मुंबई (शोर संदेश)। बॉलीवुड अभिनेत्री टवीना टंडन के पिता और अपने दौर के मशहूर फिल्म डायरेक्टर रवि टंडन का निधन हो गया है, जिससे रवीना टंडन काफी सदमे में हैं। 86 साल के रवि टंडन ने शुक्रवार तड़के 3:30 बजे अपने मुंबई स्थित घर में आखिरी सांस ली। उनके निधन की जानकारी एक सूत्र के हवाले से मीडिया को मिली है। जानकारी मिली है कि 86 साल के रवि टंडन यूं तो चलने-फिरने में समर्थ थे, मगर पिछले कुछ समय से उनके फेफड़ों में तकलीफ थी, वह लंग फ्राइब्रोसिस नामक फेफड़ों की समस्या से ग्रस्त थे, जिसके कारण उन्हें सांस लेने में काफी परेशानी आ रही थीं।
इसी बीमारी के चलते आज तड़के 3.30 बजे उन्होंने मुंबई स्थित जुहू के अपने घर पर नींद में अंतिम सांसें लीं।जाहिर है यह समय रवीना टंडन के लिए बेहद कठिन होगा। वह अपने पिता के काफी करीब थीं। इस बात का सबूत देती यह तस्वीरें हैं जो एक्ट्रेस ने अपने पिता की याद में साझा कि हैं। गौरतलब है कि रवीना टंडन के पिता 70 और 80 के दशक में कई हिट फिल्मों के निर्देशक रह चुके हैं। उन्होंने ‘खेल खेल में’, ‘मजबूर’, ‘अनहोनी’, ‘खुद्दार’, ‘जिंदगी’, ‘नजराना’, ‘एक मैं और एक तू’, ‘जवाब’, ‘आन और शान’, ‘झूठा कहीं का’, ‘चोर हो तो ऐसा’ जैसी कई फिल्मों का निर्देशन कर अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। यही नहीं 1960 में आई फिल्म लव इन शिमला में वह बतौर अभिनेता भी नजर आ चुके थे।