरिया जा रही है। 
रायपुर जिले के ग्राम पंचायत परसुलीडीह के सरपंच के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने परसुलीडीह के स्कूल भवन में बच्चों के लिए मध्यान्ह भोजन बनाने के लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों को जल्द से जल्द शेड निर्माण करने के निर्देश दिए। बलौदाबाजार जिले के डोंगरिया के किसानों ने मुख्यमंत्री को बताया कि केमिकल प्लांट से खरीफ और रबी की फसल खराब हो गई है। इस पर उन्होंने अधिकारियों को किसानों को जल्द राहत दिलाने कहा। जनदर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने रायपुर शहर के चौरसिया कॉलोनी की 18 वर्षीय सना परवीन, ग्राम सेरीखेड़ी की निवासी कोमल लहरे, और धमतरी जिले के ग्राम कचना के निवासी ठगिया साहू को मोटराईज्ड ट्राई सायकल प्रदान किया। 
रक्षाबंधन के तोहफे में मिलेगी अनुकंपा नियुक्ति 
मुख्यमंत्री से बिलासपुर की रिशी अग्रवाल और बेमेतरा जिले की सिद्धका गोस्वामी ने अनुकंपा नियुक्ति के लिए गुहार लगाई। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आप राखी के पूर्व मेरे लिए राखी लेकर आई है और आपने मेरे हाथों में राखी बांध दिया। छत्तीसगढ़ की सभी बहनों का स्नेह मुझ पर है। रक्षाबंधन का तोहफा मैं आपको अनुकंपा नियुक्ति के रूप में जल्द प्रेषित करूंगा। उन्होंने अनुकंपा नियुक्ति के आवेदनों पर अधिकारियों को जल्द कार्यवाही करने के निर्देश दिए। 
जमीन का जल्द मिलेगा मुआवजा
बालोद निवासी बोधन लाल ने मुख्यमंत्री साय को बताया कि उनकी जमीन अंडा में सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित की गई थी, लेकिन अब तक उन्हें भू-अर्जन की मुआवजा राशि नहीं मिल पाई है। मुख्यमंत्री ने इस पर बालोद कलेक्टर को त्वरित कार्रवाई कर भू अर्जन की राशि दिलाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही भू अर्जन से प्रभावित अन्य लोगों को भी शीघ्र राहत देने के निर्देश दिए। 
लक्ष्य के इलाज की होगी व्यवस्था
रायपुर के फाफाडीह के रमण मंदिर वार्ड से आए रोशन साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनका बेटा 8 साल का लक्ष्य एस्ट्रॉफी ऑफ़ ब्लैडर बीमारी से पीड़ित है। इसके इलाज के लिए उन्हें अहमदाबाद इसके लिए नियमित रूप से जाना पड़ेगा, लेकिन उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। उनकी समस्या सुनकर मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बच्चे की बीमारी के संबंध में इलाज की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। लक्ष्य के पिता ने कहा कि मैं बच्चे का लंबे समय तक इलाज करते हुए परेशान हो गया था और हिम्मत हार चुका था अब मुख्यमंत्री के मिलने के बाद मुझे नई उम्मीद जगी है।
खपरी गांव को मिलेगी जर्जर सड़कों से मुक्ति
जनदर्शन कार्यक्रम में बालोद जिला के ग्राम पंचायत खपरी ब की सरपंच जनक बाई साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि ग्राम ईरागुड़ा से पायला पहुंच मार्ग की स्थिति बहुत ही जर्जर हो गई है, जिससे राहगीरों को आने-जाने में बहुत परेशानी हो रही है। उन्होंने गांव की अन्य समस्याओं से भी अवगत कराया। मुख्यमंत्री साय ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनकर शीघ्र समस्याओं का समाधान करने की बात कही। साथ ही अन्य मांगों को भी पूरा करने का आश्वासन दिया।

