भोपाल (शोर सन्देश)। मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन के निधन के बाद नए राज्यपाल की नियुक्ति होनी है। राष्ट्रपति भवन से जारी आदेश में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को मध्य प्रदेश का प्रभार दिया गया है। प्रदेश के नए राज्यपाल की नियुक्ति तक आनंदीबेन पटेल मध्य प्रदेश के राज्यपाल की जिम्मेदारी भी संभालेंगी। मंगलवार को प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन का निधन हो गया था। मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन की सेहत खराब होने के बाद उनको लखनऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इधर एमपी में शिवराज कैबिनेट के विस्तार का मामला आया जिससे ठीक पहले उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को मध्य प्रदेश का अतिरिक्त प्रभार दिय गया था। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने ही नए मंत्रियों को शपथ दिलाई थी। राज्यपाल लालजी टंडन के निधन के बाद राष्ट्रपति ने नए राज्यपाल की नियुक्ति तक आनंदीबेन पटेल को मध्य प्रदेश का भी कामकाज देखने की जिम्मेदारी दी है। मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन का निधन मंगलवार 21 जून की सुबह 5 बजे मेदांता अस्पताल में हुआ था। इस बारे में उनके बेटे और कैबिनेट मंत्री आशुतोष टंडन ने ट्विटर पर जानकारी देते हुए लिखा था कि बाबूजी नहीं रहे। लालजी टंडन राजनीतिक जीवन में उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेता रहे और राज्य में भाजपा सरकार में वे कई बार कैबिनेट मंत्री रहे।