वैक्सीन को लेकर टेड्रोस एडनोम ने की प्रधानमंत्री मोदी से बात
नई दिल्ली (शोर सन्देश)। देश में कोरोना का कहर जारी है। भारत में कोरोना वायरस से अब तक 86 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं और 1 लाख 28 हजार से ज्यादा की मौत हो चुकी है। कोरोना की वैक्सीन को लेकर भी देश में कई तरह के शोध चल रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि जल्द की हमें इस दिशा में कोई बड़ी खुशखबरी सुनने को मिलेगी। भारत में कोरोना की कई वैक्सीन परीक्षण के अलग-अलग दौर में हैं। कोरोना की वैक्सीन बनने के बाद इसे देश के हर नागरिक तक पहुंचाने के लिए भी सरकार की तरफ से तैयारी की गई है।
उधर, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) प्रमुख टेड्रोस एडनोम घेब्रयासस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को Covax के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और कोरोना वैक्सीन बन जाने पर दुनिया भर के लिए उसकी उपलब्धता की बात करने को लेकर धन्यवाद दिया।
उन्होंने हिंदी में ट्वीट कर लिखा, ‘धन्यवाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, COVAX के प्रति आपकी मजबूत प्रतिबद्धता और कोविड-19 वैक्सीन को वैश्विक स्तर पर उपलब्ध कराने पर ज़ोर देने के लिए। महामारी दुनिया के लिए एक बहुत बड़ी चुनौती है, और हम इसे समाप्त करने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे।
डब्लूएचओ प्रमुख ने एक अन्य ट्वीट में लिखा, ‘नमस्ते, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी, आपसे ट्रेडिशनल मेडिसिन के संदर्भ में ज्ञान, अनुसंधान और प्रशिक्षण के लिए सहयोग और मजबूत करने पर बातचीत हुई। डब्लूएचओ वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य में और यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज में भारत के नेतृत्व का स्वागत करता है!
प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से एक बयान जारी किया गया, जिसमें पीएम मोदी ने कोविड-19 महामारी में दुनिया भर के बीच समन्वय बनाने को लेकर डब्लूएचओ के अहम योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस दौरान दूसरी बीमारियों की लड़ाई को कमजोर नहीं पड़ने देना है और विकासशील देशों में स्वास्थ्य व्यवस्था में सहयोग के अहम का उल्लेख किया। रिलीज में बताया गया कि पीएम मोदी ने डब्लूएचओ प्रमुख को 13 नवंबर को आर्युवेद दिवस पर ‘Ayurveda for COVID-19’ की थीम के तहत किए जा रहे आयोजन की भी बात की।