मुंबई। ( शोर संदेश ) महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के नतीजे आ गए हैं। राज्य में सत्तारूढ़ महायुति ने 11 सीटों में से 9 पर जीत दर्ज की है। रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस के 6 विधायकों ने क्रॉस-वोटिंग की जिसका फायदा एनडीए गठबंधन को मिला है। एमएलसी चुनाव में बीजेपी के 5, शिवसेना (शिंदे गुट) के 2 और एनसीपी (अजित पवार गुट) के 2 प्रत्याशियों को सफलता मिली। वहीं, कांग्रेस के एक उम्मीदवार और शिवसेना (उद्धव गुट) के एक उम्मीदवार ने विजय का परचम फहराया। राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले इस चुनावी मुकाबले को सेमीफाइनल के तौर पर देखा जा रहा था, जिसमें एनडीए का डंका बजा है।
विपक्षी एमवीए की तरफ से शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे के करीबी सहयोगी मिलिंद नार्वेकर और कांग्रेस उम्मीदवार प्रज्ञा सातव ने जीत दर्ज की है। शरद पवार की अगुवाई वाली NCP (एसपी) की ओर से समर्थित पीजेंट्स एंड वर्कर्स पार्टी (पीडब्ल्यूपी) के उम्मीदवार जयंत पाटिल चुनाव हार गए। शिवसेना ने लोकसभा के 2 पूर्व सदस्य सशिवाजीराव गर्जे और राजेश विटेकर को टिकट दिया था। कांग्रेस ने सातव को एक और कार्यकाल के लिए नामित किया था, जबकि शिवसेना (यूबीटी) ने नार्वेकर को मैदान में उतारा था। एमवीए के तीसरे घटक एनसीपी (एसपी) ने अपना उम्मीदवार उतारने के बजाय पीडब्ल्यूपी के जयंत पाटिल को समर्थन दिया था।
सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक हुआ मतदान
11 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव के लिए शुक्रवार को विधान भवन परिसर में मतदान संपन्न हुआ। अधिकारियों ने बताया कि वोटिंग सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चली। विधान परिषद की 11 सीट पर हो रहे चुनाव के लिए कुल 12 उम्मीदवार मैदान में थे। राज्य की 288 सदस्यीय विधानसभा इन चुनावों के लिए निर्वाचक मंडल है। वर्तमान में इसमें संख्या बल 274 है। सभी 274 विधायकों ने अपने वोट डाले। विधान परिषद के 11 सदस्यों का कार्यकाल 27 जुलाई को खत्म होने जा रहा है। शिवसेना (यूबीटी) ने सुबह कहा था कि वह राज्य निर्वाचन अधिकारी से मुंबई में भारी बारिश के कारण मतदान का समय एक घंटे बढ़ाने का अनुरोध करेगी।
गणपत गायकवाड़ के वोट डालने पर हुआ विवाद
शिवसेना के संजय गायकवाड़ गुप्त मतदान प्रणाली के माध्यम से सबसे पहले वोट डालने वाले विधायक थे। मतदान के दौरान कांग्रेस ने निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर आग्रह किया कि भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ को वोट डालने की अनुमति न दी जाए। कल्याण पूर्व विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले गायकवाड़ विवादों में थे। ठाणे जिले के उल्हासनगर में भूमि विवाद को लेकर पुलिस थाने के अंदर शिवसेना के पदाधिकारी पर गोली चलाने के आरोप में उन्हें गिरफ्तार किया गया था। कांग्रेस ने कहा कि क्योंकि गायकवाड़ न्यायिक हिरासत में हैं, इसलिए वह जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 62(5) के तहत मतदान नहीं कर सकते।
भाजपा ने चुनाव मैदान में उतारे थे 5 उम्मीदवार
भाजपा 103 सदस्यों के साथ विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी है। इसके बाद शिवसेना (38), राकांपा (42), कांग्रेस (37), शिवसेना (यूबीटी) 15 और राकांपा (शरदचंद्र पवार) के सदस्यों की 10 है। भाजपा ने चुनाव मैदान में 5 उम्मीदवार उतारे। महायुति के उसके गठबंधन सहयोगियों शिवसेना और राकांपा ने दो-दो उम्मीदवार खड़े किए हैं। कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) ने एक-एक उम्मीदवार मैदान में उतारा है, जबकि महा विकास आघाडी (एमवीए) की उनकी सहयोगी राकांपा (शरद पवार) पीजेंट्स एंड वर्कर्स पार्टी (पीडब्ल्यूपी) के उम्मीदवार का समर्थन कर रही है।