ब्रेकिंग न्यूज

Uttar Pradesh

यूपी के 17 जिलों में बाढ़ का कहर, स्कूल बंद और 11 की मौत

04-Aug-2025
लखनऊ। ( शोर संदेश ) यूपी में मानूसन पूरी तरह से सक्रिय है। प्रदेश में नदियों से सटे हुए 17 जिलों में बारिश का कहर है। रविवार को अलग-अलग जिलों में बारिश की वजह से नौ मौतें हुईं। सोमवार की सुबह सीतापुर जिले में दीवार गिरने से दो किशोरियों की मौत हो गई। यह संख्या जोड़ लें तो 24 घंटे में प्रदेश में बारिश से 11 मौतें हो गई है। भारी बारिश को देखते हुए राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के कई स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। 
17 जिलों बाढ़ की चपेट में, सीएम योगी ने दिए निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वे लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अधिकारियों और राहत विभाग को जरूरी दिशा-निर्देश दे रहे हैं, ताकि राहत कार्यों में कोई कमी न रहे। टीम-11 में शामिल मंत्रियों ने भी बाढ़ प्रभावित जिलों का रविवार को निरीक्षण किया। वर्तमान में प्रदेश के 17 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। इन जिलों की 37 तहसीलें और 402 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं।
बाढ़ प्रभावित जिलों में कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, आगरा, औरैया, चित्रकूट, बलिया, बांदा, गाज़ीपुर, मीरजापुर, प्रयागराज, वाराणसी, चंदौली, जालौन, कानपुर देहात, हमीरपुर, इटावा और फतेहपुर शामिल हैं। इन सभी जिलों में राहत कार्य तेजी से चल रहे हैं। वहीं एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी के जवान चौबीसो घंटे पेट्रोलिंग कर रहे हैं।
राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने बताया कि 17 जिलों में कुल 84392 लोग प्रभावित हैं, जिनमें से 47906 लोगों को राहत सामग्री दी गई है। बाढ़ की वजह से 2759 मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया है। बाढ़ की चपेट में आने से अब तक 343 लोगों के मकानों को नुकसान पहुंचा है। इनमें से 327 लोगों को सहायता राशि मिल चुकी है।
प्रदेश में 4015 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल बाढ़ की चपेट में आया है। इन प्रभावित क्षेत्रों में 493 नावों और मोटरबोट की सहायता से राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। इन इलाकों में अब तक 6536 खाद्यान्न पैकेट और 76632 लंच पैकेट बांटे गए हैं। 29 लंगरों के जरिये पीड़ितों को भोजन की सुविधा दी जा रही है।
रविवार को तराई, पूर्वांचल समेत विभिन्न इलाकों में अच्छी बारिश देखने को मिली। तराई के कई जिलों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। लखीमपुर खीरी और भदोही में सर्वाधिक 120 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं चित्रकूट और प्रतापगढ़ में 110 मिमी, अलीगढ़ में 100 मिमी, वाराणसी, बलिया, प्रयागराज, मिर्जापुर में 90 मिमी बारिश हुई। रविवार की देर शाम गोंडा, बहराइच, सीतापुर, बाराबंकी में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हुई
सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, मथुरा, हाथरस, आगरा, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं व आसपास के इलाकों में।
संतकबीरनगर, बस्ती, महाराजगंज, हरदोई, फरुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, जालौन व आसपास के इलाकों में।
लखनऊ में रविवार से हो रही भारी बारिश के चलते एक से लेकर 12वीं तक के सभी बोर्ड के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश पांडेय के द्वारा यह अवकाश घोषित किया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि जो बच्चे स्कूल के लिए रवाना कर दिए गए हैं उन्हें वापस बुला लिया जाए। आदेश के देर से आने से कई स्कूलों के बच्चे रवाना हो गए थे। मालूम हो कि लखनऊ में बारिश रविवार से लगातार हो रही थी। 
लखनऊ के अलावा रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, बहराइच और अंबेडकर नगर में भी अवकाश घोषित किया गया है। डीएम के द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए।  





 

