

00 दस्तावेजों का सत्यापन साक्षात्कार तिथि से एक दिन पूर्व
रायपुर (शोर सन्देश)। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग से उच्च शिक्षा विभाग 249 पदों के लिए लिखित परीक्षा के प्राप्तांकों व अर्ह अभ्यर्थियों के उपलब्धता के आधार पर, चिन्हांकित 493 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 31 मार्च से 17 अप्रैल तक आयोजित किया गया है। इन चिन्हांकित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन साक्षात्कार तिथि के एक दिन पूर्व दो पालियों में सवेरे 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और 1 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। दस्तावेजों के सत्यापन में अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में शामिल होने की अनुमति नही दी जाएगी। वर्गवार चयन सूची, अनुपूरक सूची जारी की गई है। उपरोक्त पदों के लिए 19 जनवरी को जारी लिखित परीक्षा परिणाम में 493 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए चिन्हांकित किया गया। सहायक प्राध्यापक सूचना प्रौद्योगिकी के लिए 8, कम्प्यूटर साईंस 12, कम्प्यूटर एप्लीकेशन के लिए 20, राजनीति शास्त्र 59 और रसायन शास्त्र के 150 पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाएगा। अभ्यर्थी के पास आवश्यक शैक्षणिक अर्हताओं और अन्य अर्हताओं के प्रमाण पत्र ऑनलाईन आवेदन करने के लिए निर्धारित अंतिम तिथि या उसके पूर्व प्राप्त कर लिया होना चाहिए।
ऑनकोविड-19 के संक्रमण के नियंत्रण और रोकथाम के लिए आयोग कार्यालय परिसर में केवल अभ्यर्थियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। अभ्यर्थियांे के अतिरिक्त अन्य के लिए प्रवेश निशेध है । अभ्यर्थियों को फेस मास्क लगाना सैनिटाइजर रखना अनिवार्य है। जो अभ्यर्थी फेस मास्क, सैनेटाईजर के बिना साक्षात्कार में उपस्थित होगा। उन्हें साक्षात्कार में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

महासमुन्द (शोर सन्देश)। छत्तीसगढ़ की महंगे स्कूल से लेकर दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले गरीब बच्चें हर तरीके से कुछ न कुछ सीखते हैं। लेकिन कोविड-19 ने उनकी स्थितियां पूरी तरह से बदल दी है। कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम एवं नियंत्रण और फैलनें के कारण डिजिटल संसाधनों तक पहुंच में बड़ी असमानता छत्तीसगढ़ में भी बड़ी चुनौती बन गई। छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर राज्य शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने पढ़ई तुहर दुआर शुरू की। महासमुन्द जिले में कलेक्टर डोमन सिंह (आई.ए.एस.) जिले के 40 शिक्षा केन्द्रों और कार्यालयों के सभाकक्षों में 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की बेहतर पढ़ाई के लिए विषय विशेषज्ञों ने कोचिंग स्थापित कर पढ़ाने की व्यवस्था की गयी है। इस पर व्यय राशि जिला खनिज न्यास मद से दी गयी है। यह कोचिंग विद्यालय संचालन समय के अतिरिक्त समय पर दी जा रही है।छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल ने बोर्ड परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। कक्षा 10वी की बोर्ड परीक्षा 15 अप्रैल से 1 मई तक और कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा 03 मई से 24 मई तक होंगी। दूसरी ओर कोविड-19 महामारी के कारण सभी विद्यालय 11 माह से बंद थे, जिसके कारण ऑफलाइन पढ़ाई बाधित हुई। पढ़ई तुहर दुआर अंतर्गत इस सत्र में केवल ऑनलाइन के माध्यम से अध्यापन कराया गया। ऑफलाइन क्लासेस के लिये बच्चों को बहुत कम समय पढ़ाने के लिये प्राप्त हो रहा है। इसलिये बच्चों व शिक्षकों की मांग के आधार पर महासमुन्द जिले में परीक्षा पूर्व कोचिंग के लिए जिले में 40 कोचिंग केन्द्र स्थापित कर विषय विशेषज्ञ शिक्षकों से गुणवत्ता युक्त शिक्षा चार हजार बच्चों को दी जा रही है। यह कोचिंग स्वैच्छिक है। पालकों की अनुमति प्राप्त होने पर ही यह कोचिंग बच्चें प्राप्त कर सकेंगे। कोचिंग में मास्क अनिवार्य किया गया है। कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के नियमों का पालन किया जाना अनिवार्य है। इसका उद्देश्य है कमजोर बच्चों का परीक्षा परिणाम बेहतर प्राप्त हो सके।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय के सभाकक्ष में संचालन किए जाने का भी निर्देश कलेक्टर ने दिया है। ताकि बच्चों को समय-समय पर प्रशासनिक अधिकारियों का भी मार्गदर्शन तथा प्रोत्साहन मिल सके। भौगोलिक स्थिति के आधार पर अध्यापन कार्य के लिए केन्द्र की संख्या महासमुन्द में 8 केन्द्र, बागबाहरा में 7 केन्द्र, पिथौरा में 11 केन्द्र, बसना में 7 केन्द्र, सरायपाली में 7 केन्द्र इस तरह कुल 40 केन्द्र स्थापित किये गये है। 10वीं की किोचिंग 1 मार्च से 10 अप्रैल और 12 वीं की कोचिंग 1 मार्च से 30 अप्रैल तक आयोजित की जायेगी। कोचिंग का समय प्रातः 7.30 से 9.30 बजे तक निर्धारित किया गया है।

