ब्रेकिंग न्यूज

जनप्रतिनिधि

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने दी बधाई, बोले- यहां जनजातीय संस्कृति अद्भुत

01-Nov-2024
रायपुर। ( शोर संदेश ) छत्तीसगढ़ राज्य 1 नवंबर को अस्तित्व में आया था। प्रदेश में आज राज्य स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस मौके पर छत्तीसगढ़ के तीन करोड़ जनता को बधाई भेजी है। सोशल मीडिया पर उन्होंने एक पोस्ट के जरिए छत्तीसगढ़ के लिए अपनी बातें लिखी है।
छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य स्थापना दिवस को भी दीपावली की तरह मनाने का निर्णय लिया है। प्रदेश के सभी कलेक्टर को निर्देश दिए गए हैं कि सभी जिला मुख्यालय में बड़ी तादाद में दिये जलाए जाएं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी राज्य स्थापना दिवस पर अपना संदेश प्रदेश के लोगों को दिया।
पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा- “समस्त छत्तीसगढ़ वासियों को राज्य के स्थापना दिवस पर मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। वैभवशाली लोक परंपरा और जनजातीय संस्कृति के अद्भुत संगम से सजा यह प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ता रहे, यही कामना है।”
मुख्यमंत्री साय क्या बोले- मुख्यमंत्री साय ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि राज्य के निर्माण के 24 साल पूरे हो रहे हैं। देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने जिस परिकल्पना के साथ छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया था, उन्हें साकार करने की दिशा में प्रदेश निरंतर अग्रसर है। बीते 24 वर्षों में से लगभग 16 वर्ष में हमारी सरकार रही।
इन्हीं वर्षों में छत्तीसगढ़ में विकास की अधोसंरचनाओं का निर्माण हुआ और आदिवासियों किसानों मजदूरों वंचित वर्ग के लोगों तक उनके अधिकार पहुंचे। सीएम ने आगे कहा कि हमारी सरकार के कार्यकाल में ही प्रदेश की आर्थिक संरचना तैयार हुई। लोगों का जीवन स्तर ऊंचा उठा।
आज हमारी डबल इंजन की सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरे मनोयोग के साथ काम कर रही है। विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में आप सभी की भागीदारी महत्वपूर्ण है। नया रायपुर अटल नगर में 4 नवंबर से 6 नवंबर तक राज्योत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
 

मुख्यमंत्री ने दी नरक चतुर्दशी और छोटी दीपावली की शुभकामनाएं

30-Oct-2024
रायपुर।   ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को नरक चतुर्दशी और छोटी दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली से एक दिन पहले कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को छोटी दिवाली मनाई जाती है, इसे नरक चतुर्दशी या रूप चौदस के रूप में मनाया जाता हैं। मान्यता है कि इस दिन भगवान श्रीकृष्ण ने नरकासुर का वध किया था। रूप चौदस का पर्व सौंदर्य से जुड़ा है। साथ ही इस दिन  नकारात्मक शक्तियों के प्रभाव को दूर करने के लिए माँ काली और यम की पूजा का विधान है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि छोटी दिवाली पर आप सभी के जीवन से चिंता और दुःखों का नाश हो। आप सभी को सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और संपन्नता प्राप्त हो।
 

