ब्रेकिंग न्यूज

पश्चिम बंगाल के दौरे पर अमित शाह, विस चुनाव तैयारियों का लेंगे जायजा*

05-Nov-2020

 न्यायिक हिरासत में मरने वाले कार्यकर्ता के परिवार से की मुलाकात

नई दिल्ली (शोर सन्देश) केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह दो दिवसीय दौरे के लिए बुधवार रात कोलकाता पहुंच गए हैं। पार्टी सूत्रों ने बताया कि अमित शाह पश्चिम बंगाल में 2021 विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी के सांगठनिक कार्यों का जायजा लेने पहुंचे हैं। शाह के साथ यहां भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल रॉय, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय मौजूद थे।

नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने `अमित शाह जिंदाबाद और भारत माता की जय` के नारे लगाए। शाह ने इससे पहले बंगाली में एक ट्वीट में कहा था, `मैं दो दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल रहा हूं। यहां मैं भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई, राज्य के लोगों, मीडिया के मित्रों और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों से मिलने को लेकर आशान्वित हूं।` कोरोना वायरस महामारी के बाद से शाह की राज्य में पहली यात्रा है। वह इससे पहले एक मार्च को यहां आए थे।
00 मदन घोराई के परिवार से की मुलाकात
बता दें कि अपने दौरे के दौरान अमित शाह ने पिछले महीने न्यायिक हिरासत में मरनेवाले वाले भाजपा कार्यकर्ता के परिवार से बुधवार रात मुलाकात की। पूर्व मेदिनीपुर जिले के पताशपुर में मदन घोराई को अपहरण के मामले में 26 सितंबर को हिरासत में लिया गया था और 13 अक्टूबर को उसकी मौत हो गई। राज्य भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ शाह ने घोराई के परिवार से कोलकाता हवाई अड्डे पर मुलाकात की।
00 मुलाकात के बाद किया ट्वीट
भाजपा ने बताया कि परिवार के सदस्यों ने शिकायत की है कि उन्हें धमकियां मिल रही हैं और दूसरी बार घोराई के पोस्टमार्टम की मांग करने के बाद राज्य सरकार परिवार के प्रति उदासीनता बरत रही है। शाह ने परिवार के सदस्यों से मुलाकात के बाद ट्वीट किया, `शहीद बूथ उपाध्यक्ष मदन घोराई के परिवार से कोलकाता में मुलाकात की। मैं इस बहादुर परिवार के सामने नतमस्तक हूं। पश्चिम बंगाल में दमन और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले कार्यकर्ताओं की भाजपा हमेशा ऋणी रहेगी।`
इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी ने बुधवार को बताया था कि अपनी यात्रा के दौरान अमित शाह जनजातीय और शरणार्थी परिवारों के साथ दोपहर का भेजन करेंगे। शाह के दौरे की विस्तृत जानकारी देते हुए उन्होंने कहा था कि वह अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान बांकुड़ा और कोलकाता में बूथ स्तरीय भाजपा कार्यकर्ताओं से लेकर प्रभावी और सामाजिक नेताओं के साथ बैठकें करेंगे।
00 2021 विधानसभा चुनाव के लिए अहम है बैठक
पांच नवंबर को अपनी यात्रा के पहले दिन शाह बांकुड़ा में पार्टी कार्यकर्ताओं और समाज के विभिन्न नेताओं के साथ बैठक करेंगे। पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्से की 70 विधानसभा सीटों के कार्यकर्ता इस बैठक में शिरकत करेंगे। शाह बांकुड़ा जिले के चतुर्धी गांव के एक दलित परिवार के यहां दोपहर का भोजन करेगे। कोविड-19 महामारी के बाद से शाह की राज्य की यह पहली यात्रा होगी। उन्होंने एक मार्च को राज्य का दौरा किया था।
पिछले साल हुए आम चुनाव में पश्चिम बंगाल की 42 लोकसभा सीटों में से 18 सीटों पर जीत दर्ज कर भाजपा राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की मुख्य प्रतिद्वंद्वी के तौर पर उभरी है। भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया है कि वे अगले साल अप्रैल-मई में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के 10 साल के शासन को समाप्त कर देंगे। अगले दिन वह कोलकाता में राज्य के नेताओं के साथ एक बैठक करेंगे। इस बैठक में 80 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों के नेता और पार्टी पदाधिकारी शिरकत करेंगे।
00 2021 अप्रैल-मई में होंगे चुनाव
शाह का यह दौरा प्रदेश भाजपा में बड़े संगठनात्मक बदलाव के बाद हो रहा है। इसके महासचिव (संगठन) सुब्रत चट्टोपाध्याय को हटा दिया गया था और उनके कनिष्ठ अमिताभ चक्रवर्ती को केंद्रीय नेतृत्व द्वारा उस पद पर नियुक्त किया गया था। बंगाल में विधानसभा चुनाव 2021 अप्रैल-मई में होने की संभावना है। यह भाजपा के लिए महत्त्वपूर्ण होगा क्योंकि वह राज्य की राजनीति में अपनी बढ़ती प्रमुखता को भुनाने की कोशिश करेगी, जबकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश करेंगी।



leave a comment

Advertisement 04

kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account