रायपुर (शोर सन्देश)। राजधानी रायपुर में स्थित मेकाहारा अस्पताल में जूनियर डाक्टरों से मारपीट के इस मामले में स्वास्थ्य मंत्री ने जांच के आदेश दिए है। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने ट्वीट कर जांच के आदेश की जानकारी है। मंत्री सिंहदेव ने कहा कि घटना के वीडियो चौंकाने वाले और अस्वीकार्य है, उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य वर्कर के साथ हिंसा असहनीय है। इस घटना का वजह से मेकाहारा के जूनियर डॉक्टर मंगलवार से हड़ताल पर हैं। जूनियर डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज डीन को इस संबंध में जानकारी दी है। बता दें कि सोमवार को जेल प्रहरी से डॉक्टरों का विवाद हुआ था। जूडा ने मेडिकल कॉलेज डीन को इस संबंध में पत्र लिखा है। जूडा ने 24 घंटे के भीतर मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। वहीं अब स्वास्थ्य मंत्री ने जांच के आदेश दिए हैं। बता दें मेकाहारा के रेडियोलॉजी विभाग में 22.02.2021 को विभागाध्यक्ष रेडियोलॉजी डॉ. प्रो. एस. बी. एस. नेताम के समक्ष पुलिस कांस्टेबल शत्रुहन उरांव द्वारा किये गये दुव्र्यवहार एवं जूनियर डॉक्टर डॉ. अमन एवं डॉ. मनोज के साथ पुलिस कांस्टेबल शत्रुहन उरांव के द्वारा की गई मार पीट की घटना को गंभीरता से लेते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रबंधन द्वारा उक्त पुलिस कांस्टेबल के ऊपर एफ. आई. आर. दर्ज करवाया गया है। उक्त पुलिस कांस्टेबल द्वारा रेडियोलॉजी विभाग में ड्यूटी कर रहे डॉ. उज्जवल एवं डॉ. किशोर के साथ धक्का-मुक्की भी की गई। इस दौरान अम्बेडकर अस्पताल में स्थित पुलिस सहायता केन्द्र के पुलिस आरक्षकों द्वारा उक्त घटनाक्रम के दौरान पीजी डॉक्टरों को कोई त्वरित सुरक्षा नहीं दे सकने की स्थिति को देखते हुए अम्बेडकर अस्पताल में पदस्थ दोनों आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। इन आरक्षकों की जगह दो नये आरक्षकों की तैनाती अस्पताल में की गई है। इस घटनाक्रम के बाद मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. विष्णु दत्त, अम्बेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विनित जैन, विभागाध्यक्ष रेडियोलॉजी विभाग डॉ. एस. बी. एस. नेताम एवं रायपुर पुलिस के एडिशनल एसपी सिटी लखन पटले एवं कोतवाली सीएसपी अंजनेय वाष्णेय के बीच हुई बैठक में सुरक्षा की दृष्टि से अस्पताल में चौबीस घंटे चार अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किये गये हैं। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो इस संबंध में पुलिस और मेकाहारा प्रबंधन द्वारा आपस में चर्चा कर डॉक्टरों को सुरक्षा देने के सम्बन्ध में कार्ययोजना बनाई गई है जिसके अंतर्गत पुलिस से सशस्त्र सुरक्षाकर्मी की मांग, मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर एवं ओपीडी तथा वार्डों में समय-समय पर पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था करने के सम्बन्ध में रायपुर एसपी को पत्र लिखा गया है। घटना के बाद डीन डॉ. दत्त ने जूनियर डॉक्टरों को आश्वासन दिया है कि उनकी ड्यूटी के दौरान सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था के प्रयास मेकाहारा प्रबंधन एवं पुलिस के सहयोग से की जाएगी जिससे चौबीस घंटे मरीजों के इलाज के दौरान डॉक्टरों के साथ इस प्रकार की अप्रिय घटना न हो।