पीएम मोदी ने किया CRIYN रायपुर का किया शिलान्यास

29-Oct-2024
रायपुर ।  ( शोर संदेश )   प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर वर्चुअल माध्यम से रायपुर में बनने वाले 100 बिस्तरों वाले केंद्रीय योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (CRIYN) का शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री मोदी अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान, नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से रायपुर से जुड़े थे।मोदी ने कहा कि देश के लोग जितना ज्यादा स्वस्थ रहेंगे, देश की प्रगति उतनी ही तेजी से होगी। पूरी दुनिया के लोग योग और पंचकर्म के लिए भारत आते हैं और आने वाले समय में इनकी संख्या और बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि भारत सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में संवेदनशीलता के साथ काम रही है।
केंद्रीय योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान रायपुर को केन्द्रीय योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान परिषद् (सीसीआरवायएन) के तहत स्थापित किया जा रहा है। 90 करोड़ रूपए की लागत से इस संस्थान का निर्माण 24 माह में पूरा होगा। राज्य सरकार ने इस संस्थान के लिए 10 एकड़ की भूमि विभाग को उपलब्ध करा दी है। यह छत्तीसगढ़ का पहला योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान केंद्र और अस्पताल होगा जो गैर संचारी रोगों जैसे मोटापा, प्रीडायबिटीज, मेटाबोलिक सिंड्रोम, व गठिया आदि के  उपचार की सुविधा प्रदान करेगा।
अनुसंधान केन्द्र में बाह्य रोगी और प्रशासनिक ब्लॉक, आंतरिक रोगी ब्लॉक, स्टाफ क्वार्टर, योग हॉल, आहार केन्द्र, मालिश और फिजियोथेरेपी अनुभाग के साथ ही अनुसंधान ब्लॉक भी स्थापित होंगे। यह केन्द्र स्पा और वेलनेस थेरेपी में प्रशिक्षण प्रमाणन पाठ्यक्रम और अनुसंधान में फेलोशिप पाठ्यक्रम संचालित करेगा।
केंद्र में वेलनेस थिरेपी में प्रशिक्षण प्रमाणन पाठ्यक्रम और अनुसंधान में फेलोशिप पाठ्यक्रम का भी संचालन होगा। इस संस्थान के शुरू होने से योग और प्राकृतिक चिकित्सा के प्रभावों के बारे में नए ज्ञान का विकास होगा।
इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि भारत देश अपनी पुरानी पद्धतियों को संजोकर लगातार आगे बढ़ रहा है। जायसवाल ने कहा कि आज धनतेरस के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य को केंद्रीय योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान के रूप में जो उपहार दिया है उसे हम और हमारी आने वाली पीढ़ियां भी याद करती रहेंगी। उन्होंने कहा कि इस अनुसंधान केंद्र के स्थापित हो जाने के बाद राज्य के युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। युवा यहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर सक्षम बनेंगे और स्वरोजगार को बढ़ावा देंगे। उन्होंने कहा कि भारत देश योग और आयुर्वेद में सदैव अग्रणी रहा है और इस तरह के अनुसंधान केंद्रों के खुलने से इस परंपरा को और बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री साय छत्तीसगढ़ के चतुर्मुखी विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं। राज्य की स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार ,मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल है।

 


राज्यपाल ने तिरुपति में पूजा-अर्चना बालाजी से देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना

29-Oct-2024
रायपुर, ( शोर संदेश ) राज्यपाल रमेन डेका ने कल तिरुमला तिरुपति देवस्थानम में भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन किए। इस अवसर पर राज्यपाल ने भगवान वेंकटेश्वर स्वामी की विधिवत पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ सहित समस्त देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर राज्यपाल को मंदिर प्रबंधन की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी सहित राज्यपाल के परिजन उपस्थित रहे।
 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बिलासपुर पहुंचने पर हेलीपैड पर स्वागत

29-Oct-2024
रायपुर,( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज हेलीकॉप्टर से बिलासपुर पहुंचे। पंडित सुंदरलाल शर्मा विश्वविद्यालय हेलीपैड कोनी में  उनका आत्मीय स्वागत किया गया। उप मुख्यमंत्री अरूण साव भी उनके साथ बिलासपुर पहुंचे। विधायक धरमलाल कौशिक,विधायक सुशांत शुक्ला, विधायक बिलासपुर अमर अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण चौहान,आईजी संजीव शुक्ला,कलेक्टर अवनीश शरण, एसपी रजनेश सिंह सहित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने गुलदस्ता भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री साय कोनी में सिम्स के 200 बिस्तर क्षमता के मल्टी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के लोकार्पण समारोह में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली इसका लोकार्पण करेंगे।
 

मुख्यमंत्री से पुलिस प्रशिक्षण अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षणार्थियों ने की सौजन्य मुलाकात

29-Oct-2024
रायपुर।   ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सोमवार शाम को मंत्रालय महानदी भवन में नेताजी सुभाषचंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी चंदखुरी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे भारतीय पुलिस सेवा एवं राज्य पुलिस सेवा के प्रशिक्षणार्थियों ने सौजन्य मुलाकात की। 
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आप लोगों से उम्मीद है कि जनता की बेहतरी के लिए पूर्ण समर्पण भाव से कार्य करेंगे। उन्होंने प्रशिक्षर्थियों को अपनी बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भविष्य में आपको मैदानी क्षेत्र में जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, उसे पूरी निष्ठा एवं लगन के साथ पूरा करते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षु अधिकारियों को धनतेरस एवं दीपावली पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। 
इस अवसर पर भारतीय पुलिस सेवा के वर्ष 2023 बैच के 7 अधिकारी एवं राज्य पुलिस सेवा के वर्ष 2022 बैच के 6 अधिकारी एवं 2 सहायक जेल अधीक्षक, अपर पुलिस महानिदेशक एस.आर.पी. कल्लुरी, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, नेताजी सुभाषचन्द्र बोस राज्य पुलिस अकादमी के निदेशक रतनलाल डांगी, एएसपी डॉ. पंकज शुक्ला, मेजर ड्रिल प्रशिक्षक  उदय सिदार भी उपस्थित थे। 

छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक विकास नीति पर कैबिनेट की मुहर

29-Oct-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश )   मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज महानदी मंत्रालय भवन में आयोजित केबिनेट बैठक में छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक विकास नीति 2024-2030 को मंजूरी दी गई। नई औद्योगिक नीति में छत्तीसगढ़ सरकार ने भारत सरकार के विजन 2047 की परिकल्पना को साकार करने तथा राज्य के औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से कई प्रावधान किए हैं। राज्य के प्रशिक्षित व्यक्तियों को औपचारिक रोजगार में परिवर्तित करने के लिए उद्योगों हेतु प्रति व्यक्ति 15 हजार रूपए की प्रशिक्षण वृत्ति प्रतिपूर्ति का प्रावधान किया गया है। नवीन औद्योगिक नीति 01 नवबंर 2024 से 31 मार्च 2030 तक के लिए लागू होगी।

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने बताया कि नई औद्योगिक नीति में निवेश प्रोत्साहन में ब्याज अनुदान, लागत पूंजी अनुदान, स्टाम्प शुल्क छूट, विद्युत शुल्क छूट. मूल्य संवर्धित कर प्रतिपूर्ति का प्रावधान है। नई नीति में मंडी शुल्क छूट, दिव्यांग (निःशक्त) रोजगार अनुदान, पर्यावरणीय प्रोजेक्ट अनुदान, परिवहन अनुदान, नेट राज्य वस्तु एवं सेवा कर की प्रतिपूर्ति के भी प्रावधान किये गये हैं।

मंत्री देवांगन ने बताया कि नई औद्योगिक नीति में राज्य के युवाओं के लिये रोजगार सृजन को लक्ष्य में रखकर एक हजार से अधिक स्थानीय रोजगार सृजन के आधार पर बी-स्पोक पैकेज विशिष्ट क्षेत्र के उद्योगों के लिये प्रावधानित है। राज्य के निवासियों विशेषकर अनुसूचित जाति, जनजाति, महिला उद्यमियों, सेवानिवृत्त अग्निवीर सैनिक, भूतपूर्व सैनिकों, जिनमें पैरामिलिट्री भी शामिल है, को नई औद्योगिक नीति के तहत अधिक प्रोत्साहन दिए जाने का प्रावधान है। नक्सल प्रभावित, कमजोर वर्ग, तृतीय लिंग के उद्यमी भी नई औद्योगिक पॉलिसी के तहत विशेष प्रोत्साहन के पात्र होंगे। 