गोंडा में भीषण हादसा: मंदिर जा रही बोलेरो नहर में गिरी, 11 श्रद्धालुओं की मौत

03-Aug-2025
गोंडा। ( शोर संदेश )  उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। मोतीगंज थाना क्षेत्र के सीहागांव से पृथ्वीनाथ मंदिर जल चढ़ाने जा रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी, जिससे 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बोलेरो में सवार कुल 15 लोगों में से चार को जीवित बाहर निकाला गया है।
हादसा पारासराय-अलावल देवरिया मार्ग पर रेहरा गांव के पास हुआ, जहां एक ही परिवार के लोग बोलेरो में सवार होकर मंदिर जा रहे थे। रास्ते में वाहन असंतुलित होकर सीधे नहर में जा गिरा।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। थानाध्यक्ष इटियाथोक केजी राव ने बताया कि नहर से अब तक 11 शव बरामद किए जा चुके हैं, और चार लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
हादसे में मारे गए सभी लोग एक ही परिवार से बताए जा रहे हैं, जिससे गांव में मातम पसर गया है। मृतकों की शिनाख्त और पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया जारी है।
प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से भी घटना पर दुख जताया गया है। मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की बात कही गई है।

उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश का कहर, 24 घंटे में 10 लोगों की मौत

19-Jul-2025
लखनऊ( शोर संदेश )  उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बीते 24 घंटों के दौरान तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली के कहर ने जनजीवन को प्रभावित किया है। राज्य में डूबने से 9 लोगों की और सर्पदंश से एक व्यक्ति की मृत्यु हो चुकी है।
हालात को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबंधित जनपदों के अधिकारियों को राहत कार्यों को तत्काल और प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। राहत आयुक्त कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार चित्रकूट में डूबने से पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि बिजनौर में तीन लोग मरे हैं। वहीं, महोबा में एक की डूबने से मौत हो गई है और प्रयागराज में सर्पदंश से एक की मौत हुई है।
मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी बयान के अनुसार, योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जिलाधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर सर्वेक्षण करें और राहत कार्यों की निगरानी करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जनहानि या पशुहानि की स्थिति में प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत राशि उपलब्ध कराई जाए और घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश या जलभराव की स्थिति में त्वरित जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही, जिला और तहसील स्तर पर अधिकारियों को सक्रियता बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।
प्राकृतिक आपदा के इस दौर में राज्य सरकार राहत कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने की दिशा में काम कर रही है। प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है और आपदा प्रबंधन इकाइयों को भी सक्रिय कर दिया गया है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) के अनुसार, स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है और प्रभावितों तक हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है।

शिष्टाचार भेंट में मिले शमी और योगी, क्रिकेट और संन्यास की अफवाहों पर भी हुई चर्चा

19-May-2025
लखनऊ। शोर संदेश  भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उनकी यह मुलाकात सीएम योगी के लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर हुई। इस दौरान दोनों के बीच गर्मजोशी से बातचीत हुई और मुख्यमंत्री ने शमी को सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कुछ तस्वीरें भी साझा कीं। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, भारतीय क्रिकेट टीम के प्रख्यात गेंदबाज मोहम्मद शमी से आज लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट हुई।
मोहम्मद शमी ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से ऐसे समय में मुलाकात की है जब पिछले कुछ दिनों में टेस्ट क्रिकेट में उनकी संन्यास की खबरों ने जोर पकड़ लिया था। हालांकि, भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की अफवाहों पर नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए संन्यास की अफवाहों का खंडन करते हुए लिखा था कि ऐसे लोग ही भविष्य बर्बाद कर देते हैं।
दरअसल, हाल ही में भारतीय क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के माध्यम से यह जानकारी दी थी। विराट कोहली से कुछ ही दिन पहले रोहित शर्मा ने भी क्रिकेट के इस सबसे लंबे प्रारूप को अलविदा कह दिया था। इसके बाद शमी के संन्यास की अफवाह फैल गई थी, जिसका तेज गेंदबाज ने खंडन किया।
मोहम्मद शमी मौजूदा समय में भारत के सबसे अहम खिलाड़ियों में से एक हैं। वह भारत के लिए अभी तक 64 टेस्ट, 108 वनडे और 25 टी20 मैच खेल चुके हैं। टेस्ट में उन्होंने 229 विकेट, वनडे में 206 विकेट और टी20 में 27 विकेट चटकाए हैं। वह चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की विजेता टीम के भी हिस्से थे। उन्होंने इस टूर्नामेंट में भारत को जिताने में अहम भूमिका निभाई थी।
शमी मौजूदा आईपीएल 2025 में सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेल रहे हैं, लेकिन इस सत्र में उनका प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है। भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी आईपीएल के बाद जून में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड के लंबे दौरे पर जाएंगे।
 

