रायपुर। छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की आशंका जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग ने रविवार के लिए प्रदेश के कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। साथ ही कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक मौसमी द्रोणिका (ट्रफ) मध्य पाकिस्तान से लेकर बांग्लादेश तक राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तर छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल होते हुए गुजर रही है। इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बनी हुई हैं।