बेमेतरा (शोर सन्देश)। दाउ वासुदेव चंद्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय अंजोरा (दुर्ग) अंतर्गत शासन द्वारा स्थापित किए जा रहे डेयरी पाॅलिटेक्निक, बेमेतरा और तखतपुर में प्रवेश 1 मार्च से 5 मार्च तक शैक्षणिक योग्यता गणित, भौतिक, रसायन विषयों के साथ 12वीं कक्षा उत्तीर्ण छात्रध्छात्राओं को प्रवेश दिया जाएगा।
यह दो वर्षीय पाठ्यक्रम तखतपुर एवं बेमेतरा में संचालित होगा। जिसके लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता और दस्तावेज के साथ जिला परियोजना लाइवलीहुड काॅलेज चोरभट्ठी बेमेतरा - तखतपुर शासकीय जे.एम.पाण्डेय महाविद्यालय मे प्रवेश ले सकते हैं। दुग्ध विज्ञान और खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालय रायपुर के अधिकारी और कर्मचारी पाॅलिटेक्निक स्थल पर 1 मार्च से 5 मार्च तक सुबह 10ः30 बजे से शाम 5ः30 बजे तक उपस्थित रहेंगे।

विदर्भ (शोर सन्देश)। महाराष्ट्र में कोरोना का खतरा प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला विदर्भ के वाशिम जिले का है। जहां पर बीते 24 घंटों में 318 नए मरीज पाए गए हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से 190 छात्र भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। एक साथ इतने मामले सामने आने से स्कूल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। सभी छात्र एक हॉस्टल में रहते थे। बताया जा रहा है कि रिसोड़ तहसील के ग्राम देगांव स्थित निवासि आश्रम शाला में छात्र पढ़ने के अलावा यहीं पर स्थित हॉस्टल में रहते हैं। एक ओर जहां प्रशासन कोरोना को नियंत्रण में लाने के लिए जी तोड़ मेहनत कर रहा है, वहीं पर एक ही जगह पर इतने सारे मरीजों का पॉजिटिव पाया जाना चिंता का विषय बन गया। वाशिम जिलाधिकारी एस शन्मुगराजन ने हॉस्टल की स्थिति का जायजा लिया है।
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस की दूसरी लहर धीरे-धीरे विकराल रूप लेती जा रही है। राज्य में पिछले 24 घंटे में 8,807 नए मरीज मिले है। कोरोना के इस विस्फोटक रूप को देखते हुए मुख्यमंत्री ने बुधवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में मंत्रियों के साथ इस पर गंभीर चर्चा की। इसी तरह मुख्यमंत्री के आदेश के बाद राज्य के सभी जिलाधिकारी भी पूरी तरह से हरकत में आ गए। राज्य के ज्यादातर जिलों में किसी ना किसी तरह के प्रतिबंध या कर्फ्यू या लॉकडाउन घोषित किया जा चुका है।
बता दे कि कोरोना की दूसरी लहर की शुरुआत अमरावती से ही हुई है। अमरावती में एक हफ्ते का लॉकडाउन लगाया गया है। वहीं महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश की सीमा से लगते जिले बालाघाट में नाइट कर्फ्यू का ऐलान किया गया है।

