नई दिल्ली। ( शोर सन्देश ) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव प्रचार के लिए उत्तराखंड के ऋषिकेश में मौजूद हैं. यहां जनता को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘आपसे आशीर्वाद मांगने के साथ ही अपने सभी पुराने परिवारजनों के साथ अपनी यांदे ताजा कर लेता हूं. उन्होंने कहा, कल मैं भारत के दक्षिणी छोर पर सागर तट पर बसे तमिलनाडु में था और वहां भी लोग कह रहे हैं कि फिर एक बार मोदी सरकार’. उन्होंने कहा, ‘आज मैं हिमालय की गोद में बाबा केदार और बद्रीनारायण की शरण में हूं और यहां भी वही गूंज है, फिर एक बार मोदी सरकार... यह तो देवभूमि है. यहां देवताओं का आह्वान करने की परंपरा है. आज मुझे भी जनता-जनार्धन, जो देवरूपी है, उनका आह्वान करने के लिए 'हुडक़ा' (परंपरागत वाद्य यंत्र) का नाग बजाने का सौभाग्य मिला. साथियो यह गूंज इसलिए है क्योंकि देश के लोगों ने पूर्ण बहुमत वाली सरकार का काम देखा है’. उन्होंने कहा, ‘जब-जब देश में कमजोर और अस्थिर सरकार रही है, तब-तब दुश्मनों ने फायदा उठाया है. जब भारत में कमजोर और अस्थिर सरकारें थी, तब भारत में आतंकवाद ने पैर पंसारे. आज भारत में मोदी की मजबूत सरकार है. इसलिए आतंकवादियों को घर में घुसकर मारा जाता है. आज भारत में मजबूत सरकार है, इसलिए भारत का तिरंगा, युद्ध क्षेत्र में भी सुरक्षा की गारंटी बन जाता है. यह बीजेपी की मजबूत सरकार ही है, जिसने 7 दशक बाद जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 खत्म करने का साहस लिया. यह बीजेपी की मजबूत सरकार ही है, जिसने तीन तलाक के खिलाफ कानून बनाया. ये बीजेपी की मजबूत सरकार है, जिसने महिलाओं को लोकसभा, विधानसभा में आरक्षण दिया.