दिल्ली (शोर सन्देश)। देश में जानलेवा कोरोना वायरस के मामले दिन पर दिन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रहे हैं। पिछले 24 घंटों के अंदर देश में 10 हजार 667 नए मामले सामने आए हैं। वहीं पिछले एक दिन में 380 लोगों की मौत हुई है. इसी के साथ देश में मरने वालों का आंकड़ा 9 हजार 900 पहुंच गया है. स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अबतक तीन लाख 43 हजार 91 मामले सामने आ चुके हैं. वहीं एक लाख 80 हजार 13 लोग ठीक भी हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में स्वस्थ होने की दर बढ़कर 51.08 प्रतिशत हो गई है यानी आधे से अधिक संक्रमण के मामलों में मरीज स्वस्थ हो गए हैं. बता दें कि कई अन्य राज्यों ने भी अपने यहां नमूनों के परीक्षण ढांचे और कोविड-19 मरीजों के लिए बिस्तरों की संख्या बढ़ाने की घोषणा की है।
छत्तीसगढ़ में सोमवार को 44 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। वहीं 116 मरीज डिस्चार्ज हुए है। सोमवार को धमतरी के 1 पॉजिटिव मरीज की रायपुर एम्स में इलाज के दौरान मौत हुई है। वह किडनी की बीमारी से पीड़ित होने के कारण डायलिसिस पर था। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी पुष्टि की है। बताया गया कि 44 नए कोरोना पॉजिटिव में कोरबा से 16, बिलासपुर और रायपुर से 7-7, मुंगेली से 4, बलौदाबाजार से 3, बलरामपुर, दुर्ग और कोंडागांव से 2-2, कोरिया से 1 मरीज मिला है। वहीं रायपुर की निजी लैब से एक प्रकरण की पहचान हुई है। प्रदेश में अब 875 एक्टिव केस है। वहीं पॉजिटिव केस का आंकड़ा 1715 पहुंच गया है।