कवर्धा (शोर सन्देश) । शहर के कचहरी पारा स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के तीन होनहार छात्रों का चयन राष्ट्रीय स्तर के खेल प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है। कक्षा पांचवी की छात्रा कु. मिली सोनी पिता ताराचंद सोनी व कक्षा दसवीं के छात्र पेखराज साहू का चयन राष्ट्रीय स्तर पर कराटे के लिए हुआ है। उनके इस चयन से उनके परिवार व विद्यालय का नाम रोशन हुआ है यह प्रतियोगिता गोवा शहर में आयोजित की जाएगी। वहीं दूसरी ओर कक्षा दसवीं की छात्रा कु. आस्था धुर्वे पिता कमल सिंह धुर्वे ने राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में भिलाई में अपना स्थान सुरक्षित कर राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली बाल बैडमिंटन अंडर 17 प्रतियोगिता के लिए तेलंगाना रवाना होगी। उनके इस चयन पर विद्यालय के प्राचार्य आर एस धुर्वे, व्याख्याता तुषार सिंह राजपूत सहित अन्य शिक्षकों ने शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।