रायपुर (शोर संदेश)। राजधानी रायपुर के पंडित रविशंकर शुक्ल वार्ड में स्थित बी. पी. पुजारी अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय में आज प्रवेश उत्सव मनाया गया। कोरोना काल के बाद स्कूल खुलने पर विद्यार्थियों और शिक्षकों में उत्साह देखने को मिला। बी. पी. पुजारी अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय के प्रवेश उत्सव में रायपुर (उत्तर) विधायक एवं छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल अध्यक्ष कुलदीप सिंह जुनेजा और वार्ड पार्षद एवं एम. आई.सी. मेम्बर आकाश तिवारी अतिथि के रूप में शामिल हुए। विधायक जुनेजा एवं एमआईसी सदस्य तिवारी ने कोरोना संक्रमण काल के नियंत्रण के बाद विद्यालय आये छात्र-छात्राओं का मास्क और सेनेटाइजर प्रदान कर उनका स्वागत किया। श्री जुनेजा ने कहा कि कोरोना संक्रमण से सुरक्षा हेतु कोरोना प्रोटोकॉल नियमों का कडाई से पालन करें। इस मौके पर विधायक जुनेजा एवं एमआईसी मेम्बर तिवारी ने विद्यालय परिसर में पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का सन्देश भी दिया। विधायक जुनेजा ने बच्चों के साथ क्लासरूम में बैठकर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर विद्यालय की प्राचार्य सुश्री अंजू सूद सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।