पुणे (शोर संदेश)। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के 68वें मुकाबले में शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस शानदार जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स IPL 2022 की पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर पहुंच गई। आईपीएल 2008 के बाद यह पहली बार है जब राजस्थान रॉयल्स ने टॉप-2 में रहते हुए लीग स्टेज का सफर खत्म किया है। आईपीएल 2022 (IPL 2022) में युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) अभी तक के सबसे सफल गेंदबाज हैं। इस सीजन में चहल की जादुई गेंदबाजी के आगे बड़े-बड़े बल्लेबाज फेल रहे हैं। राजस्थान रॉयल्स (RR) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच खेले गए मैच में युजवेंद्र चहल ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 4 ओवर में 26 रन खर्च कर 2 विकेट हासिल किए। आईपीएल 2022 में अब चहल के 26 विकेट हो गए हैं। इसी के साथ युजवेंद्र चहल आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले पहले भारतीय स्पिनर बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में हरभजन सिंह का रिकॉर्ड तोड़ा है।