काशी को विकास का वरदान: पीएम मोदी की सौगातों से जनता में खुशी की लहर

11-Apr-2025
वाराणसी। (  शोर संदेश ) पीएम मोदी की इस जनसभा में 50,000 लोग शिरकत करेंगे। इस वाराणसी यात्रा के दौरान पीएम मोदी लोगों को करोड़ों रुपए की परियोजनाओं की सौगात देंगे। पीएम मोदी को 1629.13 करोड़ रुपये की 19 परियोजनाओं का लोकार्पण करना है और 2255.05 करोड़ की 25 परियोजनाओं का शिलान्यास करना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 11अप्रैल को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर रहने वाले है। प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी का वाराणसी का ये 50वां दौरा होने जा रहा है। पीएम मोदी को यहां पहुंचकर सबसे पहले सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के मेहंदीगंज पहुंचेंगे और एक जनसभा को संबोधित करना है। पीएम मोदी की इस जनसभा में 50,000 लोग शिरकत करेंगे।
इस वाराणसी यात्रा के दौरान पीएम मोदी लोगों को करोड़ों रुपए की परियोजनाओं की सौगात देंगे। पीएम मोदी को 1629.13 करोड़ रुपये की 19 परियोजनाओं का लोकार्पण करना है और 2255.05 करोड़ की 25 परियोजनाओं का शिलान्यास करना है।
पीएम मोदी करेंगे इन परियोजनाओं का लोकार्पण
- जल जीवन मिशन के अंतर्गत 130 ग्रामीण पेयजल योजनाओं का निर्माण- 345.12 करोड़
- उमरहा से अटेसुवा तक सड़क मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य (लोक निर्माण विभाग) 43.85 करोड़
- बाबतपुर से जमालापुर तक सड़क मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य (लोक निर्माण विभाग) 32.73 करोड़
- वाराणसी-अदोही मार्ग से सेवापुरी ब्लाक तक सड़क मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढीकरण कार्य (लोक निर्माण विभाग) 21.98 करोड़
- रामनगर-पंचवटी तिराहा से एनएच-19 तक किला कटरिया सड़क मार्ग का सुदृढीकरण कार्य (लोक निर्माण विभाग) 5.79 करोड़
- वाराणसी पुलिस लाइन परिसर में ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण कार्य (गृह) 24.96 करोड़
- पीएसी रामनगर परिसर में सुरक्षाकर्मी बैरक का निर्माण कार्य (गृह) 10.02 करोड़
- वाराणसी नगर के 06 वार्डों का सौन्दर्गीकरण एवं पर्यटन विकास कार्य (पर्यटन) 27.33 करोड़
- वाराणसी में सामने घाट का पुनर्विकास कार्य (पर्यटन) 10.55 करोड़
- रामनगर, वाराणसी में शास्त्री घाट का पुनर्विकास कार्य (पर्यटन) 10.55 करोड़
- रोहनिया में माण्डवी तालाब का पर्यटन विकास कार्य (पर्यटन) 4.18 करोड़
- राजकीय पॉलिटेक्निक, ग्राम कुरु, पिंडरा का निर्माण कार्य (प्राविधिक शिक्षा) 10.60 करोड़
- सरदार वल्लभभाई पटेल राजकीय महावि‌द्यालय, ग्राम-बरकी, सेवापुरी का निर्माण कार्य (उच्च शिक्षा) 7.60 करोड़
- वाराणसी के ग्रामीण क्षेत्र में 100 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य (महिला एवं बाल विकास) 12.00 करोड़
- वाराणसी के ग्रामीण क्षेत्र में 356 पुस्तकालयों का स्थापना कार्य (बेसिक शिक्षा) 7.12 करोड़
- वाराणसी शहर में महत्वपूर्ण स्थलों पर स्कल्पचर स्थापित किये जाने का कार्य (वाराणसी विकास प्राधिकरण) 9.34 करोड़
- 400 केवी सब स्टेशन और संबंधित ट्रांसमिशन लाइनै, साहूपुरी, चंदौली (यूपीटीसीएल) 493.97 करोड़
- 400 केवी सब स्टेशन और संबंधित ट्रांसमिशन लाइनें, मछलीशहर जौनपुर (यूपीटीसीएल) 428.74 करोड़
- 400 केवी सब स्टेशन और संबंधित ट्रांसमिशन लाइन, भदौरा गाजीपुर (यूपीटीसीएल) 122.70 करोड़
 

