नई दिल्ली (शोर सन्देश)। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि 27 अक्टूबर को होने वाली तीसरी भारत- अमरीका टू प्लस टू मंत्रिस्तरीय वार्ता में परस्पर हित के द्विपक्षीय मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा। यह वार्ता नई दिल्ली में होगी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों देश क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। अमरीका के विदेश मंत्री माइक पोम्पियो, विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ और अमरीका के रक्षा मंत्री मार्क टी एस्पर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इनका प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बातचीत का भी कार्यक्रम है। प्रवक्ता ने बताया कि भारत और अमरीका के बीच व्यापक वैश्विक महत्वपूर्ण भागीदारी है। भागीदारी के इन क्षेत्रों में राजनीतिक, वाणिज्यिक, आर्थिक, सुरक्षा तथा रक्षा संबंधी क्षेत्र और लोगों के बीच संपर्क शामिल हैं। भारत और अमरीका के बीच पहली टू प्लस टू मंत्रिस्तरीय बैठक नई दिल्ली में सितंबर 2018 में और दूसरी वाशिंगटन डी सी में दिसंबर 2019 में हुई थी।