ब्रेकिंग न्यूज

बालाघाट में दर्दनाक हादसा: पलटी कार में लगी आग, मासूम समेत 3 की मौत

29-Mar-2026
बालाघाट ( शोर संदेश ) । मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने सबको झकझोर दिया। बैहर थाना क्षेत्र के केवलारी चौक के पास शनिवार देर रात एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमें आग लग गई। इस हादसे में एक मासूम सहित तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे कार अचानक सड़क किनारे पलट गई, जिसके बाद उसमें आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
हादसे में 65 वर्षीय नगारची केलकर, 28 वर्षीय सविता केलकर और 3 साल की अभि केलकर की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। कार में कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें से तीन किसी तरह कांच तोड़कर बाहर निकलने में सफल रहे।
मौके पर मौजूद राहगीरों ने हिम्मत दिखाते हुए 8 साल की बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं चालक सीतम केलकर और उनकी मां नानाबाई को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि परिवार अपने पैतृक गांव पोंडी से लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार या चालक को झपकी आना मानी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सतर्क ड्राइविंग की जरूरत को उजागर करता है।

 


leave a comment


kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account