यूपी के प्रतापगढ़ में बेकाबू डंपर का कहर, दो लोगों की मौत

26-Mar-2025
प्रतापगढ़ । (  शोर संदेश )  यूपी के प्रतापगढ़ जिले में लखनऊ- वाराणसी हाइवे पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। बेकाबू डंपर की टक्कर से दुकान पर समान ले रहे दो राहगीर की मौत हो गई जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसे से बाजार में अफरा तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, रानीगंज कोतवाली के दरियापुर पावर हाउस के पास बेकाबू डंपर की टक्कर से दो लोगों की मौत हो गई जबकि ई रिक्शा में टक्कर के बाद पांच लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को रानीगंज ट्रामा सेंटर भेजा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।  
 

सीएम योगी ने संगम तट पर प्रारंभ किया स्वच्छता अभियान

27-Feb-2025
महाकुंभ नगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार सुबह महाकुंभ 2025 की औपचारिक पूर्णाहुति के लिए प्रयागराज पहुंचे। इस दौरान उन्होंने महाकुंभ नगर के अरैल घाट पर सफाईकर्मियों के साथ मिलकर सफाई की और गंगा तट पर मंत्रियों के साथ श्रमदान किया। वहीं, जल में मौजूद छोड़े गए वस्त्रों को निकालकर महाकुंभ के उपरांत पूरे मेला क्षेत्र की स्वच्छता के लिए अभियान का शुभारंभ किया।
सीएम योगी ने स्वच्छता अभियान से जुड़ी कुछ तस्वीरें भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर की। उन्होंने पोस्ट में लिखा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं प्रतिबद्ध स्वच्छता दूतों की सतत सेवा से स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित महाकुंभ-2025 प्रयागराज की परिकल्पना सिद्ध हुई है। आज प्रयागराज के अरैल घाट पर स्वच्छता अभियान में अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ सहभाग किया। महाकुंभ-2025, प्रयागराज के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी महानुभावों का हार्दिक आभार एवं अभिनंदन।
सफाई कार्य के बाद सीएम योगी अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ फ्लोटिंग जेटी के जरिए संगम के लिए रवाना हुए। इस दौरान उन्होंने जेटी से साइबेरियन पक्षियों को दाना खिलाया। संगम पहुंचकर सीएम योगी ने मां गंगा, मां यमुना और अदृश्य रूप में मौजूद मां सरस्वती का विधिवत पूजन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने मंत्रियों के साथ मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर विधि-विधान से मां की आरती उतारी और लोक कल्याण की कामना की। सीएम योगी ने संगम स्नान को आए श्रद्धालुओं का भी अभिवादन किया।
इस अवसर पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, राकेश सचान, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, अनिल राजभर, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह, डीजीपी प्रशांत कुमार और प्रमुख सचिव गृह एवं सूचना संजय प्रसाद सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री दिनभर महाकुंभ नगर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वे महाकुंभ को ऐतिहासिक, दिव्य, भव्य, स्वच्छ, सुरक्षित और डिजिटल बनाने में योगदान देने वाले कर्मचारियों और संस्थाओं से मुलाकात करेंगे और उन्हें सम्मानित करेंगे। शाम को सीएम योगी पुलिसकर्मियों से भी संवाद करेंगे और सुरक्षित महाकुंभ के लिए उनका आभार प्रकट करेंगे। इसके अलावा, महाकुंभ की व्यवस्था में लगे अधिकारियों और मेला प्रशासन से जुड़े लोगों के साथ भी उनकी बैठक प्रस्तावित है।













 

 


