नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) गोला फेंक में दो बार के एशियन इंडोर चैंपियन तजिंदरपाल सिंह तूर चीन के तियानजिन में 6 से 8 फरवरी तक होने वाली 12वीं एशियन इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 17 सदस्यीय भारतीय टीम का नेतृत्व करेंगे। भारतीय टीम 3 फरवरी को कॉन्टिनेंटल इंडोर मीट के लिए रवाना होगी।
एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) ने गुरुवार को एशियन इंडोर चैंपियनशिप के लिए 17 सदस्यीय भारतीय टीम की औपचारिक घोषणा की।
पंजाब के 31 वर्षीय अंतरराष्ट्रीय गोला फेंक खिलाड़ी तजिंदरपाल तूर का राष्ट्रीय आउटडोर रिकॉर्ड 21.77 मीटर है, जो उन्होंने 2023 में ओडिशा के भुवनेश्वर में बनाया था। दो बार के एशियन गेम्स चैंपियन तूर ने कजाकिस्तान के नूर-सुल्तान में हुई 10वीं एशियन इंडोर चैंपियनशिप में भी गोला फेंक का स्वर्ण पदक जीता था।
लंबी कूद में शाहनवाज खान और अनुभवी ट्रिपल जंपर प्रवीण चित्रवेल चीन में होने वाली एशियन इंडोर चैंपियनशिप से अपने 2026 सीजन की शुरुआत करेंगे। वहीं, हेप्टाथलॉन में तेजस्विन शंकर और 60 मीटर स्प्रिंट में मणिकांत होबलीधर पुरुष टीम के प्रमुख नाम हैं।
शीर्ष महिला स्प्रिंटर्स नित्या गंधे और अभिनय राजराजन तियानजिन में 60 मीटर डैश में भाग लेंगी। मौमिता मंडल 60 मीटर हर्डल्स और महिलाओं की लंबी कूद में हिस्सा लेंगी।
एशियन इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2024 में ईरान के तेहरान में 13 भारतीय एथलीटों (छह महिलाएं और सात पुरुष) ने हिस्सा लिया था। भारत ने इस प्रतियोगिता को चार पदकों के साथ समाप्त किया था, जिसमें तीन स्वर्ण और एक रजत पदक शामिल था।
तेहरान में आयोजित 11वीं एशियन इंडोर मीट में तजिंदरपाल तूर ने 19.72 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
मणिकांत होबलीधर (60 मी), तेजस शिरसे (60 मी हर्डल्स), जे आदर्श राम (ऊंची कूद), सीवी अनुराग और शाहनवाज खान (लंबी कूद), प्रवीण चित्रवेल (ट्रिपल जंप), समरदीप सिंह गिल और तजिंदरपाल सिंह तूर (गोला फेंक), तथा तेजस्विन शंकर (हेप्टाथलॉन)।
नित्या गंधे और अभिनय राजराजन (60 मी), मौमिता मंडल और प्रज्ञान प्रशांति साहू (60 मी हर्डल्स), पूजा (ऊंची कूद), एंसी सोजन और मौमिता मंडल (लंबी कूद), योगिता (गोला फेंक) और केए अनामिका (पेंटाथलॉन)।