०० कोरोना के बढ़ते संक्रमण पर स्वास्थ्य मंत्री ने जताई चिंता
रायपुर (शोर सन्देश)। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव दुर्ग समेत राज्य के अन्य जिलों में बढ़ रहे कोरोना के संक्रमण पर चिंता जताई है। पर उन्होंने स्पष्ट किया है कि लॉकडाउन संक्रमण को रोकने का समाधान नहीं है। दुर्ग के आंकड़ों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आंकड़ों से स्पष्ट है कि प्रत्येक दो में से एक व्यक्ति कोरेाना संक्रमित हो रहा है। यह स्थिति अंत्यंत गंभीर है। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों पर गंभीरतापूर्वक चर्चा के दौरान स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव ने दुर्ग में आ रहे नए मामलों पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने टेस्टिंग की संख्या व पॉजिटिव आ रहे मरीजों के आंकड़ों पर भी विशेष ध्यान दिया। इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव ने लॉकडाउन के विकल्प पर कहा कि राज्य और देश ने पहले भी स्थिति के अनुरूप इस विकल्प को चुना है और अब भी परिस्थिति को देखकर इसे चुना जा सकता है लेकिन लॉकडाउन संक्रमण को रोकने का समाधान नहीं है। इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव ने अन्य जिलों के बढ़ते मामलों पर गंभीरता व्यक्त की है। ०० प्रतिदिन 2 लाख व्यक्तियों के टीकाकरण का लक्ष्य
एक अप्रैल से प्रारंभ हो रहे 45 वर्ष से अधिक आयु सीमा के व्यक्तियों के कोरोना टीकाकरण पर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने भी प्रयास किया था कि हम 1 लाख व्यक्तियों टीकाकरण के लक्ष्य को प्राप्त करें, जिसमें 27 मार्च को 1 लाख 14 हज़ार 805 नागरिकों के टीकाकरण में हम सफल रहे हैं। इस लक्ष्य कि प्राप्ति से हमें सन्तोष हुआ है कि हम अपनी क्षमता को समझ रहे हैं और लक्ष्य पूरा करने में सफल भी हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब हमने प्रतिदिन 2 लाख व्यक्तियों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा है जिसमें हम आने वाले दिनों में कम से कम 2 लाख लोगों का वैक्सीनेशन हो सके यह व्यवस्था विभाग द्वारा बनाई जा रही है। ०० टीकाकरण पर विपक्ष खुलकर जानकारियां साझा करें : बाबा
कोरोना टीकाकरण के विषय में विपक्ष की भूमिका पर जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव ने कहा कि विपक्ष भी समाज का एक हिस्सा है, यदि सरकार की कोई कमियां हैं तो विपक्ष को अवश्य ही उन्हें सामने रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिखावा करने और सकारात्मक सहयोग व सहभागिता करने में अंतर होता है, सकारात्मक सहयोग के लिए हमेशा दरवाजे खुले हुए रहते हैं। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव ने कहा कि कोरोना टीकाकरण कोई सरकार अथवा पार्टी का विषय नहीं है बल्कि समाज का विषय है, जिसके हिस्से हम सभी हैं। उन्होंने आगे कहा कि पार्टी एक माध्यम है जिसके जरिए हमको काम करने का मंच मिलता है, सरकार जो कार्य करती है वह किसी पार्टी के लिए नहीं बल्कि समाज के लिए होता है। वैक्सीनेशन किसी दल की नहीं बल्कि समाज के लिए होती है इसलिए विपक्ष को खुलकर जानकारियां साझा करनी चाहिए और आपसी सहयोग से टीकाकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना चाहिये।
०० बढ़ते कोरोना संक्रमण टी एस सिंहदेव ने जताई चिंता
स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव ने राज्य में कोरोना संक्रमण के प्रसार पर कहा कि मार्च माह के पहले सप्ताह में राज्य की पॉजिटिविटी रेट 0.99 प्रतिशत पर था, जिसके उपरांत दूसरे सप्ताह में यह थोड़ा बढ़कर 1.6 प्रतिशत पर पहुंचा एवं तीसरे सप्ताह तक यह 1.8 प्रतिशत और चौथे सप्ताह में यह 6 प्रतिशत पर चला गया है। उन्होंने कहा कि 1 प्रतिशत से 6 प्रतिशत तक यह बढ़ते संक्रमण की दर बड़ी चिंता का विषय है।