00 रिकॉर्ड बनाकर किया कमाल, इरियाना के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी भी की
टोक्यो/नई दिल्ली (शोर संदेश)। टोक्यो पैरालंपिक में भारत की अवनि लेखरा ने शूटिंग में इतिहास रच दिया है। उन्होंने 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच-1 के फाइनल में 249.6 का स्कोर कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह पैरालंपिक खेलों में नया रिकॉर्ड है। इसी जीत के साथ अवनि ने यूक्रेन की इरियाना शेतनिक के वर्ल्ड रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली है। शेतनिक ने 2018 में सर्बिया में 249.6 का स्कोर किया था।
00 पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं अवनि
जयपुर की रहने वाली अवनि ने फाइनल में 249.6 अंक बनाकर विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की और पहला स्थान प्राप्त किया । उन्होंने चीन की झांग कुइपिंग (248.9 अंक) को परास्त किया। यूक्रेन की इरियाना शेतनिक (227.5) को कांस्य पदक मिला है। अवनि पैरालंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं। साथ ही भारत का इन खेलों की निशानेबाजी प्रतियोगिता में भी पहला पदक है। टोक्यो पैरालंपिक में भी यह देश का पहला स्वर्ण पदक है। पैरालंपिक खेलों में पदक जीतने वाली यह तीसरी भारतीय महिला हैं।