नई औद्योगिक नीति में पहली बार सेवा क्षेत्र अंतर्गत एमएसएमई सेवा उद्यम एवं वृहद सेवा उद्यमों के लिये पृथक-पृथक प्रोत्साहन का प्रावधान किया गया है। सेवा क्षेत्र अंतर्गत इंजीनियरिंग सर्विसेस, रिसर्च एंड डेव्हलपमेंट सेक्टर, पर्यटन एवं मनोरंजन सेक्टर आदि से संबंधित गतिविधियों को सम्मिलित किया गया है। इस नीति में बड़ी संख्या में सेवा श्रेणी के उद्यमों को भी औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन के लिये पात्र उद्यम माना गया है, जिसमें पर्यटन, मनोरंजन एवं अन्य सामाजिक सेवाओं के सेक्टर तथा सरगुजा एवं बस्तर संभाग में होम-स्टे सेवाओं को भी शामिल किया गया है। 

इस नीति में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों की परिभाषा को भारत सरकार द्वारा परिभाषित एमएसएमई के अनुरुप किया गया है। इन उद्यमों को प्राप्त होने वाले प्रोत्साहनों को अन्य राज्यों की तुलना में प्रतिस्पर्धी बनाया गया है। निवेशकों की सुविधा के लिये सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों एवं वृहद उद्योगों के लिये पृथक-पृथक औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन प्रावधान किए गए हैं।

नई औद्योगिक नीति में फार्मास्यूटिकल, टेक्सटाईल, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण तथा गैर काष्ठ वनोत्पाद (एनटीएफपी) प्रसंस्करण, कम्प्रेस्ड बॉयो गैस, ग्रीन हाइड्रोजन, इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, आर्टिफिशियल इंटीलिजेंस (ए.आई), रोबोटिक्स एण्ड कम्प्यूटिंग (जी.पी.यू), आई.टी., आई.टी.ई.एस., डेटा सेंटर, जल विद्युत परियोजनाओं, सौर ऊर्जा परियोजनाओं आदि के लिए आकर्षक पृथक औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन का प्रावधान है।

इस नीति के माध्यम से युवाओं को अपना स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ कर आत्मनिर्भर बनाने के लिये उद्यम क्रांति योजना का प्रावधान किया गया है। इस योजना के अंतर्गत राज्य के शिक्षित युवा बेरोजगारों को स्वयं का उद्यम स्थापित करने के लिये अनुदान युक्त ऋण प्रदान किये जाने का प्रावधान है।

कृषि प्रधान छत्तीसगढ़ में जल संसाधन विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

29-Oct-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर के सर्किट हाऊस में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित जल संसाधन विभाग के 83 सहायक अभियंताओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा जल संसाधन विभाग के 80 सहायक अभियंता सिविल और 03 सहायक अभियंता विद्युत यांत्रिकी का चयन किया गया है। जिन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नव नियुक्त अभियंताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुझे आशा है कि आप सभी अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठापूर्वक ईमानदारी से करेंगे। उन्होंने कहा कि कृषि प्रधान छत्तीसगढ़ में जल संसाधन विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। हमारी अर्थव्यवस्था खेती किसानी पर निर्भर है। खेती-किसानी का विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसकी मजबूती के लिए सिंचाई सुविधा का सुचारू होना और इस सुविधा का अधिक से अधिक विस्तार भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सिंचाई क्षमता के विस्तार के लिए संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी। जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, जल संसाधन विभाग के सचिव राजेश सुकुमार टोप्पो इस अवसर पर उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जल संसाधन विभाग सहित सभी विभागों में अमले की भर्ती और अधिक से अधिक संसाधन उपलब्ध कराने का हर संभव प्रयास कर रही है। पिछले 10 महीनों के दौरान सात हजार से ज्यादा शासकीय पदों में भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई है। हम सभी मिलकर विकसित छत्तीसगढ़ बनाएंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के निर्माण के सपने को पूरा करेंगे।
जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप ने चयनित सहायक अभियंताओं को दीपावली और राज्योत्सव की बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि आप सबके सहयोग से विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ बनाएंगें। उन्होंने कहा कि आपकी जहां भी पदस्थापना हो वहां अपने दायित्वों का निर्वहन बेहतर से बेहतर तरीके से करें। प्रदेश में जितनी भी सिंचाई योजनाएं है उनके अंतिम छोर तक किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास करें। जल संसाधन विभाग के सचिव राजेश सुकुमार टोप्पो ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के हितों के लिए तत्परता से कार्य किया जा रहा है। पिछले आठ माह में विभाग के 380 अधिकारी-कर्मचारियों की लम्बे समय से लंबित पदोन्नति का लाभ प्रदान किया गया। 
सहायक अभियंताओं ने कहा छत्तीसगढ़ को कृषि में अग्रणी राज्य बनाने में देंगे योगदान
चयनित सहायक अभियंता प्रतीक ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि अरसे से लंबित परीक्षा का परिणाम जारी कर आपने हमारी भावनाओं का ध्यान रखा। हम पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करते हुए छत्तीसगढ़ को कृषि के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए अपना योगदान देंगे। चयनित सहायक अभियंता प्रेरणा तिवारी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपने शासकीय सेवा का अवसर प्रदान किया। इसकी हम सभी को लंबे समय से प्रतीक्षा थी। हम राज्य की समृद्धि में ईमानदारी से योगदान देंगे। इस अवसर पर जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

