ब्रेकिंग न्यूज

आगरा में विपक्ष पर बरसे पीएम मोदी- लगाए आरोप, बोले- धर्म के नाम पर आरक्षण नहीं देंगे

25-Apr-2024
नई दिल्ली। (  शोर सन्देश )  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कांग्रेस पर तुष्टिकरण का सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ओबीसी आरक्षण के कोटे में चोरी कर धर्म के आधार पर आरक्षण देने की फिराक में है। आगरा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है, जो आए दिन बाबा साहेब का अपमान करती है, संविधान का अपमान करती है और सामाजिक न्याय की तो धज्जियां उड़ा देती है। देश का संविधान, देश की अदालतें कांग्रेस को ऐसा करने से बार-बार मना कर चुकी है, मगर वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही है। 
मोदी ने कहा कि धर्म के आधार पर कांग्रेस की हर बात को देश की न्यायपालिका ने ठुकरा दिया है। इसलिए अब कांग्रेस ने पिछले दरवाजे से खेल खेलना शुरू किया है। अब कांग्रेस ने ठान लिया है कि वो धर्म के आधार पर रिजर्वेशन लाकर रहेगी। इसके लिए कांग्रेस ने तरीका निकाला है कि 27 प्रतिशत का ओबीसी का जो कोटा है, उसमें से कुछ चोरी कर लिया जाए, छीन लिया जाए और धर्म के आधार पर आरक्षण दे दिया जाए। 
 उन्होंने कहा कि इसी कांग्रेस ने कभी कर्नाटक में, कभी आंध्र प्रदेश में, कभी अपने घोषणा पत्र में बार-बार धर्म के आधार पर आरक्षण की वकालत की। मोदी की गारंटी सबका साथ, सबका विकास की है लेकिन सपा-कांग्रेस के इंडी-गठबंधन के लिए अपना वोटबैंक ही खास है। उत्तर प्रदेश में जो दो लडक़ों में दोस्ती है, इसका आधार भी ये तुष्टिकरण की राजनीति ही है।  
प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों मिलकर भाषण में तो ओबीसी-ओबीसी करते हैं और पिछले दरवाजे से ओबीसी का हक छीनकर अपने वोटबैंक को मजबूत करने के लिए देना चाहते हैं। हमारा 10 साल का ट्रैक रिकॉर्ड हो या फिर भाजपा का संकल्प पत्र, हमारा जोर सैचुरेशन पर है। कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सबको मिले, पूरा लाभ मिले, बिना बिचौलियों के मिले, बिना रिश्वत के मिले और हकदार को अवश्य मिले, ये भाजपा का सैचुरेशन मॉडल है।
उन्होंने कहा कि हमारा सेक्युलरज्मि भी वही है कि जो भी योजना जिसके लिए बने, बिना धर्म, जाति, भेदभाव के उसका लाभ सबको मिलना चाहिए। सच्चा सामाजिक न्याय भी यही है जब आप बिना भेदभाव, बिना अपने-पराए, बिना रश्वितखोरी सबका हक पूरा करें।मोदी तुष्टिकरण को समाप्त करके, संतुष्टिकरण की ओर आगे बढ़ रहा है। उन्होने कहा कि हमारा रास्ता तुष्टिकरण का नहीं, संतुष्टिकरण का है। सबका साथ, सबका विकास का मंत्र भी उसी का महामार्ग है। लेकिन, सपा-कांग्रेस का इंडी गठबंधन घोर तुष्टिकरण में जुटा है।  2024 के चुनाव में कांग्रेस ने जो मेनिफेस्टो जारी किया है, उसपर 100 फीसदी मुस्लिम लीग की छाप है। कांग्रेस का पूरा मेनिफेस्टो सिर्फ वोटबैंक को मजबूत करने के लिए समर्पित है जबकि, हमारा मेनिफेस्टो देश को मजबूत करने के लिए समर्पित है। 
आगरा के कोठी मीना बाजार मैदान में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे पीएम मोदी ने कहा कि आज मैं आपसे मांगने के लिए आया हूं। मैं आपसे विकसित भारत के लिए आशीर्वाद मांगने आया हूं। इसीलिए, देश एकजुट होकर कह रहा है- फिर एक बार मोदी सरकार। पीएम ने कहा भारत की बढ़ती हुई शक्ति कुछ ताकतों को पसंद नहीं आ रही है। अब जैसे यहां डिफेंस कॉरिडोर बन रहा है, उसमें देश की सेना के लिए, आत्मनिर्भर बनने के लिए, दुनिया में निर्यात के लिए घातक अस्त्र-शस्त्र बनेंगे।


leave a comment

Advertisement 04

kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account