ब्रेकिंग न्यूज

महिला प्रीमियर लीग: नंदनी शर्मा ने की दीप्ति शर्मा की बराबरी, हैट्रिक लेने वाली बनीं चौथी गेंदबाज

12-Jan-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) महिला प्रीमियर लीग 2026 में रविवार को नवी मुंबई में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात जायंट्स के बीच खेले गए मुकाबले में भले ही दिल्ली कैपिटल्स को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन टीम की तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींच लिया। नंदनी ने इस मैच में हैट्रिक सहित 5 विकेट चटकाए।
दिल्ली कैपिटल्स के अन्य गेंदबाज जहां प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे, वहीं नंदनी शर्मा ने अकेले दम पर गुजरात जायंट्स की मजबूत बल्लेबाजी क्रम को झकझोर दिया। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में 33 रन देकर 5 विकेट लिए।
नंदनी शर्मा का जन्म 20 सितंबर 2001 को चंडीगढ़ में हुआ था। दाएं हाथ की तेज गेंदबाज नंदनी को दिल्ली कैपिटल्स ने महिला प्रीमियर लीग की नीलामी में 20 लाख रुपए में खरीदा था। फ्रेंचाइजी के भरोसे पर नंदनी पूरी तरह खरी उतरीं।
नंदनी ने गुजरात जायंट्स की पारी में 95 रन पर खेल रही सोफी डिवाइन को आउट कर अपना पहला विकेट हासिल किया। यह विकेट गुजरात की पारी के लिए बड़ा झटका साबित हुआ।
गुजरात की पारी के अंतिम ओवर में नंदनी शर्मा ने गेंदबाजी करते हुए मैच का सबसे नाटकीय क्षण रच दिया। इस ओवर में उन्होंने चार विकेट झटके, जिसमें एक यादगार हैट्रिक भी शामिल रही।
हैट्रिक की पहली गेंद पर कनिका आहूजा स्टंप आउट हुईं, जब वे आगे बढ़कर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश कर रही थीं। अगली गेंद पर नंदनी ने राजेश्वरी गायकवाड़ को क्लीन बोल्ड किया और अंतिम गेंद पर रेणुका ठाकुर के स्टंप्स उखाड़ दिए।
नंदनी शर्मा महिला प्रीमियर लीग के इतिहास में हैट्रिक लेने वाली दूसरी भारतीय गेंदबाज बन गई हैं। इससे पहले दीप्ति शर्मा यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। इनके अलावा इंग्लैंड की इस्सी वोंग और ऑस्ट्रेलिया की ग्रेस हैरिस भी महिला प्रीमियर लीग में हैट्रिक ले चुकी हैं।
अगर नंदनी शर्मा अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखती हैं, तो आने वाले समय में उनका भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चयन होना तय माना जा रहा है। 













 


leave a comment

Advertisement 04

kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account