 


सीएम साय की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक शुरू...

28-Oct-2024
रायपुर ।  ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय, महानदी भवन में कैबिनेट की बैठक शुरू हो गई है। इस बैठक में कई अहम् मुद्दों पर चर्चा और कई निर्णयों पर मुहर लगने की संभावना है।
मिली जानकारी के अनुसार आज होने वाली बैठक में धान खरीदी सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। नई औद्योगिक नीति के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने की पूरी संभावना है। चूंकि एक नवंबर से इसे प्रदेश में लागू किया जाना है, ऐसे में इससे सबंधित प्रस्ताव आने की पूरी संभावना है। इसके अलावा ओबीसी आयोग के प्रतिवेदन पर भी कैबिनेट मुहर लगा सकती है। इसी के आधार पर निकायों में आरक्षण तय होना है। राज्योत्सव, धान खरीदी की तैयारी सहित कुछ अन्य महत्वपूर्ण एजेंडों पर चर्चा संभव है।

पीएम मोदी ने मन की बात में कहा- छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को सलाम

28-Oct-2024
रायपुर।   ( शोर संदेश )  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने चर्चित रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” के जरिए देश में छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाने का काम करते हैं। इसका ताजा उदाहरण रविवार को मन की बात कार्यक्रम के 115वें एपिसोड में देखने को मिली है। पीएम ने नारायणपुर के बुटलूराम माथरा का जिक्र किया, तो लोक कला को बचाने और उसे आगे बढ़ाने के लिए वर्षों से की जा रही उनकी मेहनत राष्ट्रीय मंच पर चमक उठी।
प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात में बुटलूराम की कहानी साझा करते हुए बताया कि वे पिछले चार दशकों से अबूझमाड़िया जनजाति की अनूठी लोक कला को बचाने और आगे बढ़ाने के लिए सतत प्रयासरत हैं। बुटलूराम ने लोक कला की उन धरोहरों को सहेज कर रखा है, जिनमें छत्तीसगढ़ की संस्कृति की गूंज है। उनकी लगन और निष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। प्रधानमंत्री की यह सराहना, उस समर्पण की गवाही थी, जो बुटलूराम ने अपनी संस्कृति को संरक्षित करने के लिए दी है, जिससे न केवल छत्तीसगढ़ का नाम रोशन हुआ है, बल्कि पूरी दुनिया के सामने उसकी विशिष्टता भी उभरी है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को सुना। इसके लिए वे राजधानी के सिविल लाइन मंडल में पूज्य कंधकोट भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री द्वारा लोक कला के संरक्षण और संवर्धन में जुटे नारायणपुर के बुटलूराम माथरा की सराहना किए जाने पर प्रसन्नता जताई है।
उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि प्रधानमंत्री ने लोककला के क्षेत्र में अच्छा काम कर रहे कलाकारों की प्रशंसा की है। बुटलूराम ने लोककला को संरक्षित करने की दिशा में बहुत अच्छा काम किया है। सरकार इस दिशा में बुटलूराम द्वारा किए जा रहे काम में पूरी मदद और बढ़ावा देगी।  



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account