राज्य जलग्रहण क्षेत्र प्रबंधन एजेंसी की शासी परिषद की बैठक सम्पन्न

09-Aug-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश ) मुख्य सचिव अमिताभ जैन की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में राज्य जलग्रहण क्षेत्र प्रबंधन एजेंसी की शासी परिषद की सातवी बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जलग्रहण क्षेत्र विकास कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को जलग्रहण क्षेत्र प्रबंधन के संबंध में भारत सरकार द्वारा निर्धारित गाईडलाइन के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए है। इसी तरह से प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, जलग्रहण क्षेत्र विकास कार्यक्रम के अंतर्गत पौधारोपण सहित अमृत सरोवर, स्टापडेम, चेकडेम, ड्रिप सिस्टम सहित अन्य जलसंग्रहण क्षेत्र की गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि राज्य में करीब 4850 जलग्रहण संरचनाओं का निर्माण किया गया है। इससे करीब 8530 हेक्टेयर क्षेत्र में अतिरिक्त सिंचाई रकबा की वृद्धि हुई है। इससे राज्य के किसानों को लाभ हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि जलग्रहण परियोजनाओं के अंतर्गत 125 हेक्टेयर क्षेत्र में कैक्टस खेती का भी लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त शहला निगार, वित्त विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुल हक सहित वन विभाग, ग्रामीण आजीविका मिशन, नाबार्ड, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, केन्द्रीय भूमि जल बोर्ड सहित शासी परिषद के अन्य सदस्य शामिल हुए।

मुख्यमंत्री साय ने सिल्वर मेडल जीतने पर नीरज चोपड़ा को दी बधाई

09-Aug-2024
रायपुर। ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पेरिस ओलंपिक की भाला फेंक स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर भारत के नीरज चोपड़ा को बधाई और शुभकामनाएं दीं हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि ओलंपिक में नीरज चोपड़ा ने अपना शानदार प्रदर्शन कर देशवासियों का दिल जीत लिया। लगातार दूसरे ओलंपिक में उन्होंने मेडल जीतने का करिश्मा कर दिखाया। इसके पहले टोकियो ओलंपिक में उन्होंने गोल्ड मेडल जीता था।
 

सुनहरे भविष्य की उम्मीद : दिव्यांग रूपेश को मिली पचास हजार रुपए की सहायता राशि

08-Aug-2024
रायपुर,   ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने निवास परिसर में आयोजित जनदर्शन में आए दिव्यांग रूपेश कुमार साहू को शिक्षण, प्रशिक्षण और व्यवसाय के लिए 50 हज़ार रूपए आर्थिक सहायता राशि देने की घोषणा की। इस घोषणा से रूपेश की खुशी का ठिकाना नही रहा। उन्होंने कहा कि जीवन में आने वाले संघर्षाे को हँसते हुए सामना करना अब उनकी दिनचर्या में शामिल है। भानसोज निवासी दिव्यांग रूपेश कुमार साहू कठिनाईयों का हँसते हुए सामना कर अपने दो भाइयों के साथ-साथ अपने परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत करने में भूमिका निभा रहे हैं। ऑटोपार्ट्स दुकान का संचालन कर एक बेहतर भविष्य का निर्माण करने में लगे हुए हैं।
दिव्यांग रूपेश साहू भूमिहीन परिवार से है। उनके पिता पुष्कर साहू मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण किया। वर्ष 2018 में रूपेश की मां की मृत्यु होने पर बच्चों के पालन पोषण में की जिम्मेदारी पिता पर आ गई। रूपेश दिव्यांग होने के कारण उनके पालन पोषण में परेशानियों का सामना करना पड़ा। दिव्यांग रूपेश पढ़ाई में बेहतर था, उन्होंने  बी. ए. की परीक्षा उत्तीर्ण की। अपनी दिव्यांगता को कमजोरी न मानकर उसने अपने हौसलें को कभी टूटने नहीं दिया। उन्होंने अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुधारने का हर संभव प्रयास किया। वर्तमान में वे ग्राम कोसरंगी में अपने दो भाइयों के साथ ऑटोपार्ट्स दुकान का संचालन कर रहे हैं।
जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे दिव्यांग रूपेश की दास्तान की सुनकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें 50 हज़ार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने की स्वीकृति दी।  मुख्यमंत्री साय के हाथों मिली आर्थिक मदद ने रूपेश के जीवन में एक नई उम्मीद की किरण जगाई है। अब वे अपने व्यवसाय को और भी बेहतर तरीके से कर सकेंगे और अपने साथ भाईयों के भविष्य को सुरक्षित कर सकेंगे।


















 

मुख्यमंत्री ने श्रम विभाग के 12 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत चेक सौंपे

