ब्रेकिंग न्यूज

मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश

04-Jun-2020

 अम्बिकापुर (शोर सन्देश) पुलिस महानिरीक्षक रतनलाल डांगी, कलेक्टर संजीव कुमार झा और पुलिस अधीक्षक अशुतोश कुमार सिंह ने गुरूवार को मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय अम्बिकापुर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज के सभी विभाग प्रमुखों से बात कर स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए।
जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम सिटी स्कैन मशीन का अवलोकन कर मशीन की कार्यप्रणाली के बारे में डॉक्टर से जानकारी प्राप्त की। भ्रमण के दौरान उन्होंने वार्ड में स्वास्थ्य सुविधा और साफ सफाई की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। कोविड-19 वार्ड की तरफ भ्रमण करते हुए बाहर में बने सामुदायिक शौचालय के बंद पाए जाने पर नगर निगम के आयुक्त हरेश मंडावी को तत्काल शौचालय को प्रारम्भ करने के निर्देश दिए किचन शेड का भ्रमण करते हुए वहां की साफ-सफाई और भोजन मीनू का अवलोकन किया गया। साफ-सफाई और भोजन व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर किचन का प्रभार कश्यप से आरके त्रिपाठी को देने के निर्देश दिए। ज्ञात हो कि वर्तमान में जिला अस्पताल में 315 भर्ती मरीजों के लिए खाने की व्यवस्था इसी किचन के माध्यम से की जा रही है। कोरोना के मरीजों और कोरोना कार्य में लगे हुए कर्मचारियों के लिए भी खाना यहीं से भेजा जाता है।
एमसीएच भवन का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर झा ने प्रथम तल और द्वितीय तल में भर्ती मरीजों से हाल-चाल पूछा। उन्होंने एमसीएच भवन के इंचार्ज से शिशुवती और गर्भवती महिलाओं की समस्याओं के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही मई माह में होने वाले शिशु मृत्युदर की जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने एमसीएच भवन में पानी की समस्या के निराकरण के लिए नगर निगम आयुक्त हरीश मंडावी को निर्देशित किया कि यहां पानी की व्यवस्था तत्काल उपलब्ध कराया जाए और जनरेटर की समस्या दूर करने के लिए चेंजर की व्यवस्था आज ही किया जाए। उन्होंने हॉस्पिटल आने वाले गर्भवती, शिशुवती या अन्य सभी प्रकार के मरीजों को किसी भी प्रकार की समस्या ना हो इसके लिए संवेदनशील कर्मचारियों की ड्यूटी हॉस्पिटल के मुख्य द्वार में लगाने के निर्देश दिए।



leave a comment

Advertisement 04

kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account