गरियाबंद ( (शोर सन्देश))। छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय आदिम जाति,कल्याण आवासीय एवं आश्रम शैक्षणिक संस्थान समिति द्वारा जिला अंतर्गत संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक संवर्ग के रिक्त पद प्रसारित कर आवेदन आॅनलाईन आमंत्रित किये गये थे। 01 से 03 मार्च तक प्राप्त आवेदनों का परीक्षण आदिवासी बालक क्रीडा परिसर गरियाबंद में प्रातः 11 बजे से 4 बजे तक किया जायेगा। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास एल. आर. कुर्रे ने बताया कि 01 मार्च 2021 को टी.जी.टी अंग्रेजी के 29 अभ्यर्थी, टी.जी.टी विज्ञान के 100 अभ्यर्थी एवं 02 मार्च 2021 को टी.जी.टी हिन्दी के 87 अभ्यर्थी, टी.जी.टी गणित के 96 अभ्यर्थी तथा 03 मार्च को टी.जी.टी सामाजिक विज्ञान के 106 अभ्यर्थी प्राप्त आवेदन के परीक्षण के लिए आमंत्रित किया गया है। अभ्यर्थियो को सम्पूर्ण मूल दस्तावेज एवं एक-एक सत्यापित प्रति के साथ में अनिवार्य रूप से अपनी उपस्थिति देना होगा। निर्धारित तिथि को उपस्थित नहीं होने वाले अभ्यर्थी को पृथक से अवसर प्रदान नहीं किया जायेगा।

रायपुर (शोर सन्देश)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए इस बार उत्तरपुस्तिका का पैटर्न में बदलाव किया है। इसमें पहले से छात्रों का नाम प्रिंट नहीं होगा। साथ ही छात्रों को पूरक उत्तर पुस्तिका दी जाएगी। मेन उत्तर पुस्तिका 16 से 20 पन्ने की होगी। वहीं, पूरक उत्तर पुस्तिका आठ पन्ने की होगी। माध्यमिक शिक्षा मंडल सचिव वीके गोयल ने बताया कि इस बार उत्तर पुस्तिका के फॉर्मेट में बदलाव किया जा रहा है, क्योंकि कोरोना काल के कारण उत्तर पुस्तिका फॉर्मेट तैयार नहीं हुआ है। बता दें कि पहले 32 पेज की उत्तर पुस्तिका दी जाती थी। उसमें पहले से ही छात्रों के नाम, रोल नंबर और विषय लिखा होता था। इस बार केवल कॉलम बनाकर उत्तर पुस्तिका दी जाएगी। डेटा बेस देर से तैयार होने के कारण बदलाव किया गया। 10वीं और 12वीं की परीक्षा में बैठने के लिए सभी परीक्षार्थियों को कम से कम 70 फीसद होम असाइनमेंट करना होगा। होम असाइनमेंट माह सितंबर 2020 से माह फरवरी 2021 तक विद्यार्थियों को दिए गए है। इसी तरह प्रत्येक विषय में छह असाइनमेंट है। जिसमें 70 फीसद के मान से प्रत्येक विषय पर चार असाइनमेंट विद्यार्थियों द्वारा पूरा करना आवश्यक है। तभी मुख्य में परीक्षा में बैठने के अवसर मिलेगा। बता दें कि होम असाइनमेंट के प्राप्तांकों के आधार पर माशिमं की मुख्य परीक्षा में प्रत्येक विषय में 30 फीसद अंक आंतरिक मूल्यांकन के रूप में मान्य होंगे।
00साढ़े सात लाख विद्यार्थी होंगे शामिल 10वीं बोर्ड परीक्षा 15 अप्रैल से शुरू होकर एक मई तक चलेगी। इसी तरह 12वीं बोर्ड परीक्षा तीन मई से शुरू होगी, जो 24 मई तक चलेगी। 10वीं की परीक्षा में चार लाख 62 हजार छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। वहीं 12वीं की परीक्षा में दो लाख 84 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे।
00पूरक परीक्षा, पुनर्गणना और पुनर्मूल्यान के परिणाम जारी छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी पूरक परीक्षा वर्ष 2020 के पुनर्गणना और पुनर्मूल्यान के परीक्षा परिणाम 17 फरवरी को जारी कर दिया है। परिणाम छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

