00 देश के सभी एम्स की अपेक्षा रायपुर एम्स में सर्वधिक मरीज
रायपुर (शोर सन्देश)। कोरोना संक्रमण के बाद अब प्रदेश में ब्लैक फंगस (म्यूकोरमाइकोसिस) के प्रकोप फैला है। प्रदेश में अब तक 100 से ज्यादा मामले दर्ज किए गए है,और 1 मरीज़ की मौत हो चुकी है। इनमे से अधिकांश मरीजों का इलाज एम्स में चल रहा है। वर्तमान में यहां 83 मरीजों का इलाज चल रहा है। देश भर के एम्स की बात करें तो रायपुर एम्स में म्यूकोरमाइकोसिस से सर्वाधिक मरीज भर्ती है। वहीं इलाज के मामले में भी रायपुर एम्स पहले स्थान पर है। यहां अब तक 24 मरीजों का सफल ऑपरेशन हो चुका है। रायपुर एम्स में बढ़ते मरीज़ों की अपेक्षा दवा और इंजेक्शन की कमी है। केंद्र से सप्लाई करने का आश्वासन दिया गया है। मामले की नोडल अधिकारी डॉक्टर अजय बेहरा ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ब्लैक फंगस मरीज़ों के इलाज और दवा आपूर्ति को लेकर केंद्रीय समीक्षा बैठक हुई, जिसमें देश के सभी एम्स और अन्य नेशनल स्तर के मेडिकल कॉलेज डायरेक्टर शामिल हुए। डॉक्टर अजय बेहरा ने बताया कि मरीज़ों के इलाज को लेकर प्रबंधन से चर्चा हुई। इसी दौरान रायपुर एम्स की ओर से दवा और इंजेक्शन सप्लाई की मांग की गई है। जितने तेज़ी से मरीज़ बढ़ रहे हैं, उतनी दवा की उपलब्धता नहीं है। बैठक में आश्वासन दिया गया है कि इस दवा की सप्लाई की जाएगी। डॉक्टर बेहरा ने मरीज़ों की स्थिति को लेकर कहा कि वर्तमान में 24 मरीज़ों के आंख, कान, नाक, गला और मस्तिष्क का ऑपरेशन किया जा चुका है। सभी मरीज़ों को नियमित डोज दी जा रही है। जो दवाएं दी जाती है, इसके साइड इफेक्ट भी ज़्यादा हैं। इसलिए नियमित निगरानी में मरीज़ों को रखा गया है।