वाशिंगटन/नई दिल्ली (शोर संदेश)। काबुल एयरपोर्ट के बाहर आत्मघाती हमलों के बाद अमेरिका ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आईएस-के के ठिकानों पर हवाई हमला किया है। अमेरिका ने अफगानिस्तान के नांगरहार प्रांत में आतंकियों के ठिकानों पर ड्रोन से हमला किया है। इस हमले में एक साजिशकर्ता ढेर हो गया।अमेरिकी मीडिया में दावा किया जा रहा है कि इस हमले में काबुल एयरपोर्ट पर धमाकों का मास्टरमाइंड मारा जा चुका है। वहीं, अमेरिका ने अपने नागरिकों से कहा है कि वे काबुल एयरपोर्ट से तुरंत हट जाएं। अमेरिका को आशंका है कि काबुल एयरपोर्ट पर फिर से आतंकी हमला हो सकता है। पेंटागन की ओर से दावा किया गया है कि तय टारगेट को ध्वस्त कर दिया गया है। आईएसआईएस-के के ठिकाने पर ड्रोन अटैक किया गया था।
काबुल एयरपोर्ट के बाहर धमाकों में 170 लोगों की मौत
बता दें कि 26 अगस्त को काबुल एयरपोर्ट के बाहर आतंकी संगठन आईएस के ने दो फिदायीन हमले किए थे। धमाकों में 170 लोगों को मौत हो गई। इन हमलों में 13 अमेरिकी सैनिक और 2 ब्रिटिश नागरिक भी मारे गए हैं, वहीं 1276 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है। घटना के बाद राष्ट्रपति बाइडन ने कहा कि था समय आने पर आतंकियों को अमेरिका करारा जवाब देगा। अमेरिका इसे माफ नहीं करेगा बल्कि उसे सजा देगा।