रायपुर (शोर सन्देश)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने हाई स्कूल और हायर सेकंडरी पूरक परिक्षा के परिणाम जारी कर दिए हैं। विद्यार्थी अपना नतीजा मंडल की वेब साइट पर जाकर देख सकते हैं।

बिलासपुर (शोर सन्देश)। छात्र सुरक्षा दुर्घटना बीमा योजनान्तर्गत 10 छात्रों की दुर्घटना में मृत्यु पश्चात् उनके पालकों को एक-एक लाख रूपये का दावा भुगतान किया गया। कलेक्टर डाॅ. सारांश मित्तर ने सभी पालकों को राशि का प्रमाण पत्र वितरित किया। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया जिले के विभिन्न स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों की दुर्घटना में मृत्यु उपरांत उनके पालक भागीरथ सूर्यवंशी, रामसिंह भैना, पवन कुमार नेताम, सरवन यादव, टीकाराम सेवक, जगदीश प्रसाद, श्रीमती शिव कुमारी, श्रीमती इतवारा बाई, गेंदलाल सूर्यवंशी और श्रीमती सुशीला चतुर्वेदी को कलेक्टर द्वारा एक-एक लाख रूपये की दावा राशि का प्रमाण पत्र दिया गया। यह राशि आरटीजीएस, एनईएफटी के माध्यम से उनके खातों में अंतरित की गई है।

महासमुंद (शोर सन्देश)। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 14 फरवरी को दो पालियों में की जाएगी। इसके लिए कलेक्टर डोमन सिंह ने परीक्षा संचालन के देख रेख एवं परीक्षा में अनैतिक कार्यों, नकल को रोकने के लिए 13 परीक्षा केन्द्र के लिए अलग-अलग उड़नदस्ता दल गठित किए हैं। इनमें शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय (विज्ञान भवन मचेवा), शासकीय माता कर्मा कन्या महाविद्यालय मचेवा, शासकीय पॉलिटेक्निक बरोण्डाबाजार एवं महर्षि विद्या मंदिर मचेवा के लिए महासमुन्द के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुनील कुमार चन्द्रवंशी तथा प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) अपूर्वा क्षत्रिय की ड्यूटी लगाई गई है। इसी तरह शासकीय आदर्श हायर सेकेण्डरी स्कूल महासमुन्द, शासकीय डीएमएस हायर सेकेण्डरी स्कूल महामसुन्द, शिशु संस्कार हायर सेकेण्डरी स्कूल मिनी स्टेडियम के पास महामसुन्द के लिए डिप्टी कलेक्टर सीमा ठाकुर तथा बागबाहरा के अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) लितेश सिंह होंगे। सरस्वती शिशु मंदिर हायर सेकेण्डरी स्कूल भलेसर रोड महासमुन्द, शांत्रीबाई कला, वाणिज्य एवं विज्ञान महाविद्यालय बागबाहरा रोड महासमुन्द व छत्तीसगढ़ हायर सेकेण्डरी स्कूल बागबाहरा रोड महासमुन्द के लिए डिप्टी कलेक्टर ऋतु हेमनानी एवं पिथौरा के अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) पुपलेश कुमार पात्रे की ड्यूटी लगाई गई है। इसी प्रकार शासकीय आशी बाई गोलछा आदर्श कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल महासमुन्द, वेडनर मेमोरियल हायर सेकेण्डरी स्कूल एफ.सी.आई. रोड महासमुन्द व इंडियन कॉलेज आॅफ एजुकेशन बेलसोंडा महासमुन्द के लिए बागबाहरा के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भागवत जायसवाल तथा सरायपाली के अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) विकास पटेल की ड्यूटी उड़नदस्ता दल में लगाई गई है।