रायपुर/मुंबई (शोर सन्देश)। आईपीएल 2020 की तैयारी जोरों पर चल रही है। हालांकि इस बीच चीनी मोबाइल कंपनी वीवो के आईपीएल के टाइटल स्पॉन्सरशिप से पीछे हटने के बाद बीसीसीआई के लिए कुछ मुश्किलें आई हैं, लेकिन इस रेस में कई कंपनियां अब शामिल हो चुकी हैं। ऐसे में उम्मीद है कि बीसीसीआई को आईपीएल 13 के लिए जल्द ही नया स्पॉन्सर मिल जाएगा। एक तरफ मोबाइल कंपनी वीवो की तो आईपीएल से छुट्टी हो ही चुकी है, वहीं साथ ही दूसरी मोबाइल कंपनी ओप्पो के विज्ञापन भी आईपीएल के मैचों के दौरान नहीं दिखाई देंगे। वीवो ओप्पो के अलावा कई चीनी कंपनियों के विज्ञापन टीवी डिजिटल प्लेटफार्म पर नहीं दिखाई देंगे. यह सब कुछ भारत चीन के बीच चल रहे विवाद के बाद होता हुआ दिखाई दे रहा है। खास बात यह भी है कि पिछले साल यानी आईपीएल 2019 में वीवो ओप्पो ने आईपीएल में सबसे ज्यादा विज्ञापन दिया था ये दोनों कंपनियां सबसे ज्यादा विज्ञापन देने वालों की टॉप 10 की लिस्ट में शामिल थीं। इस बीच खबर यह भी है कि भारत में होने वाले प्रो कबड्डी लीग से भी वीवो ने अपने आप को दूर कर लिया है, यानी अब जो प्रो कबड्डी लीग होगी, उसे वीवो के नाम से नहीं जाना जाएगा। बताया जाता है कि वीवो आईपीएल के साथ साथ प्रो कबड्डी लीग का भी टाइटल स्पॉन्सर था, इसके लिए वीवो ने 2017 से 2021 तक के लिए 300 करोड़ रुपये में कॉन्ट्रेक्ट किया था, जो अब टूटता हुआ दिखाई दे रहा है। अगर एक साल की बात करें तो प्रो कबड्डी लीग के लिए वीवो करीब 60 करोड़ रुपये देता था। वीवो का आईपीएल के साथ साल 2023 तक का करार था, हालांकि संभावना जताई जा रही है आईपीएल से केवल एक साल के लिए ही करार टूटा है, हो सकता है कि अगले साल यानी आईपीएल 2023 में वीवो की टाइटर स्पॉन्सर के तौर पर फिर से वापसी हो जाए। क्या ऐसा ही प्रो कबड्डी के साथ भी होगा, इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। संभावना जताई जा रही है कि अगले साल तक भारत चीन के बीच कैसे रिश्ते रहते हैं, इस पर आगे की बात निर्भर करेगी। आपको बता दें कि वीवो ने पांच साल के 2190 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रेक्ट किया था। इसके लिए वीवो करीब 440 करोड़ रुपये सालाना देता है, लेकिन अब यह करार इस साल के लिए टूट गया है। इस बीच बीसीसीआई ने इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल 2020 के लिए टाइटल स्पॉन्सरशिप के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस बार आईपीएल का आयोजन 19 सितंबर से 10 नबंवर तक यूएई में होगा। आईपीएल की ओर से जारी एक बयान में बताया गया है कि बोलियां जमा करने की आखिरी तारीख 14 अगस्त है। बीसीसीआई ये अधिकार 18 अगस्त 2020 से 31 दिसंबर 2020 तक के लिए होंगे।