अवैध कब्जे खाली कराए, 18 जगहों पर मार्किंग
रायपुर. (शोर सन्देश )। बुलडोजर की कार्रवाई लगातार जारी है। निगम ने गुरुवार को भी दुकान के बाहर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की। महापौर एजाज ढेबर के वार्ड में दुकानों के बाहर किए गए अवैध कब्जे को बुलडोजर से हटाया गया। इस दौरान निगम के अधिकारी-कर्मचारी और पुलिसबल मौजूद रहे। निगम की टीम ने दुकानों के बाहर सफेद मार्किंग कर दिया है।
लेकिन इसका पालन होता नहीं दिख रहा है। सफेद मार्किंग होने के बाद भी उसके बाहर गाडिय़ां पार्क की जा रही हैं। निगम अफसरों का कहना है कि शहर की ज्यादातर दुकानों के बाहर लंबे समय से अवैध कब्जा था। इस कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। चेतावनी के बाद भी जब दुकानदारों ने अवैध कब्जा नहीं हटाया तो कार्रवाई की गई।
दोबारा कब्जा न हो इसलिए 18 जगहों पर चूना मार्किंग : अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय ने बताया कि बाजार में ऐसे 18 स्थानों पर चूना मार्किंग की गई है, जहां व्यावसायिक गतिविधियों के कारण भीड़ ज्यादा लगती है और ट्रैफिक जाम की समस्या रहती है। मार्किंग के बाहर किसी प्रकार का सामान रखने या वाहन पार्क करने पर जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
2.80 लाख वर्गफीट जमीन कब्जा मुक्त : अवैध रूप से संचालित दुकानों एवं सडक़ों पर यातायात बाधित करने वाले ठेलों को हटाकर लगभग 2 लाख 80 हजार वर्गफीट सडक़ और जमीन को कब्जा मुक्त किया जा चुका है। कब्जा मुक्त क्षेत्र में दोबारा कब्जा ना हो, इसके लिए सभी जोन कमिश्नरों को लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।