भोपाल (शोर सन्देश)। मध्य प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। कोरोना महामारी में हो रहे इस उपचुनाव में मतदान केंद्र पर लोगों के लिए थर्मल स्क्रीनिंग और सैनिटाइजेशन के इंतजाम किए गए हैं। 63 लाख मतदाता 355 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। इन उपचुनावों में शिवराज सिंह चौहान सरकार के 14 मंत्रियों के भाग्य का भी फैसला होगा। चुनाव नतीजों से तय होगा कि भाजपा सरकार में बरकरार रहेगी या कांग्रेस फिर सत्ता में वापसी करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व सीएम कमलनाथ ने लोगों से बड़ी संक्या में मतदान की अपील की है।
गाइडलाइंस का पालन करें: शिवराज
मुख्यमंत्री ने कहा, `मित्रों, निर्णय की घड़ी आ गई है! मैं 28 सीटों के सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि सभी गाइडलाइंस का पालन करते हुए अधिक से अधिक संख्या में वोट दें। मतदान लोकतंत्र की आत्मा है, मतदान से ही लोकतंत्र मजबूत होता है। सभी मतदाताओं से निवेदन करता हूं कि निष्पक्षता और निडरता के साथ मतदान करें और अपनी अपेक्षाएं पूरी करने वाली सरकार चुनें।
ऑफिस ऑफ कमलनाथ की तरफ से ट्वीट किया गया, `प्रिय साथियों, आपसे आग्रह है कि घरों से निकलिये और लोकतंत्र बचाने के लिये मतदान करिये। आपका एक वोट मध्यप्रदेश के सम्मान और स्वाभिमान की नई गाथा लिखेगा। लोकतंत्र अमर रहे।भाजपा के साथ सिंधिया
2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रमुख चेहरा रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अब भाजपा के साथ हैं। कमलनाथ से नाराज 22 समर्थक विधायकों के साथ सिंधिया भाजपा में शामिल हो गए, जिसके बाद भाजपा ने शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में सरकार बनाई। अब उपचुनाव के नतीजे तय करेंगे कि प्रदेश की बागडोर किसके हाथ में रहेगी। यह पहला अवसर है कि प्रदेश में इतनी अधिक सीटों पर एक साथ उपचुनाव हो रहे हैं।