ब्रेकिंग न्यूज

किसानों को धान बेचने में न हो कोई असुविधा : खाद्य मंत्री भगत*

03-Dec-2020

00 खाद्य मंत्री ने किया दरिमा, करजी और कर्रा उपार्जन केंद्र का निरीक्षण
अम्बिकापुर (शोर सन्देश) छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अमरजीत भगत ने आज धान उपार्जन केंद्र दरिमा, करजी और कर्रा का निरीक्षण कर व्यवस्थओं का जायजा लिया। उन्होंने शासन की ओर से धान खरीदी केंद्रों के लिए निर्धारित 34 चेक पॉइंट का मिलान किसानों के सामने कराया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्धारित बिंदुओं के अनुसार व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसानों को धान बेचने में कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। मंत्री भगत ने समिति प्रबंधकों से धान समिति में पंजीकृत किसानों की संख्या, कुल रकबा, नमी मापक यंत्र, कम्प्यूटर सिस्टम की उपलब्धता सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने धान बेचने आये किसानों से बातचीत की और उनकी समस्या से अवगत हुए। किसानों ने धान बेचने में किसी प्रकार की समस्या नहीं होना बताया। मंत्री भगत ने समिति प्रबंधकों को निर्देशित किया कि उपार्जन केंद्र में शेड या चबूतरा निर्माण की आवश्यकता हो तो तत्काल मांग पत्र प्रेषित करें। धान की समुचित सुरक्षा और देखभाल करें।  

मंत्री भगत ने किसानों से खरीदे गए धान के थप्पी का भी निरीक्षण किया और शुरू से ही व्यवस्थित तरीके से चबूतरे में रखने तथा बारदानों की स्टैकिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीडीएस दुकानों से बारदाने का संग्रहण तेजी से करें। भगत ने कहा कि नए बारदाने की कमी की समस्या जल्द दूर होगी। उन्होंने समिति प्रबंधकों से कहा कि समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ निर्धारित मात्रा में ही किसानों से धान लेना सुनिश्चित करें। खरीदी केंद्र में हमाल रखने की व्यवस्था करें तथा हमाल होने की स्थिति में किसान को हमाली का पैसा दें। भगत ने कोरोना महामारी से बचाव के मद्देनजर सेनेटाईजर, मास्क तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर संजीव कुमार झा, अपर कलेक्टर .एल. ध्रुव, तहसीलदार भूषण मंडावी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। 

 



leave a comment

Advertisement 04

kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account