उत्तर प्रदेश: हाईवे पर भीषण हादसा, नौ श्रद्धालुओं की मौत और 32 घायल

20-Feb-2025
वाराणसी।  (  शोर संदेश ) लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग 731 के सरोखनपुर अंडर पास पर भीषण हादसा हुआ। दो वाहनों की भिड़ंत में टाटा सूमो में सवार पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उसी घटना के समय एक बस ट्रेलर से भिड़ गई। इस हादसे में बस में सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 लोग घायल हो गए है। सभी घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद एक और श्रद्धालु की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। ऐसे में मरने वालों की संख्या नौ हो गई है।
बस में सवार सभी लोग दिल्ली के बताए जा रहे हैं, जो चित्रकूट से प्रयागराज होकर वाराणसी दर्शन के बाद अयोध्या जा रहे थे। वहीं सूमो सवार सभी झारखंड के हैं, जो वाराणसी से अयोध्या दर्शन करने जा रहे थे।  
हादसे के बाद मौके पर चीख- पुकार मच गई। घटना उस वक्त हुई जब बस में सवार दर्शनार्थी सो रहे थे। अचानक तेज आवाज के साथ बस ट्रेलर से भिड़ी तो दर्शनार्थी हैरान रह गए। सोने के कारण कई लोग अचानक झटके से चोटिल हुए। वहीं आगे बैठे दर्शनार्थी बुरी तरह घायल हो गए। वहीं सूमो में सवार दर्शनार्थी भी आधी नींद में ही थे। घटना के बाद आनन- फानन सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक गजानंद चौबे मय फोर्स व तहसीलदार राकेश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस कर्मियों ने सभी घायलों को उपचार हेतु सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने सभी आठ शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पहली घटना में झारखंड से 11 दर्शनार्थियों को लेकर निकली सूमो जे एच 02 ए एक्स 1652 काशी विश्वनाथ दर्शन के बाद राम लला का दर्शन करने अयोध्या जा रही थी। रात लगभग डेढ़ बजे के करीब सरोखनपुर गांव स्थित अंडर पास पुल से 200 मीटर आगे बढ़ी थी, कि किसी अज्ञात बड़े वाहन ने बगल से टक्कर मार दी।
हादसे में सूमो में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महिला, एक पुरुष व एक लगभग 5 वर्षीय बच्चा था। 60 वर्षीया कांति देवी, 20 वर्षीय नितेश निवासी कटसारा शूल झारखंड व चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस राहत कार्य में जुटकर घायलों को अस्पताल भिजवाया।

जौनपुर में सड़क हादसों का कहर, आठ की मौत और 33 घायल

20-Feb-2025
जौनपुर। (  शोर संदेश ) उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के बदलापुर क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि 33 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि बीती रात करीब डेढ़ बजे सरोखनपुर अंडरपास के ऊपर वाराणसी लखनऊ हाईवे पर जौनपुर से अयोध्या जा रहे श्रद्धालुओं की एक कार अज्ञात वाहन से टकरा गयी। इस हादसे में घायल 11 लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर ले जाया गया जहां डाक्टरों ने पांच को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में तीन महिलाएं एक पुरुष और एक बच्चा शामिल है। अन्य छह लोगों को सीएचसी बदलापुर से जिला अस्पताल जौनपुर रेफर किया गया है । मृतकों मं कांति देवी (60) और नितेश कुमार (20) की पहचान की जा चुकी है। सभी हताहत झारखंड के निवासी हैं।
इस हादसे के करीब डेढ़ घंटे बाद भोर तीन बजे एक ट्रक ट्रेलर ने वाराणसी से अयोध्या जा रही बस को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बस सवार लगभग 50 यात्रियों में से ड्राइवर मोनू सिंह निवासी सुल्तानपुरी, दिल्ली के अलावा दो महिलाओं की सीएससी बदलापुर में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। बस में 27 लोगों को को चोटे आई हैं, जिनको सीएससी बदलापुर से सदर अस्पताल जौनपुर रेफर किया गया है। घायलों में राधा देवी,गीतांजलि,तारा,कमलेश,मनसा,हरिश्चंद्र , मीना देवी, बबली,सुभाष ,दिनेश ,रंजीत ,दिनेश कुमार चौबे,कविता , हरिश्चंद्र , भगवान सिंह, मायावती, प्रेमचंद, किशोरी लाल, लक्ष्मी ,सुरेश,सुशीला देवी, सरस्वती देवी, आशीष, शकुंतला , सुशीला, रामवती और गीता शामिल हैं। सभी दिल्ली के रहने वाले हैं।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉक्टर दिनेश चंद और पुलिस अधीक्षक ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिये।
 

डंपर से टक्कर के बाद कार में लगी भीषण आग, 2 की मौत

07-May-2024

प्रतापगढ़ (शोर संदेश) उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में डंपर और कार में भिड़ंत हो गई। इस भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद कार में आग लग गई थी। कार में कुल 5 लोग सवार थे, जिसमें तीन की हालत नाजुक बनी हुई है। कार सवार सभी लोग प्रयागराज के रहने वाले थे और अयोध्या से दर्शन करके लौट रहे थे। दरअसल, ये हादसा सोमवार को हुआ, जब प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर तेज रफ्तार कार और डंपर की आमने-सामने हुई भिड़ंत के बाद कार में आग लग गई। कार से आग की लपटें उठने लगीं। कार में पांच लोग सवार थे। आग में झुलसने से घटनास्थल पर ही दो लोगों की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

 

 



+ Load More

kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account