ब्रेकिंग न्यूज

भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी को नई गति, पीएम मोदी और जर्मन चांसलर मर्ज की प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता

12-Jan-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने सोमवार को गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर कन्वेंशन सेंटर में प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत की। इस बैठक में भारत-जर्मनी सहयोग को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
यह बैठक भारत और जर्मनी के बीच 25 वर्ष पुरानी रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित की गई। दोनों नेताओं ने साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने को लेकर अपने-अपने विचार साझा किए।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर मर्ज के बीच व्यापार और निवेश, तकनीक, शिक्षा, स्किल और मोबिलिटी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
इसके अलावा रक्षा और सुरक्षा, विज्ञान, अनुसंधान, हरित और सतत विकास तथा लोगों के बीच संपर्क (पीपल-टू-पीपल टाईज) जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में साझेदारी को और सशक्त बनाने पर भी सहमति बनी।
इससे पहले दिन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मन चांसलर मर्ज अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित ‘अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव’ में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर दोनों नेताओं का पारंपरिक गुजराती स्कार्फ पहनाकर और उत्सवी माहौल में स्वागत किया गया।
दोनों नेताओं ने पतंग उड़ाकर उत्तरायण का आनंद लिया। इस दौरान नरेंद्र मोदी को ‘भारत – वसुधैव कुटुम्बकम’ संदेश वाली विशेष रूप से डिजाइन की गई पतंग उड़ाते देखा गया। कई पतंगों पर तिरंगा, हिंदू देवी-देवताओं और दोनों नेताओं की आकृतियां भी बनी हुई थीं।
पतंग महोत्सव के दौरान साबरमती नदी के किनारे बड़ी संख्या में लोग जमा हुए। लोग भारतीय और जर्मन राष्ट्रीय ध्वज लहराते नजर आए, जो दोनों देशों के मजबूत रिश्तों और बढ़ती साझेदारी का प्रतीक बना।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर जर्मन चांसलर मर्ज को उत्तरायण पर्व के सांस्कृतिक महत्व, सजावट और पारंपरिक रीति-रिवाजों की जानकारी भी दी। उत्सव में शामिल कई अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों से दोनों नेताओं ने बातचीत की।
इसके बाद नरेंद्र मोदी और चांसलर मर्ज साबरमती आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। दोनों नेताओं ने गांधी के जीवन और विरासत पर आधारित प्रदर्शनी देखी, वहीं जर्मन चांसलर ने विजिटर्स बुक में अपने विचार भी दर्ज किए।
प्रधानमंत्री मोदी और जर्मन चांसलर मर्ज की यह मुलाकात भारत-जर्मनी संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने, रणनीतिक सहयोग को नई दिशा देने और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के प्रयास के रूप में देखी जा रही है।











 


leave a comment

Advertisement 04

kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account