08-Aug-2024
रायपुर।   ( शोर संदेश )   मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में आज हजारों की तादाद में प्रदेशभर से लोग अपनी फरियाद लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिलने पहुंचे हैं। रिमझिम फुहारों के बीच लोग पूरी उम्मीद और उत्साह के साथ मुख्यमंत्री साय से मिल रहे हैं। इसी दौरान मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल के तहत 12 हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से सहायता राशि के चेक सौंपे।
ज्ञात हो कि आज के मुख्यमंत्री जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान श्रम विभाग की ओर से 6 हजार 205 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 11 करोड़ 41 लाख 25 हजार 500 रूपये की सहायता राशि के चेक प्रदाय किए गए। इसमें मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत दो हजार 606 हितग्राहियों को 05 करोड़ 21 लाख 20 हजार रूपये, मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत दो हजार 593 हितग्राहियों को 05 करोड़ 18 लाख 60 हजार रूपये तथा मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के तहत 827 हितग्राहियों को 15 लाख 66 हजार रूपये के चेक प्रदाय किए गए।
इसी तरह मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना के तहत 100 हितग्राहियों को 20 लाख रूपये के चेक, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना के तहत 34 हितग्राहियों को 34 लाख रूपये, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत 29 हितग्राहियों को 30 लाख 50 हजार रूपये तथा मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के 16 हितग्राहियों को कुल एक लाख 29 हजार रूपये के चेक दिए गए।

कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल जीतने वाली रीबा के माता-पिता ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

08-Aug-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश )  छत्तीसगढ़ की बालिका रीबा बेन्नी ने न्यूज़ीलैंड में आयोजित  कॉमनवेल्थ गेम्स में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से पूर्व में आयोजित जनदर्शन में सहायता की माँग की थी, जिसे मुख्यमंत्री साय ने सहृदयता से स्वीकार करते हुए तत्काल सहायता राशि चार लाख रूपये स्वीकृत किया था।
उक्त राशि से रीबा  बेन्नी न्यूज़ीलैंड पहुँच पायी और वहाँ सिल्वर मेडल अर्जित किया। आज इस ख़ुशी को रीबा के माता-पिता ने मुख्यमंत्री के साथ साझा किया और सम्मान में उन्होंने मुख्यमंत्री साय को श्रीफल भेंट कर सहायता के लिए आभार जताया।

सीएम हाउस में जनदर्शन आज

08-Aug-2024
रायपुर।   ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री निवास में होने वाला साप्ताहिक जनदर्शन का कार्यक्रम गुरुवार 8 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे से 1 बजे तक आयोजित किया जाएगा। जनदर्शन में आम जनता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से रूबरू होकर अपने आवेदन/ समस्या रख सकेंगे और समाधान प्राप्त कर सकेंगे।

 

 


सीएम साय कल रायपुर में लगाएंगे जनदर्शन

07-Aug-2024
रायपुर।   ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कल यानी 8 अगस्त को रायपुर में जन दर्शन का आयोजन करेंगे। जनदर्शन की शुरुआत सुबह 11 बजे से मुख्यमंत्री निवास में किया जाएगा। साय यहां लोगों की समस्याएं सुनेंगे। अधिकारियों को इसे लेकर तैयारी करने कहा गया है। इस जनदर्शन में अलग-अलग विभागों से जुड़े अफसर होंगे। लोगों की समस्याओं और शिकायतों के हिसाब से उसी समय सीएम अधिकारियों को निर्देशित करेंगे। इसके लिए मुख्यमंत्री आवास में व्यवस्थाएं की जा रही है। हर सप्ताह गुरुवार को दोपहर 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जनदर्शन चलेगा। यहां आम लोगों को सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री के सरकारी आवास में एंट्री दी जाएगी। लोगों को अपनी समस्याओं का आवेदन मुख्यमंत्री के नाम लेकर जाना होगा। शिकायत से जुड़े दस्तावेज साथ रखने होंगे। इस जनदर्शन में मुख्यमंत्री जनता के सुझाव भी लेंगे। इसके अलावा सरकारी योजनाओं से उन्हें मिलने वाले लाभ के बारे में भी जानकारी ली जाएगी। सीएम विष्णुदेव साय ने 27 जून को पहला सीएम जनदर्शन रायपुर मुख्यमंत्री निवास में लगाया था, जिसके बाद अलगे हफ्ते के गुरुवार 4 जुलाई को दूसरा सीएम जनदर्शन लगाया गया था। 11 जुलाई से लेकर 1 अगस्त तक किसी न किसी कारण से जनदर्शन स्थगित किया गया था। जिसके बाद अब कल फिर से जनदर्शन की शुरुआत की जा रही है।



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account