नईदिल्ली (शोर सन्देश)। देश में कोरोना वायरस का मामला लगातार बढ़ रहे है। कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। हालांकि इलाज से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में भी भारी उछाल आया है जो भारत के लिए एक राहत भरी खबर है। इस सबके बीच जानकारी सामने आ रही है कि पीएम मोदी जल्द ही देश के सात मुख्यमंत्रियों से कोरोना के मुद्दे पर एक बार फिर चर्चा करने वाले हैं।
बताया जा रहा है कि कोरोनो के संक्रमण की स्थिति की समीक्षा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले सप्ताह सात राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर सकते हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी और देश के 7 राज्यों के बीच होने वाली यह बैठक 23 सितंबर को आयोजित होने की संभावना है।
जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी के साथ होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में महाराष्ट्र, दिल्ली, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों के साथ-साथ कुछ और मुख्यमंत्रियों के बैठक में शामिल होने की उम्मीद है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नियमित रूप से देश भर में महामारी की स्थिति की समीक्षा करने के लिए बैठकें करते रहे हैं इसके साथ ही उनका फोकस उन राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों पर भी रहता है जहां स्थिति अधिक गंभीर है।