रायपुर (शोर सन्देश)। रायपुर के खमतराई थाना इलाके में एक सॉ मिल के मुंशी से साढ़े 4 लाख रुपए लूट की वारदात मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार की है। इस मामले में पुलिस आज बड़ा खुलासा कर सकती है। पुलिस को ऐसी जानकारी मिली थी कि सॉ मिल के मालिक भरत पटेल का मुंशी कुलेश्वर साहू 2 कारोबारियों से पैसे लेने निकला था। देर रात वापस आते समय डीआरएम ऑफिस के सामने ओवरब्रिज पर पहुंचते ही 2 अज्ञात बाइक सवार युवक उसकी मोपेड पर आकर बैठ गए और डिग्गी की चेन खोलकर उसमें रखे करीब चार लाख साठ हजार रुपए लूटकर फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने जब मुंशी से पूछताछ की तो उसने कुछ सवालों का गोलमोल जवाब दिया, जिससे पुलिस को वारदात संदिग्ध लग रही थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूरा शक है कि मुंशी ने ही इसे लूट बताने के लिए ड्रामा रचा है। बहरहाल पुलिस को कुछ क्लू मिले हैं, जिसके आधार पर वो आज खुलासा कर सकती है।