दिल्ली (शोर सन्देश)। भारतीय उच्चायोग के दो कर्मचारी इस्लामाबाद पुलिस की हिरासत से रिहा कर दिए गए हैं।इस्लामाबाद के सचिवालाय पुलिस स्टेशन ने भारतीय उच्चायोग के दो अधिकारियों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की थी। इस्लामाबाद पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए दो भारतीय अधिकारियों में से एक के पास कथित तौर पर फ़ेक पाकिस्तानी करेंसी पाई गई थी और इसलिए उन पर फ़ेक करेंसी रखने का मामला दर्ज किया गया था। इस्लामाबाद स्थित भारतीय दूतावास में ये कर्मचारी वापस आ गए हैं। इससे पहले पाकिस्तान में मीडिया में चल रही ख़बरों के अनुसार पता चला था कि इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग के दो कर्मचारी इस्लामाबाद पुलिस की हिरासत में हैं। इन दो अधिकारियों का सोमवार सुबह आठ बजे से पता नहीं चल रहा था। भारतीय विदेश मंत्रालय ने दिल्ली स्थित पाकिस्तानी दूतावास के अधिकारियों को तलब करके इन कर्मचारियों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई।