कोरिया(शोर सन्देश)। राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिए हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं। तत्कालीन परिस्थितियों को देखते हुए आनलाईन माध्यम से बच्चों को शिक्षा दी जा रही है। शासन द्वारा संचालित ‘‘पढ़ई तुंहर दुआर‘‘ लाॅकडाउन और ग्रीष्मकालीन अवकाश में बच्चों की निरन्तर पढ़ाई और समय का सदुपयोग करते हुए घर में रहकर पढ़ाई का सशक्त माध्यम बन रहा है।स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा इजात किये गये आनलाईन शिक्षा के इस महत्वाकांक्षी योजना से जिले में कक्षा पहली से 12वीं तक की कक्षाएं वे-बैक्स के माध्यम से ली जा रही हैं। जिससे जिले के विद्यार्थी लाभान्वित हो रहे हैं। इसके लिए राज्य स्तर एवं जिला स्तर से समय सारणी बना कर विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा पढाई करायी जा रही है। साथ ही जिले के सभी विकासखंड में स्कूलों के छात्र-छात्राओं को वाट्सअप ग्रुप के जरिये भी वर्चुअल क्लास ली जा रही है। इस कार्य का सतत मानीटरिंग भी किया जा रहा है। जिसके फलस्वरूप जिले से राज्य शासन एजुकेशन पोर्टल में 56115 बच्चों का पंजीयन कर लिया गया है जो प्राप्त लक्ष्य का 86.40 प्रतिशत है। इसी तरह एजुकेशन पोर्टल में 4478 शिक्षकों एवं 1485 वर्चुअल कक्षाओं का पंजीयन कर लिया गया है।